Breaking News
कौशांबी में बस से उतरते ही दिव्यांग की मौत:प्रमाणपत्र बनवाकर लौट रहे थे घर, हार्ट अटैक की आशंका

कौशांबी के सैनी चौराहे पर सोमवार शाम करीब 5 बजे एक व्यक्ति की रोडवेज बस से उतरते ही तबीयत बिगड़ गई। वह सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें सिराथू अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फतेहपुर जिले के बमरौली गांव निवासी 50 वर्षीय इंद्रपाल पुत्र बाबूलाल के रूप में हुई। वह दिव्यांग थे और फतेहपुर सीएमओ कार्यालय में अपना दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने गए थे। प्रक्रिया पूरी कर वह बस से घर लौट रहे थे। सैनी चौराहे पर बस से उतरने के बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हुई। सैनी थाना प्रभारी त्रिलोकीनाथ पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में मौत की वजह दिल का दौरा पड़ना बताई जा रही है। हालांकि, असली वजह जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस ने इंद्रपाल के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव देखते ही परिवार में मातम छा गया।

सवाल उठाने से पहले तथ्यों का सम्मान करे कांग्रेस:हरदोई जिपं अध्यक्ष बोलीं- राजनीतिक लाभ के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप न लगाएं

हरदोई में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने सोमवार शाम 5 बजे निर्वाचन आयोग के हालिया स्पष्टीकरण का हवाला देते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगातार उठाए जा रहे सवालों पर निर्वाचन आयोग अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुका है। ऐसे में राजनीतिक लाभ के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय तथ्यों को स्वीकार किया जाना चाहिए। प्रेमावती ने कहा कि 26 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त डॉ. एसएस संधू तथा विवेक जोशी की बैठक के बाद जारी संयुक्त प्रेस वक्तव्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित प्रमुख निर्णयों को आयोग की सर्वसम्मति से लिए जाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न चरणों और राज्यों की समय-सारिणी से जुड़े फैसलों पर भी आयोग की सहमति थी। कैबिनेट सचिव को पत्र पर भी रखी बात कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र को लेकर प्रेमावती ने कहा कि विपक्ष ने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की। उनके मुताबिक, निर्वाचन आयोग के स्पष्टीकरण के अनुसार यह पत्र किसी नीति या आईटी प्रभाग से संबंधित नहीं था। उन्होंने कहा कि यह प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़ा आंतरिक विषय था और इसका SIR से कोई संबंध नहीं था। फॉर्म-6 को लेकर विपक्ष के दावों पर सवाल प्रेमावती ने फॉर्म-6 को लेकर विपक्ष की ओर से किए जा रहे दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रस्तुत जानकारी के अनुसार सर्वोच्च न्यायालय ने संबंधित घोषणा-पत्र को वैध माना है। गैर-SIR अवधि में पंजीकरण के लिए पूर्व निर्धारित फॉर्म ही लागू है। ऐसे में प्रक्रिया में बदलाव किए जाने का दावा सही नहीं है। बोलीं- सवाल उठाएं, लेकिन प्रमाण के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि राजनीतिक दलों को चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने का अधिकार है, लेकिन आरोप तथ्यों और प्रमाणों पर आधारित होने चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के पूर्व में ईवीएम तथा निर्वाचन आयोग को लेकर दिए गए बयानों का भी उल्लेख किया। संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने की अपील प्रेमावती ने कहा कि राजनीतिक असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों को सामने रखना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से अपने आरोपों पर पुनर्विचार करने और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने की अपील की।

CEC के आवास पर कालिख पोतने वाले दो गिरफ्तार:पुलिस ने एफआईआर दर्ज की, पिता बोले-यहां प्रदर्शन का कोई औचित्य नहीं

आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर स्थित आवास पर प्रदर्शन व कालिख पोतने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने इस मामले में दो कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त के पिता ने कहा है कि अगर किसी को प्रदर्शन करना है तो वो दिल्ली में करें। ये था पूरा मामला
आगरा में सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उनके विजय नगर स्थित पैतृक आवास के बाहर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान घर की दीवार और मुख्य गेट पर कालिख पोत दी। स्प्रे से ‘वोट चोर’ और ‘गद्दार’ लिखा। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव के घर की दीवार पर कालिख पोतने की बात सामने आई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए और चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां जताईं। प्रदर्शन में मुकेश धनगर, शाहबाज और उमेश शर्मा समेत कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया
मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास पर कालिख पोतने के बाद पुलिस हरकत में आई। घर पर पुलिस तैनात की गई। इसके बाद हरीपर्वत थाने में अनिल यादव प्रदेश महासचिव (संगठन) आजमगढ़ एवं मुकेश धनगर, जिलाध्यक्ष कांग्रेस मथुरा तथा उनके अन्य साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि दिल्ली की ओर भागने का प्रयास कर रहे अनिल यादव एवं मुकेश धनगर को पुलिस टीम द्वारा पीछा कर उन्हें गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया गया है।अनिल यादव विगत विधानसभा चुनाव में निजामाबाद आजमगढ़ से कांग्रेस के प्रत्याशी थे तथा मुकेश धनगर विगत लोकसभा चुनाव में मथुरा से कांग्रेस के प्रत्याशी थे। पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया है कि आगरा के बाद वे दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय जा रहे थे।
पिता बोले- यहां प्रदर्शन का क्या औचित्य
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ सुबोध कुमार ने कहा कि जब लोग उनके घर आए थे, तब वह वहां मौजूद नहीं थे। बाद में उन्हें पता चला कि कुछ लोग उनके घर आकर उल्टा-सीधा कर गए। उन्हें बताया गया है कि वे लोग कांग्रेस से जुड़े थे, हालांकि उन्हें उनके नाम की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा- मेरे घर आने का उनका कोई औचित्य नहीं था। अगर उन्हें मेरे बेटे से नाराजगी है, तो वे उसके प्रति अपना विरोध जताएं। मैंने उनके खिलाफ न तो कुछ कहा है। न ही कुछ किया है। फिर मेरे प्रति ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है?

मंत्री से की नए गंगा पुल को जोड़ने की मांग:पश्चिमी गंगाघाट तक रैंप बनाने और बाढ़ से स्थायी राहत दिलाने का मुद्दा उठाया

निर्माणाधीन नवीन गंगा पुल का लाभ पश्चिमी गंगाघाट की बड़ी आबादी तक पहुंचाने और शहर को हर साल आने वाली बाढ़ से स्थायी राहत दिलाने की मांग तेज हो गई है। पूर्व नौसैनिक एवं संदेश फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप पाण्डेय ने सोमवार दोपहर करीब एक बजे लखनऊ में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात कर दोनों समस्याओं को लेकर पत्र सौंपा। उन्होंने नवीन गंगा पुल से पश्चिमी गंगाघाट की ओर रैंप/एप्रोच मार्ग बनवाने के साथ ही बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कराने की मांग रखी। संदीप पाण्डेय ने मंत्री को दिए पत्र में बताया कि पश्चिमी गंगाघाट के चार वार्डों में करीब 50 हजार की आबादी निवास करती है। क्षेत्र के लोगों के आवागमन में रेलवे क्रॉसिंग पहले से बड़ी बाधा बनी हुई है। ऐसे में निर्माणाधीन नवीन गंगा पुल यदि रेलवे क्रॉसिंग को पार करते हुए आगे निकल जाता है और पश्चिमी गंगाघाट की ओर उतरने के लिए रैंप या एप्रोच मार्ग की व्यवस्था नहीं की जाती है तो क्षेत्र की बड़ी आबादी को पुल का अपेक्षित सीधा लाभ नहीं मिल सकेगा। उन्होंने मांग की कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद बदलाव करने के बजाय अभी निर्माण के दौरान ही तकनीकी सर्वे कराया जाए। सर्वे के आधार पर पश्चिमी गंगाघाट की आबादी को जोड़ने वाले रैंप/एप्रोच मार्ग का प्रावधान किया जाए, जिससे लोगों को पुल तक सुगम पहुंच मिल सके। हर साल बाढ़, स्थायी समाधान की मांग उन्होंने गंगाघाट में प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ का मुद्दा भी मंत्री के सामने रखा। उनका कहना है कि बारिश और गंगा के जलस्तर बढ़ने के दौरान तटवर्ती इलाकों के लोगों को जलभराव और बाढ़ की समस्या का सामना करना पड़ता है। हर वर्ष राहत और बचाव के इंतजाम करने के बजाय समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम किए जाने की जरूरत है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का तकनीकी सर्वे कराकर दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने, आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने और जल निकासी की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। क्षेत्र के भविष्य से जुड़े दोनों मुद्दे
संदीप पाण्डेय ने कहा कि नवीन गंगा पुल का लाभ पश्चिमी गंगाघाट की आबादी तक पहुंचाना और नगर को प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ से स्थायी राहत दिलाना क्षेत्र के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। उन्होंने दोनों मांगों को लेकर संबंधित स्तर पर लगातार प्रयास जारी रखने की बात कही।

