Breaking News
लखीमपुर में घड़ियाल युवक को नदी में खींच ले गया:नाव पर बैठा था 24 साल का नीरज, तलाश में जुटे गोताखोर

लखीमपुर में पढ़ुआ थाना क्षेत्र के मझरा गांव में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घाघरा नदी के किनारे हादसा हो गया। नाव पर बैठे 24 वर्षीय नीरज भार्गव को घड़ियाल कथित तौर पर गहरे पानी में खींच ले गया। नीरज की चीख सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घड़ियाल को नीरज को पानी में खींचते देखा। इसके बाद युवक नदी में लापता हो गया। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है। नाव पर बैठे थे नीरज मझरा गांव निवासी नीरज भार्गव (24) पुत्र तेजी बुधवार दोपहर खाना खाने के बाद घर के पास घाघरा नदी किनारे पहुंचे थे। वहां एक नाव बंधी थी। नीरज उसी पर बैठ गए थे। इसी दौरान अचानक पानी से एक घड़ियाल बाहर आया। उसने नीरज पर हमला कर दिया। इसके बाद उसे खींचकर गहरे पानी में ले गया। नीरज की चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़कर नदी किनारे पहुंचे। तब तक नीरज पानी में गायब हो चुके थे। पुलिस ने शुरू किया तलाशी अभियान घटना की सूचना मिलते ही पढ़ुआ पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की। हेड कांस्टेबल राजेंद्र गंगवार, कांस्टेबल यशपाल, प्रकाश द्विवेदी और श्रीकांत भी अभियान में शामिल रहे। स्थानीय गोताखोर नदी में उतरकर नीरज की तलाश कर रहे हैं। परिवार में अकेला कमाने वाला था नीरज ग्रामीणों के अनुसार, नीरज परिवार में अकेला कमाने वाला था। करीब 10 साल पहले घाघरा नदी की कटान में परिवार की खेती की जमीन नदी में बह गई थी। इसके बाद नीरज मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। नीरज दो भाइयों में सबसे बड़ा था। करीब एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी में अभी भी तलाश जारी खबर लिखे जाने तक नीरज का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस और स्थानीय गोताखोर नदी में लगातार तलाश कर रहे थे। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *