Breaking News
मेरठ में किसी के मकान- दुकान पर नहीं चलेगा बुलडोजर:रविंद्र गुर्जर ने कहा- आंदोलन से मुख्यमंत्री तक पहुंची यहां के लोगों की समस्या

मेरठ में बीते दो सितंबर को शहर बंद कर आवास विकास के खिलाफ प्रदर्शन कर निर्माणों पर कार्रवाई के विरोध में चल रहे आंदोलन को लेकर आंदोलनकारियों ने बड़ा दावा किया है। समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर ने कहा कि मेरठ में अब किसी का घर नहीं टूटेगा और किसी व्यापारी की दुकान पर बुलडोजर नहीं चलेगा। मेरठ की जनता और व्यापारियों की आवाज अब प्रदेश के मुख्यमंत्री तक पहुंच चुकी है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि इस मामले में सरकार से राहत मिलेगी। रविंद्र गुर्जर ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या नेता का आंदोलन नहीं है। इसमें शहर के व्यापारियों, आम लोगों और लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों की सामूहिक आवाज शामिल है। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग आंदोलन में डटे रहे। आंदोलन ने शहर के लोगों को अपनी बात मजबूती से सरकार तक पहुंचाने का मंच दिया। उन्होंने कहा, “किसी का भी एक घर मेरठ में नहीं टूटेगा और किसी की दुकान पर बुलडोजर नहीं चलेगा।” आंदोलनकारियों ने दावा किया कि मुख्यमंत्री तक मेरठ की आवाज पहुंची है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द सकारात्मक निर्णय सामने आएगा। अधिकारियों की अनुमति पर उठाए सवाल सुदीप जैन ने आवास विकास विभाग की कार्रवाई और वहां हुए निर्माणों को लेकर अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जिन निर्माणों को आज अवैध बताया जा रहा है, वहां पहले सरकारी विभागों की ओर से अलग-अलग अनुमतियां और सुविधाएं दी गईं। यदि किसी स्थान पर स्कूल, अस्पताल और अन्य प्रतिष्ठानों को अनुमति दी गई, जीएसटी वसूला गया, प्रॉपर्टी टैक्स लिया गया और संपत्तियों के बैनामे हुए तो वर्षों बाद उसी निर्माण को अवैध कैसे घोषित किया जा सकता है। आवास विकास में तैनात अधीक्षण अभियंता राहुल यादव के निलंबन की मांग रखते हुए रविंद्र ने कहा कि हमारे मांग पत्र में भी सह स्पष्ट है और अब भी कह रहे हैं कि जब तक भ्रष्टाचारी अधिकारी को निलांबित नहीं करा देते वह चैन से नहीं बैठेंगे। इस पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप जैन एवं भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष नितेश पंवार ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि कार्रवाई केवल एक अधिकारी तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उस समय के सभी संबंधित अधिकारियों, जिनके विरुद्ध मुकदमे दर्ज हुए हैं, उनके खिलाफ निष्पक्ष जांच के बाद चार्जशीट दाखिल कर कानूनी कार्रवाई की जाए। दोष सिद्ध होने पर उन्हें जेल भेजने के साथ-साथ कानून के अनुसार उनकी संपत्ति एवं पेंशन से होने वाली सरकारी क्षति की रिकवरी की जाए।

कानपुर में शिक्षक दिवस से पहले शिक्षिकाओं का सम्मान:कोपेस्टेट शिक्षा सदन की टीचर्स को शॉल और उपहार भेंट किए गए