सैफई में पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा:नाबालिग समेत दोनों की मौके पर मौत, चालक वाहन लेकर भागा

इटावा के सैफई थाना से करीब 100 मीटर दूर सोमवार शाम करीब 4:30 बजे तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार एक किशोर एक युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सैफई क्षेत्र के मुचेहरा गांव निवासी विशेष उर्फ पप्पू कठेरिया 16 पुत्र दिलीप कुमार और उस्मान 18 पुत्र बाबू खान बाइक से जा रहे थे। दोनों करहल की तरफ से आ रहे थे। इसी दौरान इटावा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। सड़क पर गिरकर दोनों हुए गंभीर घायल पिकअप की टक्कर लगने के बाद दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद जुटी लोगों की भीड़ हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के शवगृह में रखवाया। परिजन पहुंचे तो मचा कोहराम हादसे की जानकारी मिलने पर दोनों मृतकों के परिवार और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवकों की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।

महिला सुरक्षा, खेल प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने दिखाया उत्साह*

सीएटीसी-09 शिविर में साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

बाबा न्यूज़

आगरा। श्री राजेंद्र सिंह कॉलेज, धिमश्री, शमशाबाद रोड में आयोजित सीएटीसी-09 एनसीसी शिविर में कैडेट्स ने प्रशिक्षण गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। कैडेट्स के आत्मविश्वास एवं मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से शिविर में फायरिंग प्रशिक्षण भी कराया गया, जिसमें कैडेट्स ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ भाग लिया।
शिविर के दौरान कैडेट्स को मिशन शक्ति एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मिशन शक्ति प्रभारी एसआई शिवम कश्यप, साइबर सेल प्रभारी एसआई योगेश कन्नौजिया तथा आरक्षी मोनिका ने महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने कैडेट्स को बताया कि महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित सहायता के लिए 1090 हेल्पलाइन तथा घरेलू हिंसा की स्थिति में 181 हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कैडेट्स से अपील की कि किसी भी साइबर अपराध या आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल उचित माध्यम से सहायता प्राप्त करें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
शिविर में आयोजित थ्रो-बॉल प्रतियोगिता में कैडेट्स ने शानदार खेल भावना एवं टीमवर्क का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ब्रावो कंपनी ने प्रथम, अल्फा कंपनी ने द्वितीय तथा डेल्टा कंपनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के माध्यम से कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर 1 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शैलेन्द्र कुमार गुप्ता ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रशासनिक अधिकारी रीना गोस्वामी ने खेल गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स को एकता, अनुशासन एवं सामूहिक भावना का महत्व समझाया।
शिविर में सूबेदार मेजर रोशन लाल, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर कैप्टन सुरत प्यारी, सेकंड ऑफिसर आशा चौहान, सेकंड ऑफिसर अर्चना शर्मा, जीसीआई शालिनी चौधरी, निकिता, राधा सहित पीआई स्टाफ एवं अन्य एनसीसी अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीएटीसी-09 शिविर का उद्देश्य कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता, अनुशासन, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता एवं टीम भावना के प्रति जागरूक कर एक जिम्मेदार एवं सशक्त नागरिक के रूप में विकसित करना रहा।

