Breaking News
पौधारोपण में गड़बड़ी पर भाकियू भानू ने DFO दफ्तर घेरा:हरख रेंज में 16-20 हजार पौधे गायब होने का आरोप, 3 कर्मचारी हटाए गए

बाराबंकी में बस स्टेशन के सामने स्थित प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय का घेराव कर धरना दिया और वन विभाग पर पौधारोपण अभियान में लापरवाही, अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। कागजों में हजारों पौधे लगाने का आरोप भाकियू भानू के राष्ट्रीय महासचिव आशु चौधरी के नेतृत्व में किसान नेताओं ने हरख रेंज समेत अन्य स्थानों पर पौधारोपण के आंकड़ों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कागजों में कहीं 16 हजार तो कहीं 20 हजार पौधे लगाए जाने का दावा किया गया है, जबकि धरातल पर पौधे नजर नहीं आ रहे हैं। किसान नेताओं का आरोप है कि जिले में एक ही जमीन पर बार-बार हजारों पौधे लगाए जाने का दावा कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नारेबाजी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस कार्यकर्ताओं की नारेबाजी और प्रदर्शन की सूचना पर सीओ सिटी संगम कुमार और नगर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
तीन कर्मचारी हटाए गए, विभागीय जांच जारी डीएफओ ने बताया कि पौधारोपण में अनियमितता के आरोपों की विभागीय जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में लापरवाही सामने आने पर तीन कर्मचारियों को हटाया जा चुका है। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को जांच के आधार पर आगे कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी अधिकारियों के आश्वासन और जांच के भरोसे के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने बमुश्किल धरना समाप्त कराया। भाकियू भानू ने चेतावनी दी कि यदि पौधारोपण के नाम पर हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

नोएडा में स्वाइन फ्लू के 105 नए मामले:मरीजों की संख्या पहुंची 120, निजी अस्पतालों में कराई गई जांच

नोएडा में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के 105 नए मामले सामने आने के बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 120 पहुंच गई। सोमवार को जिले में स्वाइन फ्लू के केवल 15 मरीज दर्ज थे। 24 घंटे के भीतर मामलों में हुई इस तीव्र बढ़ोतरी से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। सीएमओ डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को सामने आए सभी 120 मामलों की जांच निजी अस्पतालों में कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग निजी अस्पतालों से मरीजों की रिपोर्ट और अन्य आवश्यक जानकारी जुटा रहा है। साथ ही, सभी मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उन्हें उचित उपचार मिले। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कदम उठाए हैं। बुखार खांसी होने पर ले डॉक्टरी परामर्श
एक दिन में 105 नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक, लोगों को स्वाइन फ्लू के लक्षणों को लेकर अत्यधिक सतर्क रहने की जरूरत है। बुखार, खांसी और गले में खराश इसके शुरूआती लक्षण हो सकते हैं। शरीर में दर्द और सांस लेने में परेशानी भी इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण महसूस होने पर तुरंत किसी डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की जा रही है।

जमाखोरी की वजह से बढ़ रहे चीनी के दाम:चीनी मिल एसोसिएशन का दावा, एथानाल की वजह से नहीं बढ़ रहे चीनी के दाम

उत्तर प्रदेश चीनी मिल एसोसिएशन ने चीनी की बढ़ी कीमतों की वजह इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल के लिए चीनी का डाइवर्जन मानने से इंकार कर दिया है। एसोसिएशन ने कहा है कि ये बेबुनियाद और तथ्यों से परे है। एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है। मिलों के पास चीनी का अच्छा भंडार है। हाल के दिनों में चीनी के दामों में अचानक आए उछाल की वजह जमाखोरी है। एसोसिएशन के अनुसार, उसकी सभी सदस्य मिलों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। राज्य भर की सदस्य मिलों के पास त्योहारों के मौसम और रोजमर्रा की घरेलू खपत की जरूरतों को आसानी से पूरा करने के लिए पर्याप्त चीनी का भंडार है। चीनी मिल एसोसिएशन राज्य और केंद्र के संबंधित पदाधिकारियों के लगातार संपर्क में है और निर्देशानुसार काम कर रहा है, ताकि मांग और पॉलिसी की जरूरतों के हिसाब से समय पर कार्रवाई होती रहे। प्रेस नोट में कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद चीनी की कीमतों की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और जमाखोरी व गलत जानकारी फैलाकर मौजूदा हालात का गलत फायदा उठाने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि उत्तर प्रदेश देश में चीनी का बड़ा उत्पादक राज्य है। प्रदेश में कुल 121 चीनी मिलें हैं, जिनमें से 95 निजी क्षेत्र में हैं। ये मिलें सामूहिक रूप से घरेलू चीनी सप्लाई की एक अहम रीढ़ हैं। एसोसिएशन ने चीनी की संभावित कमी की बात को मनगढ़ंत अफवाह बताया है और उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे गलत जानकारी पर विश्वास न करें। भारत सरकार के निर्णायक समर्थन, रेगुलेटरी ढांचे तथा उद्योग और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवर्तन अधिकारियों के बीच लगातार तालमेल के साथ प्रदेश का चीनी उद्योग बाजारों में स्थिरता और निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

सुप्रीम कोर्ट ने अमरोहा प्रशासन को नोटिस जारी किया:कांवड़ यात्रा पर मीट दुकानें बंद करने के फैसले पर मांगा जवाब

अमरोहा में कांवड़ यात्रा के दौरान मीट की दुकानें बंद करने के प्रशासन के फैसले के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। सर्वोच्च अदालत ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव, अमरोहा के डीएम, एसपी और इंस्पेक्टर को नोटिस जारी किया है। यह याचिका समाजसेवी और अधिवक्ता हाजी नासिर फारूक ने दायर की थी। अमरोहा प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मीट, मछली और मुर्गे की दुकानों को 25 दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया था। याचिका में आरोप लगाया गया है कि ये नोटिस बिना किसी नाम और पते के जारी किए गए थे। इस फैसले से खान-पान व्यवसाय से जुड़े हजारों लोग प्रभावित हुए। याचिकाकर्ता हाजी नासिर फारूक एडवोकेट ने कहा, “हम शिव भक्तों की आस्था का सम्मान करते हैं। जिन रास्तों से कांवड़ यात्रा गुजरती है, वहां मीट की दुकानें बंद होनी चाहिए। लेकिन जिन इलाकों में शत-प्रतिशत मुस्लिम आबादी है और जो कांवड़ यात्रा के मार्ग में नहीं आते, वहां इस व्यवसाय पर पूरी तरह पाबंदी लगाना न्यायसंगत नहीं है।” इससे पहले हाजी नासिर फारूक ने इसी तर्क के साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उच्च न्यायालय ने याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि प्रभावित दुकानदारों को खुद अदालत आना चाहिए। इसके बाद नासिर फारूक ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, जहां उनकी दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन को नोटिस जारी किया।

सपा की PDA चौपाल में भाजपा सरकार को तानाशाह बताया:लल्ला गुर्जर ने कहा- गुर्जर समाज को निशाना बना रही सरकार

बागपत में समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को वात्सायन पैलेस में PDA चौपाल का आयोजन किया। इसमें पार्टी के प्रदेश सचिव और पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी लल्ला गुर्जर समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। चौपाल में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई। मंच से भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लेने की बात कही गई। लल्ला गुर्जर बोले- गुर्जर समाज को निशाना बना रही सरकार सपा प्रदेश सचिव लल्ला गुर्जर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार गुर्जर समाज को निशाना बना रही है। उन्होंने सरकार को तानाशाह बताते हुए कहा कि अंग्रेज भी उनकी बात सुनते थे, लेकिन मौजूदा सरकार उनकी बात नहीं सुनती। 2027 में PDA को गांव-गांव पहुंचाने का दावा चौपाल में सपा नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जुटने का संदेश दिया। बिल्लू प्रधान ने कहा कि लोग परेशान हैं और PDA को शहर से गांव तक पहुंचाकर 2027 में सपा की सरकार बनाने का काम किया जाएगा। अखिलेश यादव के ‘चवन्नी से रुपया’ वाले बयान को लेकर जाट समाज में नाराजगी के सवाल पर लल्ला गुर्जर ने कोई टिप्पणी नहीं की। जिला अध्यक्ष ने महंगाई और शोषण का मुद्दा उठाया सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर मनमानी करने और प्रत्येक वर्ग के शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सरकार को सबक सिखाएगी और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने बढ़ती महंगाई से जनता को हो रही परेशानी का भी जिक्र किया। कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेशभर में सपा कार्यकर्ता मजबूती से संगठन के लिए काम कर रहे हैं।