कानपुर में शिक्षक दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार शाम 5:30 बजे एक कार्यक्रम हुआ। यह कार्यक्रम दादा नगर स्थित कोआपरेटिव इस्टेट सभागार में आयोजित किया गया। इसमें ‘कोपेस्टेट शिक्षा सदन जू.हा. स्कूल’ की शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। उन्हें शिक्षा और समाज के प्रति समर्पण और बच्चों का भविष्य बनाने में योगदान के लिए सराहा गया। इस समारोह में कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर और लोक लेखा समिति के पूर्व सभापति व विद्यालय के अध्यक्ष अजय कपूर ने शिक्षिकाओं को सम्मानित किया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर और उपहार भेंट किए गए। इस दौरान सभागार तालियों से गूंज उठा। चेयरमैन विजय कपूर ने कहा कि शिक्षक सिर्फ ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार और संस्कारी नागरिक भी बनाते हैं। उन्होंने शिक्षिकाओं की निष्ठा और कर्तव्यपरायणता की तारीफ की। विद्यालय अध्यक्ष अजय कपूर ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षिकाएं पूरी लगन और प्यार से बच्चों को पढ़ा रही हैं। उनका यह योगदान समाज के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। सम्मान पाकर शिक्षिकाओं ने प्रबंधन और उद्यमियों का आभार जताया। उन्होंने विद्यालय और विद्यार्थियों के पूरे विकास के लिए लगातार काम करने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में सुरेश पुरी, दिनेश कुशवाहा, आरपी सिंह, बसंत लाल विश्वकर्मा, अरुण जैन, अशोक जुनेजा, अवधपाल सिंह, भीमसेन, महेश माखीजा, गुरविंदर सिंह, हरेंद्र सिंह, संजीव कपूर, प्रेम राज, राजेंद्र गुप्ता, शिशिर चौरसिया, सुभाष सिंह और यशपाल सचान जैसे कई लोग मौजूद रहे। उद्यमी और विद्यालय परिवार के सदस्य भी वहां उपस्थित थे।

घनश्याम हत्याकांड का फरार आरोपी चंचल अहिरवार गिरफ्तार:9 आरोपी पहले ही पकड़े गए थे, अब तक कुल 10 लोग जेल भेजे गए

ललितपुर पुलिस ने घनश्याम यादव हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी चंचल अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। चंचल अहिरवार ललितपुर के नेहरूनगर, थाना कोतवाली का रहने वाला है। पुलिस ने उसे शुक्रवार, 4 सितंबर को गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पेट्रोल पंप पर कृष्णपाल से मारपीट का आरोप घटना 28 जुलाई, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। सिद्धनपुरा निवासी 38 वर्षीय कृष्णपाल यादव बुढ़वार रोड स्थित आईटीआई कॉलेज के पास पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने गए थे। इसी दौरान सिद्धनपुरा निवासी इंदल सिंह यादव अपने भाई पुष्पेंद्र यादव, प्रधान यादव, दोस्त चंचल यादव निवासी नेहरूनगर, दीपक यादव निवासी बंदरगुढ़ा, सनत परिहार निवासी इलाइट चौराहा, राज राजा निवासी इलाइट चौराहा और कुछ अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि सभी के पास लाठी-डंडे और सरिया थे। इंदल यादव ने कृष्णपाल से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। कृष्णपाल ने रुपये देने से मना किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और सरिया से उस पर हमला कर दिया।
बचने के लिए भागे कृष्णपाल को घेरकर पीटा हमले से बचने के लिए कृष्णपाल भागे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके हाथ-पैर तोड़ दिए और उन्हें मरा समझकर बुढ़वार की ओर भाग गए। बेटे पर हमले की जानकारी मिलने पर कृष्णपाल के 60 वर्षीय पिता घनश्याम यादव और 55 वर्षीय मां गुड्डी यादव बुढ़वार गांव से ललितपुर आ रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें भी रोक लिया और लाठी-डंडों व सरिया से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी उन्हें भी मरा समझकर वहां से भाग निकले। इलाज के दौरान घनश्याम यादव की मौत घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मंगलवार शाम करीब 8 बजे झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान घनश्याम यादव की मौत हो गई। मुठभेड़ में तीन आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को हुई मुठभेड़ में कोतवाली सदर क्षेत्र के सिद्धनपुरा निवासी इंदल यादव पुत्र रतीभान यादव (26), कोतवाली सदर क्षेत्र के इलाइट निवासी राज राजा पुत्र मज्जू राजा (29) और जाखलौन थाना क्षेत्र के बंदरगुढ़ा निवासी दीपक यादव पुत्र अजब सिंह (22) को गिरफ्तार किया गया था। 4 अगस्त को पांच आरोपियों की हुई थी गिरफ्तारी इससे पहले 4 अगस्त को पुलिस ने संदीप तिवारी पुत्र पुरुषोत्तम तिवारी निवासी टीकरा, थाना बार, जिला ललितपुर; सोनू यादव उर्फ सुंदर सिंह पुत्र स्व. बुंदेल सिंह निवासी बंदरगुढ़ा, थाना जाखलौन; मोहित यादव पुत्र फूल सिंह निवासी दिदौरा, थाना बानपुर, जिला ललितपुर; प्रभान यादव पुत्र रतिभान यादव निवासी सिद्धनपुरा, थाना कोतवाली, जिला ललितपुर और शक्ति वाल्मीकि पुत्र दिलीप वाल्मीकि निवासी साईं मंदिर के पास, तालाबपुरा, थाना कोतवाली, ललितपुर को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस ने फरार चल रहे चंचल अहिरवार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

हरदोई में सपा ने 51 शिक्षकों को किया सम्मानित:शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजन, रामज्ञान बोले- शिक्षक राष्ट्र का सच्चा निर्माता

हरदोई में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को हरदोई में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शहर के बिलग्राम चुंगी स्थित एक संस्थान में शाम करीब 4 बजे हुए कार्यक्रम में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव और हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने जिले के 51 शिक्षकों को सम्मानित किया। माला, शॉल और स्मृति सामग्री देकर किया सम्मान भारत के पूर्व राष्ट्रपति और शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाई जाती है। शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित समारोह में रामज्ञान गुप्ता ने 51 शिक्षकों को माला, शॉल, डायरी और पेन भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और किसी भी देश के विकास के लिए मजबूत शिक्षा व्यवस्था जरूरी है। सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग रामज्ञान गुप्ता ने मौजूदा शिक्षा नीतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार को सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा पूरी तरह निजी क्षेत्र के हाथों में चली गई तो गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों के लिए शिक्षा हासिल करना कठिन हो सकता है। उन्होंने समाज में समानता के लिए ‘एक देश, एक शिक्षा’ का सिद्धांत लागू करने की मांग भी उठाई। निजीकरण और आउटसोर्सिंग पर जताई चिंता कार्यक्रम में अटेवा के प्रदेश सलाहकार ओम प्रकाश कनौजिया और सपा शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष जैनुल खान ने भी विचार रखे। दोनों ने शिक्षा के निजीकरण और आउटसोर्सिंग को लेकर चिंता जताई और कहा कि इसका असर निम्न और मध्यम वर्ग के हितों पर पड़ सकता है। इस दौरान समारोह में महेंद्र वर्मा, बृजलाल वर्मा, मोतीलाल यादव, ओमप्रकाश, महेश प्रसाद, जय प्रकाश नारायण, पतिराज गुप्ता, निशात अफरोज खान, राजाराम यादव, अशोक कुमार यादव, रामप्रताप सिंह, अजय कुमार, मो. इस्लाम, अविनाश कुमार, वीरेंद्र यादव, अरविंद कुमार, सुनील कुमार मंडल, मंजू गुप्ता, सौरभ यादव, शुभम गुप्ता, विकास त्रिपाठी और आकाश गुप्ता समेत कई शिक्षक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हसनगंज में लोगों ने धरना प्रदर्शन कर समस्या उठाई:बांध कटने से कई गांवों में जलभराव का खतरा, ग्रामीणों ने चौकी पर किया धरना