लखनऊ में दुर्गा स्वरूपा सम्मान समारोह:विभिन्न क्षेत्रों की 13 हस्तियां पुरस्कृत, अग्निशमन कर्मियों और शिक्षकों का अभिनंदन

लखनऊ में दुर्गा स्वरूपा फाउंडेशन की ओर से रविवार को उर्दू अकादमी, विभूति खंड, गोमती नगर में ‘दुर्गा स्वरूपा सम्मान समारोह 2026’ आयोजित किया गया। समारोह में खेल, साहित्य, कला, संस्कृति और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली 13 विभूतियों को ‘दुर्गा स्वरूपा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय तैराक पुष्पा मिश्रा, ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सुजीत कुमार श्रीवास्तव व दानिश मुज्तबा, अंतरराष्ट्रीय एथलीट विमला सिंह और राष्ट्रीय स्तर की टेबल टेनिस खिलाड़ी शिवांशी जोशी को सम्मान मिला। साहित्य के क्षेत्र में डॉ. राम बहादुर मिश्रा, ‘अवध ज्योति’ के संपादक, कवि एवं साहित्यकार रवीश पांडेय तथा दूरदर्शन के संयुक्त निदेशक डॉ. आत्म प्रकाश मिश्रा को सम्मानित किया गया। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में लोक गायिका एवं कवयित्री कुसुम वर्मा, लोक गायक एवं कवि शिव पूजन शुक्ल, थिएटर निर्देशक एवं पटकथा लेखक विनोद मिश्रा तथा एंकर व अभिनेत्री डॉ. अनीता सहगल को सम्मान मिला। समाजसेवा के क्षेत्र में ‘लेडी मोरिंगा’ के नाम से चर्चित डॉ. कामिनी सिंह को सम्मानित किया गया। समारोह में समाजसेवी नम्रता पाठक, दयाशंकर सिंह, पवन सिंह चौहान, बिंदु बोरा, अपर्णा यादव और भाजपा नेता संतोष श्रीवास्तव समेत कई अतिथि मौजूद रहे। सेलिब्रिटी अतिथियों में रॉनी शाह, रश्मि पाठक, अब्बास रिजवी, ट्विंकल कपूर और भव्या कपूर शामिल रहे। समाज की सुरक्षा में योगदान देने वाले उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा के 11 अधिकारियों व कर्मियों को ‘दुर्गा स्वरूपा अग्नि योद्धा सम्मान’ दिया गया। करीब 20 शिक्षकों को ‘गुरु सम्मान’ और लगभग 20 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ‘छात्र वीर सम्मान’ प्रदान किया गया। फाउंडेशन की सचिव रागिनी श्रीवास्तव और अध्यक्ष प्रशांत सिंह ने अतिथियों व सम्मानित विभूतियों का स्वागत किया। रागिनी श्रीवास्तव ने कहा कि फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सेवा के साथ समाज को दिशा देने वाली प्रतिभाओं को पहचान और सम्मान देने के लिए काम करता है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। पूर्व में सम्मानित पद्मश्री नसीम बानो और सुनीता झींगरन की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही।

लखनऊ में नीट छात्रवृत्ति परीक्षा संपन्न:वफ़ा अब्बास की पहल, जरूरतमंद मेधावियों को मिलेगी मुफ्त कोचिंग

