Breaking News
प्रयागराज में 18 नवंबर से 28वां राष्ट्रीय एक्यूप्रेशर सम्मेलन:1,000 से अधिक देश-विदेश के प्रतिनिधि जुटेंगे, 40 से ज्यादा शोध पत्र होंगे पेश

प्रयागराज के एक्यूप्रेशर शोध प्रशिक्षण उपचार संस्थान में 28वें राष्ट्रीय और चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन की शुरूआत 18 नवंबर को किया जाएगा। इस छह दिवसीय सम्मेलन का औपचारिक बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा किया जाएगा। संस्थान के निदेशक ए. के. द्विवेदी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन में देश और विदेश से लगभग 1,000 विशेषज्ञ (डेलीगेट्स) हिस्सा ले रहे हैं। यह सम्मेलन न केवल पूरे भारत में, बल्कि ऑनलाइन माध्यम से विश्व के कई देशों में भी प्रसारित किया जाएगा, जिससे विदेशी प्रतिभागी भी इसमें जुड़ सकेंगे। 40 से अधिक शोध पत्र होंगे प्रस्तुत सम्मेलन के दौरान ऑनलाइन और ऑफलाइन (फिजिकल) दोनों माध्यमों से करीब 40 शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान से जुड़े कई वरिष्ठ डॉक्टर भी इसमें अपना शोध साझा करेंगे, जिनमें प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. बी.एम. कोहली प्रमुख हैं, जो ऑनलाइन माध्यम से अपना शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। 22 नवंबर को होगी भव्य सांस्कृतिक संध्या
सम्मेलन के अंतर्गत 22 नवंबर को एक विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, शहर के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस शाम प्रसिद्ध भजन गायक सूर्या दुबे अपनी प्रस्तुति देंगे। निदेशक ए. के. द्विवेदी ने बताया कि संस्थान की स्थापना मार्च 1995 में ‘एक्यूप्रेशर शोध प्रशिक्षण उपचार संस्थान ट्रस्ट’ के रूप में हुई थी। वर्तमान में देश के हर राज्य में संस्थान की पहुंच है और पूरे भारत में इससे संबद्ध 400 से अधिक उपचार केंद्र सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।

अतीक के शूटर का रिश्तेदार चला रहा ड्रग्स सिंडिकेट:प्रयागराज में 1 करोड़ की स्मैक के साथ गिरफ्तार, डॉन के करीबी की हत्या में गया था जेल

प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के कुख्यात शूटर अख्तर कटरा का रिश्तेदार इंटर डिस्ट्रिक्ट स्मैक सिंडिकेट का संचालन कर रहा था। उसका नेटवर्क प्रयागराज से लखनऊ होते हुए गाजियाबाद तक फैला था। पुलिस ने स्मैक की बड़ी खेप लेकर जा रहे शूटर के रिश्तेदार सनाउल्लाह उर्फ रानू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 515 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.03 करोड़ रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो हिस्ट्रीशीटर हैं। इनमें रानू पहले छोटा राजन गैंग के शूटर नीरज वाल्मीकि की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। सिक्सलेन पुल निर्माण कंपनी के ऑफिस के पास पकड़े गए डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि एडीसीपी पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सिक्सलेन पुल निर्माण कर रही कंपनी सिंगला कंस्ट्रक्शन के मलाक हरहर स्थित कार्यालय के पास स्मैक की बड़ी खेप लेकर आने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने मंगलवार भोर में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सनाउल्लाह उर्फ रानू निवासी पुराना कटरा, मो. कैफ निवासी हरवारा, धूमनगंज और मनोज बारी निवासी पुराना कटरा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, रानू अतीक के शूटर अख्तर कटरा का रिश्तेदार है। तीनों के पास से कुल 515 ग्राम स्मैक मिली। पूछताछ में पता चला कि इसकी खेप गाजियाबाद में किसी पार्टी को सप्लाई की जानी थी। छोटा राजन के शूटर को बम-गोलियाें से किया था छलनी पुलिस के मुताबिक, सनाउल्लाह उर्फ रानू का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। वह 2018 में कैंट क्षेत्र में हुए नीरज वाल्मीकि हत्याकांड में जेल जा चुका है। नीरज वाल्मीकि छोटा राजन गैंग का शूटर था। दुर्गा पूजा पंडाल के भीतर बम और गोलियों से उसकी हत्या कर दी गई थी। रानू पर कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ दो बार गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, मनोज बारी पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। ताड़बाग से लाते थे स्मैक की खेप पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक की खेप धूमनगंज के ताड़बाग इलाके से लाते थे। इसके लिए उन्होंने लकी नाम के एक व्यक्ति का नाम लिया है। लकी को कैंट पुलिस ने एक दिन पहले ही 10 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। डीसीपी गंगानगर ने बताया कि दो दिन पहले ताड़बाग इलाके में पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने खुद कार्रवाई की थी। अब इस सिंडिकेट के खुलासे के बाद पुलिस स्मैक की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। हिस्ट्रीशीटर चला रहे थे करोड़ों का ड्रग्स नेटवर्क, निगरानी पर सवाल इस मामले ने पुलिस के निगरानी तंत्र पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। रानू और मनोज बारी दोनों कर्नलगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों हत्या, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। रानू पर 15 और मनोज पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। रानू के खिलाफ दो बार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है। ऐसे में सवाल उठता है कि गंभीर आपराधिक इतिहास वाले ये आरोपी जिले में स्मैक का नेटवर्क कैसे संचालित कर रहे थे? प्रयागराज से गाजियाबाद तक सप्लाई का नेटवर्क खड़ा होने के बावजूद पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? अब पुलिस की जांच इस बात पर भी टिकी है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और स्मैक की सप्लाई के पीछे इसका असली नेटवर्क कितना बड़ा है।

यशोदा नगर में श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ:आचार्य दिव्य प्रकाश त्रिपाठी महाराज करेंगे 23 नवंबर तक कथा का वाचन

कानपुर के यशोदा नगर में 434 सी, के ब्लॉक स्थित सनबर्ड स्कूल के पास सार्वजनिक श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के बाद किया गया। कथा का वाचन आचार्य दिव्य प्रकाश त्रिपाठी महाराज कर रहे हैं। आयोजन में परीक्षित शिव कुमार बाजपेई एवं रेनू बाजपेई शामिल हैं। कथा के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर भक्तों ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। आयोजकों के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा 23 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति और धर्म के महत्व से अवगत कराया जाएगा। कथा के समापन के बाद 24 नवंबर को हवन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से कथा में पहुंचकर धर्मलाभ लेने और हवन-भंडारे में शामिल होने की अपील की है।

मुजफ्फरनगर में हाईकोर्ट के आदेश पर पहुंची प्रशासनिक टीम:ग्रामीणों ने नहीं खत्म किया धरना, रुद्रा वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का विरोध जारी

मुजफ्फरनगर के भोपा रोड स्थित चांदपुर गांव के पास रुद्रा वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को लेकर विवाद मंगलवार को फिर गरमा गया। प्लांट के विरोध में करीब सवा साल से धरने पर बैठे ग्रामीणों और कंपनी प्रबंधन के बीच गतिरोध बरकरार है। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में मंगलवार दोपहर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कई घंटे तक ग्रामीणों से बातचीत कर धरना समाप्त कराने और न्यायालय के आदेश का पालन कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। शाम करीब 5 बजे प्रशासनिक टीम बिना धरना खत्म कराए लौट गई। फिलहाल प्लांट के गेट पर ग्रामीणों का धरना जारी है। कंपनी बोली- सभी अनुमतियां और एनओसी वैध रुद्रा वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के प्रबंध निदेशक वरिंदर दीप सिंह टोरना ने प्लांट को पूरी तरह वैध बताते हुए कहा कि इसे बायोमेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए स्थापित किया गया है। उनका कहना है कि प्लांट का उद्देश्य प्रदूषण फैलाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के नियमों के तहत काम करना है। उन्होंने दावा किया कि प्लांट से संबंधित सभी दस्तावेज और अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के अनुरूप वैध हैं। 2021 में जनसुनवाई कराने का कंपनी का दावा कंपनी प्रबंधन के मुताबिक, 26 जुलाई 2021 को तत्कालीन एडीएम, एसडीएम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी की मौजूदगी में सार्वजनिक जनसुनवाई कराई गई थी। इसका समाचार पत्रों में प्रकाशन भी कराया गया था। कंपनी का दावा है कि उस दौरान किसी ग्रामीण ने आपत्ति दर्ज नहीं कराई थी। इसके बाद प्लांट के लिए जरूरी अनुमतियां प्राप्त की गईं। प्रबंधन का कहना है कि प्लांट की स्थापना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं और अब यह पूरी तरह तैयार है। हालांकि, ग्रामीणों ने इसके गेट पर ताला लगाकर ट्रॉली खड़ी कर दी है और धरना दे रखा है। