Breaking News
नालों की सफाई में लापरवाही मिली,नगर आयुक्त ने लिया एक्शन:डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली नेचर ग्रीन पर 10 लाख का जुर्माना लगाया

मथुरा में नगर में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गुरुवार को दोपहर करीब 3 बजे नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने वार्ड 49 डेम्पियर नगर, वार्ड 35 बनखंडी और वार्ड 5 भरतपुर गेट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नालों में गंदगी, कूड़ा जमा मिलने और जीवीपी पॉइंट की सफाई में लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी जताई। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली कार्यदायी संस्था नेचर ग्रीन पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। नगर आयुक्त ने परिक्रमा मार्ग से गुरु नानक नगर, कैलाश नगर और जंक्शन रोड स्थित नालों का निरीक्षण किया। इसके बाद बनखंडी क्षेत्र के भैंस बहोरा नाले का जायजा लिया। उन्होंने जल प्रवाह, जलभराव, ओवरफ्लो और नाला निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। निर्माण में आ रही बाधाओं को लेकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और अधिकारियों को समन्वय बनाकर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। डेम्पियर नगर में पीपल अखाड़ा के पास नाले में गंदगी और चोक होने की स्थिति मिलने पर तत्काल सफाई कराने को कहा। केआर इंटर कॉलेज के बराबर और वाल्मीकि वाटिका के सामने जीवीपी पॉइंट पर भी कूड़ा पड़ा मिला। वहीं भरतपुर गेट क्षेत्र के भैंस बहोरा-सुदामापुरी डलावघर पर भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर नगर आयुक्त ने नेचर ग्रीन के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई और 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। संस्था के प्रतिनिधि ने बताया कि डलावघर से प्रतिदिन सुबह आठ बजे कूड़ा उठाया जाता है। नगर आयुक्त ने क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार कूड़ा उठान सुनिश्चित करने और नियमित सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नालों की नियमित सफाई और निगरानी करने के साथ जल निकासी की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा। निरीक्षण में पार्षद मनोज कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह, मुख्य अभियंता संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *