Breaking News
सोनभद्र में कंपनी स्थापना के खिलाफ प्रदर्शन:पपड़ाहवा-पल्हारी और चेरुई के आदिवासियों ने किया विरोध

सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजना के विरोध में पपड़ाहवा और पल्हारी गांवों में आदिवासियों ने प्रदर्शन किया।किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने कंपनी स्थापना का विरोध किया।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह परियोजना क्षेत्र के पर्यावरण,जल,जंगल और जमीन के लिए खतरा है। प्रदर्शन के दौरान बीडीसी बिंदु अगरिया ने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर कंपनी नहीं लगनी चाहिए। उन्होंने बताया कि जहां देश के कई हिस्सों में लोग स्वच्छ हवा और प्राकृतिक वातावरण के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं सोनभद्र का यह इलाका बेहतर पर्यावरण के कारण स्वस्थ जीवन जी रहा है। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौरान भी इस क्षेत्र में कोई मरीज नहीं पाया गया था। अगरिया ने चेतावनी दी कि उद्योग लगने से पर्यावरण को नुकसान होगा और इसका दुष्प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनियों द्वारा रोजगार देने के दावे केवल कागजों तक सीमित रहते हैं। उनका कहना था कि सोनभद्र में पहले से ही कई बड़े प्लांट और उद्योग स्थापित हैं, लेकिन स्थानीय युवाओं को उनसे अपेक्षित रोजगार नहीं मिला है। ऐसे में, नई कंपनी लगने से भी स्थानीय लोगों को कोई वास्तविक लाभ मिलने की संभावना नहीं है। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने इस परियोजना को आदिवासियों के अधिकारों और संसाधनों को छीनने का प्रयास बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों को बढ़ावा दे रही है, जबकि मूल निवासियों के हितों की अनदेखी की जा रही है। संदीप मिश्रा ने कहा कि सोनभद्र में पहले से संचालित कई उद्योग स्थानीय लोगों को रोजगार देने में विफल रहे हैं, इसलिए आदिवासी समाज नई परियोजनाओं को लेकर आशंकित है। संदीप मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि आदिवासियों की सहमति के बिना कंपनी स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा और क्षेत्रीय ग्रामीण व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने दोहराया कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा और आदिवासियों के अधिकारों का किसी भी कीमत पर हनन नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान प्रमिला, बरमतिया चेरो,पुष्पा खरवार,पिंकी अगरिया,रजावती गोड,विन्दू अगरिया,सुदामा चेरो,दिनेश गोड, रामबहाल खरवार,गुलाब गोड व सत्रुधन बिन्द विजय विन्द सजय बियार व सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *