Breaking News
सोनभद्र इंजीनियरिंग कॉलेज की 3 छात्राएं AKTU मेरिट में:समृद्धि कुशवाहा को पहली और अराधना को मिली सातवीं रैंक, गोमती ने नौवां स्थान हासिल किया

राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र की तीन छात्राओं ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) की बी.टेक. परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि कॉलेज के विद्युत अभियंत्रण विभाग के लिए गौरव का विषय है। इन छात्राओं में समृद्धि कुशवाहा (रोल नंबर: 2208410200037) ने 9.04 सीजीपीए के साथ विश्वविद्यालय में पहली रैंक हासिल की। आराधना तिवारी (रोल नंबर: 2308410209002) ने 8.87 सीजीपीए के साथ सातवीं रैंक और गोमती प्रसाद साहू (रोल नंबर: 2208410200016) ने 8.85 सीजीपीए के साथ नौवीं रैंक प्राप्त की है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महाविद्यालय के निदेशक प्रो. के. एस. वर्मा, विद्युत अभियंत्रण विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रताप सिंह, तथा विभाग के प्राध्यापक डॉ. आर. के. पटेल और श्री राम वैस सहित समस्त संकाय सदस्यों ने छात्राओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निदेशक प्रो. के. एस. वर्मा ने इस उपलब्धि को महाविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम का परिणाम बताया। विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रताप सिंह ने छात्राओं की सफलता को विभाग के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन ने विद्युत अभियंत्रण विभाग को विश्वविद्यालय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है। डॉ. सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी विभाग के विद्यार्थी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *