बरेली में एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन बैठक:कर्मचारी हितों पर हुई चर्चा, संगठनात्मक एकता पर दिया जोर
बरेली में कर्मचारियों के हितों की रक्षा, सम्मानजनक एवं बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने तथा संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज प्रशासनिक कार्यालय, बरेली के सभागार में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन एवं बैंक प्रबंधन के मध्य मॉड्यूल कंसल्टेटिव मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में बरेली परिक्षेत्र के उप महाप्रबंधक (बी. एंड ओ.) श्री आशीष कुमार एवं क्षेत्रीय प्रबंधक प्रथम श्री नीरज कुमार राय सहित एसोसिएशन के सहायक महामंत्री, क्षेत्रीय सचिव, आंचलिक सचिव एवं संगठन मंत्री तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं, कार्यस्थल की चुनौतियों, स्टाफ कल्याण, बेहतर कार्य वातावरण, बैंकिंग व्यवस्था में सुधार तथा संगठनात्मक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। एसोसिएशन के महामंत्री डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, जागरूकता और सक्रिय सहभागिता में निहित होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करें तथा नए साथियों को भी संगठन से जोड़कर संगठनात्मक एकता को और सुदृढ़ करें। इस अवसर पर उप महामंत्री, बरेली मॉड्यूल नवींद्र कुमार ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी संगठित, जागरूक और एकजुट रहते हैं, तो किसी भी प्रकार के अन्याय, अनुचित दबाव अथवा असमान व्यवहार का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है। बैठक का वातावरण सकारात्मक, सौहार्दपूर्ण, उत्साहपूर्ण एवं संगठनात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। बैठक में बरेली से भूपेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार (क्षेत्रीय सचिव), विकास कुमार, मनोज कुमार, राजेंद्र प्रसाद (आंचलिक सचिव), मुरादाबाद से दिनकर राव, पीलीभीत से शैलेन्द्र गुप्ता, रामपुर से धनराज, बदायूं से लल्ला बाबू, बिजनौर से दीपक कुमार, सहित मोहित कुमार, नेहा जैन, मारूफ अली, अजयवीर, वरुण गंगवार, गिरेंद्र अग्रवाल एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