बलिया में DM-SP ने सुनीं जनसमस्याएं:209 शिकायतें आईं, 22 का मौके पर निस्तारण

बलिया में डीएम मंगला प्रसाद सिंह और एसपी ओमवीर सिंह ने शनिवार को तहसील रसड़ा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 209 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। समाधान दिवस में जाति प्रमाण पत्र, खड़ंजा निर्माण, नाली पर अवैध कब्जा, वरासत, बैनामा और विद्युत आपूर्ति से संबंधित विभिन्न शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत पर सुनवाई की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम छितौनी में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल और कानूनगो को मौके पर जाकर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसी तरह, ग्राम चिंतामनपुर में दो भाइयों के बीच भूमि विवाद के मामले में संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) को तत्काल मौके पर पहुंचकर विवाद का निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम गाजियापुर में नवीन परती भूमि पर बसे लोगों को हटाने संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित लेखपाल को निर्देश दिया कि यदि वहां रह रहे व्यक्ति पात्र हों, तो नियमानुसार उनके नाम पट्टा कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सभी राजस्व और पुलिस अधिकारियों को भूमि विवाद से जुड़े मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने और शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में महिलाओं के लिए नवनिर्मित शौचालय का उद्घाटन किया और वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय कुमार राय, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बलिया में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत:विनोद राय बोले- कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत

भाजपा के गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का शनिवार को बलिया में भव्य स्वागत किया गया। जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में अभिनंदन समारोह में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विनोद शंकर दुबे ने उन्हें गदा भेंट की, जिसे उन्होंने संगठन की मजबूती और विजय का प्रतीक बताया। अपने संबोधन में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया। राय ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावों की तैयारी में पूरी शक्ति से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता नहीं, बल्कि सेवा, राष्ट्रहित और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि विनोद राय लंबे समय से संगठन के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उनका अनुभव, कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण गोरखपुर क्षेत्र में भाजपा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह, विधायक केतकी सिंह, उपेन्द्र तिवारी, आनंद स्वरूप शुक्ला, रविन्द्र कुशवाहा, राम इकबाल सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजीव कुमार डम्पू ने किया। समारोह के दौरान पूरे परिसर में “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि विनोद राय के नेतृत्व में गोरखपुर क्षेत्र में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी नई उपलब्धियां हासिल करेगी।

बच्ची को जन्म देने के बाद महिला ने दम तोड़ा:प्रयागराज में मर्चरी में घरवालों का हंगामा, बोले- डॉक्टरों की लापरवाही से गई जान

प्रयागराज के करेली के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पर नाराजगी जताई। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जौनपुर जिले के सरपतहा के नवादा पट्टी गांव की रहने वाली प्रतिमा मौर्य पति दीनानाथ के साथ नैनी के चाका ब्लाक क्षेत्र में रहती थीं। दीनानाथ एक निजी कंपनी में काम करते हैं। प्रतिभा को प्रसव के लिए शुक्रवार 17 जुलाई की शाम करेली स्थित नाज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्ची को जन्म देने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, अस्पताल में प्रतिभा ने एक बच्ची को जन्म दिया। कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया। परिजनों का आरोप, मिलने नहीं दिया गया
परिवार का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद उन्हें प्रतिमा से मिलने नहीं दिया गया। काफी देर तक सही जानकारी भी नहीं दी गई। जब परिजनों ने लगातार दबाव बनाया तो अस्पताल की ओर से उन्हें मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। दूसरे अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन प्रतिभा को लेकर सिविल लाइंस स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर सही इलाज नहीं मिलने और लापरवाही के कारण प्रतिभा की जान गई। पोस्टमार्टम हाउस पर किया हंगामा
महिला की मौत से नाराज परिजन शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस बोली- तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विंध्याचल में 20 लाख की हेरोइन जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार:दो आरोपियों पर पहले भी केस हुए दर्ज, 100 ग्राम माल बरामद