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, इसी मामले में हाईकोर्ट ने प्रशासन को कब्जा और बाधा हटाने के आदेश दिए हैं। एसडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ पहुंचे आदेश के अनुपालन के लिए मंगलवार को सदर एसडीएम शुभम श्रीवास्तव, तहसीलदार दीप्ति पाल, कानूनगो और नई मंडी सीओ राजू कुमार साव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी गीतेश चंद्रा सहित अन्य अधिकारी भी टीम में शामिल रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें न्यायालय के आदेश का पालन करने और धरना समाप्त करने के लिए समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण बोले- स्वास्थ्य से जुड़ी आशंकाओं को नजरअंदाज नहीं कर सकते दूसरी ओर, धरने पर बैठे सुनील प्रधान और ग्रामीण प्लांट का विरोध जारी रखे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे 5 जून 2025 से प्लांट के खिलाफ धरना दे रहे हैं। उनका आरोप है कि बायोमेडिकल कचरे के निस्तारण से गांव और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पहले से संचालित औद्योगिक इकाइयों और प्रदूषण का हवाला देते हुए वर्ष 2016 में गांव में फैली बीमारी का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि प्लांट शुरू होने से क्षेत्र के लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ सकता है। हाईकोर्ट के आदेश के संबंध में सुनील प्रधान ने कहा कि ग्रामीण न्यायालय का सम्मान करते हैं, लेकिन जनहित और लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण किसी भी कीमत पर धरना समाप्त कर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने कई घंटे तक ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध समाप्त नहीं हुआ। आखिरकार टीम को बिना धरना खत्म कराए वापस लौटना पड़ा। कंपनी प्रबंधन प्लांट को सभी जरूरी अनुमतियों के साथ वैध बता रहा है, जबकि ग्रामीण स्वास्थ्य संबंधी आशंकाओं के चलते इसका विरोध कर रहे हैं। फिलहाल हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद धरना जारी है और विवाद का समाधान नहीं हो सका है।

आगरा में डॉ. अजीत सिंह चैंपियनशिप:एसबीएस ने चहार एकेडमी को 29 और सूरज भान ने आरडी उपाध्याय को 12 रन से हराया

आगरा के डॉ. अजीत सिंह क्रिकेट ग्राउंड पर चल रही डॉ. अजीत सिंह चैंपियनशिप में मंगलवार को खेले गए दोनों मुकाबलों में एसबीएस और सूरज भान की टीमों ने जीत दर्ज की। पहले मैच में एसबीएस ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 278 रन बनाए। आलोक रतन ने 55 गेंदों पर 129 और दुर्गा प्रसाद ने 37 गेंदों पर 83 रन बनाए। जवाब में चहार एकेडमी की टीम आठ विकेट पर 249 रन ही बना सकी। आनंद दीक्षित ने 71 और तरिक्स ने 63 रन बनाए। एसबीएस ने 29 रन से मैच जीता। आलोक रतन मैन ऑफ द मैच रहे। दूसरे मुकाबले में सूरज भान ने छह विकेट पर 177 रन बनाए। साहिल ने 76 और जतिन ने 46 रन बनाए। जवाब में आरडी उपाध्याय की टीम 165 रन ही बना सकी। अभय राणा ने चार विकेट लिए। सूरज भान ने 12 रन से जीत दर्ज की। जतिन मैन ऑफ द मैच चुने गए। इस दौरान डॉ. वीपी सिंह, डॉ. अजीत सिंह और डॉ. राजीव पचौरी मौजूद रहे। जीडी गोयनका के प्रिंसिपल पुनीत विशिष्ट ने दूसरे मैच का उद्घाटन किया।