उन्नाव में हसनगंज तहसील क्षेत्र के हरचंदपुर, मानपुर, विधपुर समेत आधा दर्जन गांवों के लोग इकट्ठा होकर अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज चौकी पर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद अजगैन कोतवाली प्रभारी ने लोगों को समझा-बुझाकर गांव भेज दिया। लोगों ने बताया कि बारिश के कारण एक बंद गांव के समीप बनाया गया था, जिसे कुछ अराजक तत्वों ने काट दिया है। इससे पानी गांव समेत दर्जनों गांवों में घुस सकता है, जिससे उनका आना-जाना और रहना दुश्वार हो सकता है। वहीं, राजस्व टीम गांव पहुंचकर बंद को जेसीबी की मदद से फिर से बनवाने का कार्य कर रही है।

प्रयागराज को मिलेंगी दो बड़ी सड़क परियोजनाएं:8,300 करोड़ से ज्यादा की लागत से सुधरेगी कनेक्टिविटी, 49.655 किमी लंबा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर

प्रयागराज मंडल में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए दो बड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. की अध्यक्षता में एनएचएआई की प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं को लेकर मंडल स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में चित्रकूट-राजापुर-प्रयागराज 4-लेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर और लेप्रोसी चौराहा से मिर्जापुर बाईपास तक एनएच-35 के चौड़ीकरण समेत दक्षिण प्रयागराज की वैकल्पिक कनेक्टिविटी पर विस्तार से चर्चा हुई। 3,820.96 करोड़ से बनेगा 49.655 किमी लंबा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बैठक में चित्रकूट से राजापुर होते हुए प्रयागराज तक 49.655 किलोमीटर लंबे 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सेस-कंट्रोल्ड मार्ग की परियोजना पर चर्चा की गई। करीब 3,820.96 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से चित्रकूट-राजापुर-प्रयागराज के बीच सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होगी। नया मार्ग मौजूदा आबादी वाले क्षेत्रों और यातायात बाधाओं से अलग वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराएगा। इससे यात्रा का समय और वाहनों के परिचालन खर्च में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही चित्रकूट धाम, राजापुर और प्रयागराज जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी बेहतर होने से पर्यटन, कृषि, व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। एनएच-35 का 80.791 किमी हिस्सा होगा फोरलेन दूसरी बड़ी परियोजना के तहत लेप्रोसी चौराहा, प्रयागराज से मिर्जापुर बाईपास तक 80.791 किलोमीटर लंबे एनएच-35 को 2-लेन से 4-लेन में अपग्रेड किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 4,495.43 करोड़ रुपये है। इसमें आवश्यक रियलाइन्मेंट और बाईपास भी प्रस्तावित हैं। परियोजना पूरी होने के बाद प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग की यातायात क्षमता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा में सुधार होगा। इससे यात्रियों के साथ-साथ माल परिवहन भी अधिक सुगम होगा। कृषि उत्पादों, औद्योगिक एवं वाणिज्यिक सामान की आवाजाही बेहतर होने से क्षेत्रीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मंत्रालय स्तर पर हो चुका है अलाइनमेंट का फैसला बैठक में अधिकारियों ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के अलाइनमेंट से संबंधित निर्णय मंत्रालय स्तर पर लिया जा चुका है। मंडल स्तरीय बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना है। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों ने परियोजनाओं का लेआउट प्रस्तुत किया और विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। दक्षिण प्रयागराज को जोड़ने पर मंडलायुक्त का जोर लेआउट का अवलोकन करने के बाद मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने दक्षिण प्रयागराज की कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कनेक्टिविटी मुख्य रूप से उत्तरी प्रयागराज की ओर है, जबकि दक्षिण प्रयागराज में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर सड़क संपर्क जरूरी है। उन्होंने परियोजना से जुड़े संभावित मार्गों और कनेक्टिविटी को दक्षिण प्रयागराज से जोड़ने की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए। इस संबंध में मंत्रालय को उनके स्तर से पत्र भेजने के भी निर्देश दिए गए। एयरोसिटी, नैनी इंडस्ट्रियल हब और मेट्रो से कनेक्टिविटी का सुझाव प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज ने राष्ट्रीय राजमार्ग कनेक्टिविटी को प्रस्तावित एयरोसिटी, नैनी के इंडस्ट्रियल एरिया हब, मेट्रो अलाइनमेंट और नैनी स्थित लेप्रोसी चौराहा से बेहतर तरीके से जोड़ने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि इन कनेक्टिविटीज का बेहतर समन्वय और एकीकरण होने से क्षेत्र में औद्योगिक, वाणिज्यिक और आर्थिक गतिविधियों को और गति मिल सकती है। माघ मेला और कुंभ में ट्रैफिक डायवर्जन पर भी चर्चा बैठक में माघ मेला और कुंभ के दौरान यातायात प्रबंधन को लेकर भी चर्चा हुई। मिर्जापुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को यदि प्रयागराज शहर में प्रवेश नहीं दिया जाता है तो वैकल्पिक मार्ग से यातायात डायवर्ट करने की जरूरत होगी। इस पर एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि रिंग रोड के माध्यम से ऐसी कनेक्टिविटी पर पहले से काम किया जा रहा है। मेला अवधि में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सिरसा क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत करने और मौजूदा ब्राउनफील्ड मार्ग को बेहतर करने का सुझाव भी दिया गया। इससे माघ मेला और कुंभ के दौरान वाहनों के प्रभावी डायवर्जन के साथ शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिल सकेगी। 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर दोनों प्रमुख परियोजनाओं की अनुमानित लागत को मिलाकर यह निवेश 8,316.39 करोड़ रुपये से अधिक का है। इन परियोजनाओं के साथ दक्षिण प्रयागराज की कनेक्टिविटी को भी बेहतर किए जाने की संभावनाओं से आने वाले समय में प्रयागराज मंडल में सड़क नेटवर्क, औद्योगिक गतिविधियों, पर्यटन और क्षेत्रीय व्यापार को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

गोरखपुर में स्वास्थ्य सेवा में समिति का सहयोग:अग्रवाल महिला समिति ने महिला अस्पताल को भेंट की ऑक्सीमीटर मशीनें

गोरखपुर में अग्रवाल महिला समिति की ओर से सामाजिक सेवा एवं जनहित के उद्देश्य से जिला महिला अस्पताल को ऑक्सीमीटर मशीनें प्रदान की गईं। समिति की इस पहल का उद्देश्य अस्पताल आने वाली महिलाओं और अन्य मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। समिति की अध्यक्ष रजनी अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा समाज की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। ऑक्सीमीटर जैसे जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होने से मरीजों के ऑक्सीजन स्तर की नियमित निगरानी करने में चिकित्सकीय टीम को सुविधा मिलेगी। जरूरतमंदों की मदद को जारी रहेंगे सेवा कार्य समिति की ओर से बताया गया कि अग्रवाल महिला समिति समय-समय पर समाज और जरूरतमंद लोगों के हित में विभिन्न सेवा कार्य करती रहती है। भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य निरंतर किए जाएंगे। जिला महिला अस्पताल के अधिकारियों और चिकित्सकीय स्टाफ ने समिति के सहयोग के लिए आभार जताते हुए सेवा कार्यों की सराहना की। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहयोग इस अवसर पर समिति की सदस्याएं सावित्री दास, रेणु कंदोई, रुचि अग्रवाल, श्वेता अग्रवाल, नेहा जैन, नम्रता जैन, रितु अग्रवाल आदि मौजूद रहीं। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए इस तरह के सेवा कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

‘गल्ला मंडी में हनुमंत विहार थाना फिर भी होती चोरी’:DCP साउथ से बोले व्यापारी- गश्त बढ़ायी जाए, आधा दर्जन दुकानों में हुई थी चोरी

कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में नवीन गल्लामंडी में 31 अगस्त की देर रात 6 दुकानों में चोरी हुई। इस घटना के खुलासे की मांग को लेकर गुरुवार को व्यापारी डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी से मिलने पहुंचे। व्यापारियों ने गल्ला मंडी के अंदर पुलिस गश्त बढ़ाने जाने की मांग की। व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्रा ने कहा कि पहले भी मंडी में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिनक अब तक खुलासा नही हुआ है, जिससे व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार सुबह कारोबारियों को हुई थी चोरी की जानकारी गल्लामंडी में महेश दलाल की दाल की आढ़त है। इसके साथ ही रोहित उर्फ चिंटू की गल्ला, अभय की मूंगफली, राजू मुनीम की गुड़ की आढ़ते हैं। मंगलवार सुबह आढ़ती मंडी पहुंचे तो चार कारोबारियों सहित छह दुकानों के ताले टूटे पड़े थे, जिसमें महेश के दुकान में रखे 1.25 लाख रुपये, हरिकिशन की दुकान से 25 हजार, अभय की दुकान से 1500, राहुल की दुकान से 4000 रुपये गायब थे। रात भर बारिश होने के चलते चोर माल नहीं ले जा सके। घटना की जानकारी के बाद हनुमंत विहार पुलिस ने जांच–पड़ताल कर रिपोर्ट दर्ज की थी। गुरुवार को कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, जिलाध्यक्ष अनुराग जायसवाल और भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के दक्षिण अध्यक्ष कमल त्रिपाठी के नेतृत्व में एक दर्जन व्यापारी घटना के खुलासे की मांग को लेकर डीसीपी साउथ से मिलने पहुंचे। व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्रा ने कहा कि नौबस्ता गल्ला मंडी परिसर में हनुमंत विहार थाना होने के बावजूद गश्त नहीं होती है, जिसका नतीजा है कि पूर्व में भी कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिनका खुलासा नहीं हुआ है। बढ़ती घटनाओं के कारण मंडी का व्यापार प्रभावित हो रहा है और व्यापारियों में भय का माहौल है। यह व्यापारी रहे शामिल जिलाध्यक्ष अनुराग जायसवाल व जिला वरिष्ठ महामंत्री गोपाल शुक्ला ने कहा कि कई व्यापारी चोरी के डर से दुकानें नहीं खोल रहे है। व्यापारियों ने जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की। इस मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री संजय भदौरिया, मार्बल मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन गौड़, के के गुप्ता, आशीष मिश्र, प्रखर श्रीवास्तव, अर्जित गुप्ता, राजेन्द्र मिश्र समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

सहसवान में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित:राजकीय महाविद्यालय में युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा

बदायूं में सहसवान के संघटक राजकीय महाविद्यालय सहसवान में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के तत्वावधान में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की भूमिका, चरित्र निर्माण, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को लेकर वक्ताओं ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि देश की युवा शक्ति को सही दिशा और संस्कार देकर ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम से पूर्व महाविद्यालय परिसर में ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बौद्धिक शिक्षण प्रमुख नरेंद्र और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गुरुदीप सिंह उप्पल ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिक्षकों ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। छात्रा गुलिस्तां ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। प्राचार्य डॉ. गुरुदीप सिंह उप्पल ने कहा कि युवाओं के चरित्र निर्माण पर विशेष ध्यान देकर समाज को सही दिशा दी जा सकती है। यदि युवा संस्कारवान, अनुशासित और जिम्मेदार बनेंगे तो राष्ट्र निर्माण का मार्ग और मजबूत होगा। मुख्य वक्ता नरेंद्र ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। देश का युवा एकजुट, जागरूक और अपने दायित्वों के प्रति सजग रहेगा तो भारत को सशक्त राष्ट्र बनने से कोई रोक नहीं सकता। विभाग प्रचारक सुधांशु ने कहा कि युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति बनाने के लिए युवाओं से निरंतर संवाद जरूरी है। युवाओं के विचारों, अपेक्षाओं और समस्याओं को समझकर ही उन्हें उचित मार्गदर्शन दिया जा सकता है। बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं मन्तशा और अलैना ने युवाओं के दायित्व और देश के सामने मौजूद विभिन्न समस्याओं को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक होकर देशहित में योगदान देने का आह्वान किया। इस मौके पर डॉ. रजनी गुप्ता, डॉ. शुभ्रा शुक्ला, डॉ. नीति सक्सेना, डॉ. सुरजीत सिंह मौर्य, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. सौरभ नागर, डॉ. ब्रह्मस्वरूप सिंह, डॉ. सूर्य प्रताप गौतम सहित शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

