बिजनौर में पटाखा निर्माण स्थलों पर अग्निशमन जांच:दीपावली को लेकर चलाया अभियान, सुरक्षा मानकों संग त्वरित कार्रवाई निर्देश
बिजनौर में दीपावली के मद्देनजर अग्निकांड की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग ने 21 अक्टूबर को जनपद में पटाखा भंडारण और निर्माण स्थलों पर जांच अभियान चलाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में 4 स्थानों की जांच की गई और 38 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान जलालाबाद स्थित पाल फायर वर्क्स सहित मुकीमपुर धर्मसी और गजरौला शिव के आतिशबाजी निर्माण एवं बिक्री स्थलों का निरीक्षण किया गया। संचालकों और कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरण कार्यशील रखने तथा नियमित रखरखाव कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों की जानकारी दी गई। विभाग ने त्योहार के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

