नंदवारा दोहरे हत्याकांड में 25 दिन बाद दो गिरफ्तार:बांदा में दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में नामजद आरोपित पकड़े गए
बांदा में दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में दो और नामजद आरोपियों महेंद्र पाल उर्फ राजू और ओमकार उर्फ शेरा को गिरफ्तार किया गया। चार और छह साल के सगे भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना के 25 दिन बाद रविवार को दोनों को दबोचा। दोनों बच्चों के शव 30 सितंबर को घर के पास पानी से भरे गड्ढे में मिले थे। दोनों की तलाश में पुलिस की टीमें लखनऊ से मध्य प्रदेश तक दबिश दे रही थीं। रिश्तेदारों और दोस्तों के करीब आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया। मामला नरैनी थाना क्षेत्र का है। नंदवारा गांव में 30 सितंबर को दो सगे भाइयों के लापता होने की सूचना मिली थी। तलाश के दौरान दोनों बच्चों के शव घर के पास पानी से भरे गड्ढे से बरामद हुए थे। मामले में बच्चों के पिता भइयाराम की तहरीर पर एक अक्टूबर को नरैनी थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन अक्टूबर को पांच आरोपियों भवानीदीन, अखिलेश, श्यामलली, लम्बरी उर्फ रामप्रसाद और सुरेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, महेंद्र पाल उर्फ राजू और ओमकार उर्फ शेरा की भूमिका को लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे थे। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट हासिल किए थे। महेंद्र पाल और शेरा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। दोनों की तलाश में लखनऊ से मध्य प्रदेश तक रिश्तेदारों और दोस्तों के करीब आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। इसके बावजूद दोनों पुलिस की पकड़ से बाहर थे। रविवार को नरैनी पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है।