लखनऊ में नीट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अम्बर फाउंडेशन की ओर से संचालित छात्रवृत्ति योजना के तहत रविवार को दूसरे सत्र की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। फाउंडेशन के चेयरमैन वफ़ा अब्बास की पहल पर शुरू की गई इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को नीट की तैयारी के लिए छात्रवृत्ति देने की प्रक्रिया चल रही है। चयनित विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति के साथ कोचिंग, विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और मेंटरशिप उपलब्ध कराई जाएगी। चयन के लिए अभ्यर्थियों के परीक्षा प्रदर्शन के साथ उनकी शैक्षणिक क्षमता और आर्थिक स्थिति को भी आधार बनाया जा रहा है। परीक्षा के दूसरे सत्र के संपन्न होने के बाद अब अभ्यर्थियों को परिणाम और चयन प्रक्रिया का इंतजार है। चयनित विद्यार्थियों की आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फाउंडेशन के अनुसार योजना का उद्देश्य आर्थिक कारणों से नीट की तैयारी में कठिनाई का सामना कर रहे मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराना है।

बिजली फाल्ट पर केस्को MD का निरीक्षण:बारिश में गिरे पोल और ट्रांसफार्मर को तेजी से ठीक करने के निर्देश, बोलीं- टीम 24 घंटे एक्टिव रहे

कानपुर में गुरुवार से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक जारी रही। तेज हवाओं और बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में बिजली के फाल्ट हुए। जगह-जगह पोल और बिजली लाइनों को भी नुकसान पहुंचा। केस्को के मुताबिक, शनिवार तक बारिश और तेज हवा के कारण 8 बिजली के पोल गिर गए। इसके अलावा 20 से ज्यादा एचटी और एलटी पोल बदलवाए गए। रविवार को केस्को एमडी नेहा जैन ने खलासी लाइन स्थित ट्रांसफार्मर मरम्मत केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश के कारण हुए बिजली फाल्ट की स्थिति और मरम्मत कार्यों की जानकारी ली। 24 घंटे एक्टिव रहेगी टीम
एमडी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बारिश से हुए सभी फाल्ट को समय से ठीक कराया जाए। फाल्ट की सूचना मिलते ही कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचें और मरम्मत का काम तेजी से पूरा करें। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को बहाल करने के लिए टीमें 24 घंटे एक्टिव रहें। उपकरणों की कमी से नहीं रुकेगी सप्लाई
नेहा जैन ने कहा कि जहां भी पोल, लाइन या अन्य उपकरणों की जरूरत हो, वहां जल्द से जल्द व्यवस्था कर समस्या का समाधान कराया जाए। उन्होंने उपकरण भंडार का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि किसी भी उपकरण की कमी के कारण बिजली सप्लाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी
एमडी ने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली मरम्मत के दौरान सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता न किया जाए। निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए ही मरम्मत कार्य कराया जाए।

नाव से गिरा 40 वर्षीय व्यक्ति:गोमती में 30 घंटे बाद भी नहीं मिला शव; SDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

अयोध्या के बाबा बाजार थाना क्षेत्र के मीरमऊ घाट निवासी 40 वर्षीय शिव कैलाश निषाद शनिवार सुबह गोमती नदी में डूब गए। हादसे के करीब 30 घंटे बाद भी उनका शव नहीं मिल सका है। परिजनों के मुताबिक, शिव कैलाश को दौरे पड़ने की शिकायत थी। शनिवार 26 सितंबर की सुबह वे नाव पर बैठकर दातुन कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से नदी में गिर गए। सूचना मिलते ही एसडीएम रुदौली विनोद कुमार गुप्ता और सीओ अरविंद सोनकर मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों ने तलाश की, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद SDRF टीम को बुलाया गया। मीरमऊ घाट से सुल्तानपुर तक तलाश शनिवार दोपहर से SDRF और स्थानीय पुलिस लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। थानाध्यक्ष बाबा बाजार शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि मीरमऊ घाट से लेकर सुल्तानपुर के सीताकुंड तक नदी में तलाश की जा रही है। तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। पुलिस ने ग्रामीणों को संपर्क नंबर दिए हैं। नदी में शव या कोई संदिग्ध चीज दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई है। स्थानीय ग्रामीण भी नावों के जरिए अपने स्तर पर तलाश कर रहे हैं। घाट पर इंतजार कर रहा परिवार शिव कैलाश के नदी में डूबने के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन घाट पर बैठकर शव मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। SDRF का सर्च ऑपरेशन शव मिलने तक जारी रहेगा।