अतीक के शूटर का रिश्तेदार चला रहा ड्रग्स सिंडिकेट:प्रयागराज में 1 करोड़ की स्मैक के साथ गिरफ्तार, डॉन के करीबी की हत्या में गया था जेल
प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के कुख्यात शूटर अख्तर कटरा का रिश्तेदार इंटर डिस्ट्रिक्ट स्मैक सिंडिकेट का संचालन कर रहा था। उसका नेटवर्क प्रयागराज से लखनऊ होते हुए गाजियाबाद तक फैला था। पुलिस ने स्मैक की बड़ी खेप लेकर जा रहे शूटर के रिश्तेदार सनाउल्लाह उर्फ रानू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 515 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.03 करोड़ रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो हिस्ट्रीशीटर हैं। इनमें रानू पहले छोटा राजन गैंग के शूटर नीरज वाल्मीकि की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। सिक्सलेन पुल निर्माण कंपनी के ऑफिस के पास पकड़े गए डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि एडीसीपी पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सिक्सलेन पुल निर्माण कर रही कंपनी सिंगला कंस्ट्रक्शन के मलाक हरहर स्थित कार्यालय के पास स्मैक की बड़ी खेप लेकर आने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने मंगलवार भोर में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सनाउल्लाह उर्फ रानू निवासी पुराना कटरा, मो. कैफ निवासी हरवारा, धूमनगंज और मनोज बारी निवासी पुराना कटरा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, रानू अतीक के शूटर अख्तर कटरा का रिश्तेदार है। तीनों के पास से कुल 515 ग्राम स्मैक मिली। पूछताछ में पता चला कि इसकी खेप गाजियाबाद में किसी पार्टी को सप्लाई की जानी थी। छोटा राजन के शूटर को बम-गोलियाें से किया था छलनी पुलिस के मुताबिक, सनाउल्लाह उर्फ रानू का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। वह 2018 में कैंट क्षेत्र में हुए नीरज वाल्मीकि हत्याकांड में जेल जा चुका है। नीरज वाल्मीकि छोटा राजन गैंग का शूटर था। दुर्गा पूजा पंडाल के भीतर बम और गोलियों से उसकी हत्या कर दी गई थी। रानू पर कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ दो बार गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, मनोज बारी पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। ताड़बाग से लाते थे स्मैक की खेप पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक की खेप धूमनगंज के ताड़बाग इलाके से लाते थे। इसके लिए उन्होंने लकी नाम के एक व्यक्ति का नाम लिया है। लकी को कैंट पुलिस ने एक दिन पहले ही 10 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। डीसीपी गंगानगर ने बताया कि दो दिन पहले ताड़बाग इलाके में पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने खुद कार्रवाई की थी। अब इस सिंडिकेट के खुलासे के बाद पुलिस स्मैक की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। हिस्ट्रीशीटर चला रहे थे करोड़ों का ड्रग्स नेटवर्क, निगरानी पर सवाल इस मामले ने पुलिस के निगरानी तंत्र पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। रानू और मनोज बारी दोनों कर्नलगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों हत्या, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। रानू पर 15 और मनोज पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। रानू के खिलाफ दो बार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है। ऐसे में सवाल उठता है कि गंभीर आपराधिक इतिहास वाले ये आरोपी जिले में स्मैक का नेटवर्क कैसे संचालित कर रहे थे? प्रयागराज से गाजियाबाद तक सप्लाई का नेटवर्क खड़ा होने के बावजूद पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? अब पुलिस की जांच इस बात पर भी टिकी है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और स्मैक की सप्लाई के पीछे इसका असली नेटवर्क कितना बड़ा है।