LDA की संपत्ति हड़पने का आरोपी गिरफ्तार:मकान के फर्जी दस्तावेज बनाकर 35 लाख रुपए में बेचकर 4 साल से फरार था

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की लाखों रुपए की संपत्ति को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने और बेचने के मामले में क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने करीब चार साल से फरार आरोपी सचिन सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और संपत्ति की बिक्री से मिली रकम में हिस्सा लेने का आरोप है। एडीसीपी क्राइम किरण यादव ने बताया आजमगढ़ सदर निवासी मधवेश कुमार एलडीए में उपसचिव के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने दिसंबर 2022 में फर्जी कागजों से जमीन बेचने का मुकदमा दर्ज कराया था। शिवानी के नाम दर्ज कराई गई संपत्ति जांच में सामने आया कि एलडीए के पोर्टल पर संपत्ति से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए। इन दस्तावेजों में दिखाया गया कि गोमतीनगर विराज खंड स्थित 2/81 एलडीए ने साल 2000 में शिवानी रस्तोगी को आवंटित किया था। हालांकि, एलडीए की जांच में दस्तावेज फर्जी और कूटरचित पाए गए। शिवानी रस्तोगी ने इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 28 अक्टूबर 2020 को संपत्ति का खरीदकर वैष्णवी सोनी के पक्ष में दिया गया। विवेचना में सामने आया कि एलडीए के निलंबित कनिष्ठ लिपिक अजय प्रताप वर्मा ने भी संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड को फर्जी तरीके से कंप्यूटरीकृत करने में भूमिका निभाई थी। 35 लाख में आगे बेच दी गई संपत्ति पुलिस के मुताबिक, वैष्णवी सोनी ने बाद में इस संपत्ति को 35 लाख रुपए में रंजना देवी को बेच दिया। संपत्ति की बिक्री से मिली रकम वैष्णवी सोनी के बैंक खाते में पहुंची। जांच में यह भी सामने आया कि बेचने के बाद मिली हुई रकम के लाभांश का एक हिस्सा आरोपी सचिन सिंह के बैंक खाते में पहुंचा था। इसी आधार पर पुलिस को सचिन के शामिल होने का पता चला। होटल में बनती थी फर्जीवाड़े की योजना पुलिस के अनुसार, सचिन सिंह पहले विभूतिखंड स्थित होटल जेएमडी इन का संचालन करता था। जांच में जानकारी मिली कि होटल में ही सह-आरोपियों के साथ फर्जी दस्तावेज तैयार करने और संपत्ति हड़पने की योजना बनाई गई थी। मामले में नाम सामने आने के बाद सचिन गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था। मौजूदा समय में वह ललितपुर में एक डैम का ठेका लेकर मत्स्य पालन का कारोबार कर रहा था। क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध ब्रांच ने सर्विलांस और टेक्निकल सबूतों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद 1 सितंबर 2026 को जेहटा दुबग्गा निवासी सचिन सिंह (36) को गोमतीनगर विस्तार स्थित छोटा भरवारा में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में 5 आरोपियों की भूमिका सामने आई पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में कुल पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। इनमें से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। एक आरोपी की मौत हो चुकी है। वहीं, करीब चार साल से फरार चल रहा अंतिम वांछित आरोपी सचिन सिंह अब पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।