मिर्जापुर। विंध्याचल थाना पुलिस ने लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 99.80 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस ने महेंद्र बिंद उर्फ धर्मेंद्र बिंद, बोतल बिंद, नागा पासी और राजेश उपाध्याय को गिरफ्तार किया। उनके पास से 99.80 ग्राम हेरोइन और एक सफेद पॉलिथिन मिली। इस संबंध में विंध्याचल थाने में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नागा पासी के खिलाफ वर्ष 2017 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, महेंद्र बिंद के विरुद्ध वर्ष 2024 में जिगना थाने में भी एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गणेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह और विंध्याचल थाना पुलिस के अन्य जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

सरकार नहीं चाहती चुनाव, चुनाव से भाग रही सत्ताधारी सरकार:सपा सांसद सनातन पांडेय का बरेली में तीखा हमला, राम मंदिर का चढ़ावा लूट लिया, सबसे ज्यादा ब्राह्मणों के एनकाउंटर

“ब्राह्मणों में आस्था ज्यादा होती है, राम मंदिर में जो लूट हुई उससे ब्राह्मण बहुत आहत है। योगी सरकार में मुसलमानों के बाद सबसे ज्यादा एनकाउंटर ब्राह्मणों के हुए है। ये लोग राम मंदिर के नाम पर सरकार में आए और फिर वहां का सारा चढ़ावा लूट लिया। इससे ये साफ है कि इनमें भगवान राम के प्रति कोई आस्था नहीं है। इसलिए ब्राह्मण अखिलेश यादव के साथ है और ब्राह्मण जिस ओर चला जाता है उसकी सरकार बन जाती है, ये कहना है बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय का।” सनातन पांडेय आज बरेली पहुंचे और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। पार्टी कार्यालय पर की प्रेस कॉन्फ्रेंस
समाजवादी पार्टी के बलिया से सांसद सनातन पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में योगी सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार चुनाव नहीं कराना चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार EVM में गड़बड़ी कर रही है, और अगर चुनाव स्वतंत्र रूप से कराए जाएं, तो सरकार का पता नहीं चलेगा। पांडेय ने कहा कि विपक्ष की भूमिका का निर्वहन तभी बेहतर ढंग से हो पाएगा जब सरकार निष्पक्ष चुनाव कराए। एनकाउंटर पर योगी सरकार को घेरा
एनकाउंटर पर निशाना साधते हुए उन्होंने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। सांसद ने कहा कि योगी सरकार में सबसे ज्यादा एनकाउंटर मुसलमानों के हुए हैं और उसके बाद सबसे ज्यादा संख्या ब्राह्मणों की है। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण आज ब्राह्मण समाज सरकार से बेहद नाराज है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर ब्राह्मणों में भारी गुस्सा
सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण समाज राम मंदिर में हुए चढ़ावे की चोरी से भी बेहद आहत है। उन्होंने तर्क दिया कि ब्राह्मणों में भगवान के प्रति श्रद्धा अधिक होती है, इसलिए इस घटना ने उनकी भावनाओं को गहरी चोट पहुंचाई है। यही कारण है कि अब ब्राह्मण समाज पूरी तरह से अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा है। 5 अगस्त को ऐतिहासिक रैली की तैयारी
सांसद ने आने वाली 5 अगस्त की तैयारियों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती है, जिसे हर साल लखनऊ, दिल्ली और जिला मुख्यालयों पर मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बरेली में आयोजित बैठक में सभी वर्ग और धर्म के लोग शामिल हुए। उन्होंने दावा किया कि सपा का हर नेता और कार्यकर्ता 5 अगस्त को एक ऐतिहासिक रैली के लिए पूरी तरह तैयार है।