शतरंज से धैर्य एवं निर्णय लेने की क्षमता होती है विकसित : प्रो.एसपी सिंह



सेंट जॉन्स कॉलेज में कॉमर्स ग्रैंड मास्टर शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन
बाबा न्यूज़
आगरा। सेंट जॉन्स कॉलेज के बी.कॉम. वोकेशनल विभाग द्वारा आज प्रातः 10 बजे मल्टीपर्पस हॉल में “कॉमर्स ग्रैंड मास्टर” शतरंज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर एस. पी. सिंह एवं प्रो. संजीव शर्मा (बी.कॉम. वोकेशनल कॉर्डिनेटर) ने प्रथम चाल चलकर किया। डॉ. अमृता आइंड के कुशल नेतृत्व में कार्यक्रम सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रोफेसर अनीता आनंद रही।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो एसपी सिंह ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए शतरंज को छात्रों में रणनीतिक सोच, एकाग्रता, धैर्य एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने वाला महत्वपूर्ण खेल बताया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में विभाग के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिक्षकों ने प्रतियोगिता की पूरी व्यवस्था एवं संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। उन्होंने छात्रों के पंजीकरण, प्रतिभागियों की आवश्यक व्यवस्थाओं, खेल के सुचारु संचालन तथा अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिक्षकों ने पूरे आयोजन के दौरान छात्रों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन भी किया।
प्रतियोगिता में फैकल्टी ऑफ कॉमर्स के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें बी.कॉम. वोकेशनल, बी.कॉम. मेन्स एवं एम.कॉम. के छात्र शामिल थे, प्रतिभागियों ने अपनी बुद्धिमत्ता, रणनीति, एकाग्रता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं उत्साह का वातावरण बना रहा। विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी और अपनी शतरंज प्रतिभा का परिचय दिया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों में रणनीतिक सोच, धैर्य, अनुशासन, निर्णय क्षमता एवं समस्या-समाधान कौशल का विकास करना था। शिक्षकों एवं छात्रों के सामूहिक प्रयास से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
अंत में विभाग द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्राचार्य महोदय, प्रो. संजीव शर्मा, डॉ. रचिता शर्मा, डॉ. राजू थॉमस, डॉ. रोहित सिन्हा एवं समस्त शिक्षकगण के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

