Breaking News
सांप ने युवक को डसा, परिजन झाड़फूंक कराते रहे:पीलीभीत में समय पर इलाज न मिलने से हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते एक युवक की जान पर बन आई। जहरीले सांप के डसने के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक कराते रहे। काफी देर बाद हालत बिगड़ने पर युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एंटी-वेनम देकर उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर लेकिन नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ओमपाल (25) रविवार सुबह गांव के एक स्कूल मैदान में टहलने गया था। इसी दौरान घास में छिपे एक जहरीले सांप ने उसके पैर में काट लिया। सांप के डसते ही ओमपाल दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़ा। उसे तेज दर्द, घबराहट और चक्कर आने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। हालांकि, जागरूकता की कमी के कारण परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक कराने के लिए आसपास के गांवों में ओझा-तांत्रिकों के पास लेकर घूमते रहे। इस दौरान प्राथमिक उपचार और समय पर चिकित्सा नहीं मिल सकी। बताया गया कि जब झाड़फूंक करने वाले तांत्रिकों ने युवक की बिगड़ती हालत देखी तो उन्होंने भी इलाज करने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन ओमपाल को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया। उसे सांप के जहर का असर कम करने के लिए एंटी-वेनम इंजेक्शन दिया। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। समय रहते इलाज शुरू कर दिया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है, लेकिन वह अभी भी चिकित्सकीय निगरानी में है।

चंदौली में सरकारी काम में बाधा डालने वाले 7 गिरफ्तार:भूमि पैमाइश के दौरान पुलिस-राजस्व टीम पर हमले का आरोप, सिपाही के साथ मारपीट की थी

चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने कबीरपुर गांव के पास से सात लोगों को हिरासत में लिया है। इन सभी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस व राजस्व टीम पर हमला करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्मार्टफोन और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। पुलिस टीम ने सतीश सोनकर, शिवम सोनकर, सन्नी सोनकर, सुशील सोनकर, गीता देवी, नगीना कुमारी और सोनी देवी को गिरफ्तार किया है। इन सभी को मामले की जांच के दौरान हिरासत में लिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
यह मामला 27 जून का है, जब इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर कबीरपुर में एक भूमि की पैमाइश और सीमांकन की कार्रवाई राजस्व विभाग और पुलिस टीम की मौजूदगी में की जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने सीमांकन कार्य का विरोध किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोपियों ने पुलिस और राजस्व टीम पर जानलेवा हमला किया, सीमांकन कार्य में प्रयुक्त जरीब छीन ली और सरकारी कार्य रुकवा दिया। उन्होंने राजस्व और पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। घटना का वीडियो बना रही महिला सिपाही रिंसू सिंह के साथ मारपीट की गई और उनका स्मार्टफोन छीन लिया गया। इस घटना के संबंध में राजस्व निरीक्षक बिहादुर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक जरीब (सीमांकन कार्य में प्रयुक्त) और एक स्मार्टफोन बरामद किया है। पुलिस टीम में मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, सूरज कुमार, वीरेंद्र सिंह, सुनील कुमार गुप्ता, अरविंद यादव, निशांत, वंदना और निशा शामिल रहे।

सोनभद्र इंजीनियरिंग कॉलेज की 3 छात्राएं AKTU मेरिट में:समृद्धि कुशवाहा को पहली और अराधना को मिली सातवीं रैंक, गोमती ने नौवां स्थान हासिल किया

राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र की तीन छात्राओं ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) की बी.टेक. परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि कॉलेज के विद्युत अभियंत्रण विभाग के लिए गौरव का विषय है। इन छात्राओं में समृद्धि कुशवाहा (रोल नंबर: 2208410200037) ने 9.04 सीजीपीए के साथ विश्वविद्यालय में पहली रैंक हासिल की। आराधना तिवारी (रोल नंबर: 2308410209002) ने 8.87 सीजीपीए के साथ सातवीं रैंक और गोमती प्रसाद साहू (रोल नंबर: 2208410200016) ने 8.85 सीजीपीए के साथ नौवीं रैंक प्राप्त की है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महाविद्यालय के निदेशक प्रो. के. एस. वर्मा, विद्युत अभियंत्रण विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रताप सिंह, तथा विभाग के प्राध्यापक डॉ. आर. के. पटेल और श्री राम वैस सहित समस्त संकाय सदस्यों ने छात्राओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निदेशक प्रो. के. एस. वर्मा ने इस उपलब्धि को महाविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम का परिणाम बताया। विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रताप सिंह ने छात्राओं की सफलता को विभाग के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन ने विद्युत अभियंत्रण विभाग को विश्वविद्यालय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है। डॉ. सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी विभाग के विद्यार्थी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

आजमगढ़ में शिवपाल यादव बोले- 2027 में अखिलेश बनेंगे सीएम:राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कहा- बड़े लोगों को बचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए

आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से लड़ेगी। भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। शिवपाल यादव पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम करेली की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इससे एक दिन पहले शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी चंद्रदेव राम करेली के आवास पहुंचे थे। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बड़े लोगों को बचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए मीडिया से बातचीत में शिवपाल यादव ने अयोध्या राम मंदिर में हुई चोरी की घटना पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- भगवान राम के मंदिर में चोरी होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को पूरे मामले का गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। बड़े लोगों को बचाने और छोटे लोगों पर कार्रवाई करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच हो और जो भी दोषी हों, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।” उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। सरकार ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया। इसी वजह से जनता आगामी चुनाव में भाजपा को हराने का काम करेगी।

100 करोड़ की 38 बीघा सरकारी जमीन निजी घोषित:DDC कोर्ट के आदेश पर राज्य सरकार के नाम दर्ज, डीएम-एसपी ने की जांच

संभल में 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 38 बीघा सरकारी जमीन को अवैध रूप से निजी भू-स्वामियों के नाम दर्ज कर बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद हुई जांच में पता चला कि इस जमीन का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। यह बेशकीमती ‘नवीन परती’ भूमि संभल-मुरादाबाद हाईवे पर स्थित है, जिसके चार प्लॉट नंबर एक साथ जुड़े हुए हैं। डीडीसी कोर्ट के आदेश पर अब खतौनी से निजी खातेदारों के नाम हटा दिए गए हैं और भूमि को राज्य सरकार तथा ग्राम सभा के नाम दर्ज कर दिया गया है। रविवार शाम करीब 4:30 बजे, जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने तहसील संभल के थाना रायसत्ती क्षेत्र के गांव तख्त गोसाईं का दौरा किया। उन्होंने गाटा संख्या 206, 207, 233, 242/378 और 279 में लगभग डेढ़ घंटे तक जांच की।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह भूमि वर्ष 1954 में नगर पालिका परिषद संभल को प्रबंधन के लिए दी गई थी। इसके 13 साल बाद, वर्ष 1967 में, नगर पालिका परिषद ने कथित तौर पर कुछ पट्टेदारों को इस जमीन का पट्टा आवंटित कर दिया। प्रथम दृष्टया, नगर पालिका को प्रबंधन के लिए दी गई जमीन का पट्टा करने का अधिकार नहीं था, इसलिए यह पट्टा शुरू से ही शून्य था। इसके बाद यह जमीन पट्टेदारों के कब्जे में आ गई। वर्ष 1991 में, अपर तहसीलदार कोर्ट ने सईदउल्लाह सहित इन अवैध कब्जाधारियों को अवैध घोषित करते हुए उनकी बेदखली का आदेश दिया था। इसके बाद अपर जिलाधिकारी कोर्ट में अपील की गई, लेकिन वर्ष 1992 में वह अपील भी खारिज हो गई। कोर्ट ने कब्जाधारियों को अवैध मानते हुए इसे सरकारी जमीन घोषित किया था। इसके उपरांत, कब्जाधारियों द्वारा चकबंदी कोर्ट में वाद दायर किया गया। डीडीसी के स्तर से उन्हें पुनः सुनवाई का अवसर दिया गया। वर्ष 2005 में यह मामला फिर से चकबंदी अधिकारी के पास पहुंचा, जिन्होंने सुनवाई के बाद इसे ग्राम सभा की भूमि के रूप में यथावत रखने का आदेश दिया। 2005 के आदेश के विरुद्ध एसओसी के यहां अपील की गई। यह अपील भी खारिज हो गई और एक बार फिर इसे सरकारी जमीन मानते हुए राज्य सरकार की भूमि बताया गया। हालांकि, वर्ष 2008 में तत्कालीन डीडीसी प्रेम सिंह खड़क ने अपने क्षेत्राधिकार से परे जाकर और गलत तथ्यों के आधार पर इस जमीन को निजी खातेदारों का बता दिया। उन्होंने निजी खातेदारों को कब्जा दिए जाने के आदेश भी जारी कर दिए। डीएम ने बताया कि 2005 और 2008 में डीडीसी ने अपने क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर इस सरकारी जमीन को निजी खातेदारों के नाम कर दिया था। इस आदेश के खिलाफ नगर पालिका प्रबंधन ने हाईकोर्ट में अपील दायर करने का प्रयास किया। अपील दाखिल भी हुई, लेकिन 2013 में तत्कालीन ईओ राजकुमार गुप्ता ने हाईकोर्ट में एक आवेदन दायर कर कहा कि नगर पालिका इस मामले में पैरवी करने की इच्छुक नहीं है। इसके बाद यह मामला कई स्तरों पर जांच के दायरे में आया। डीएम ने कहा कि हाल ही में जब यह प्रकरण अधिकारियों के संज्ञान में आया, तो 1954 से अब तक की पूरी जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि यह जमीन ‘नवीन परती’ की है और इसका उपयोग अलग-अलग समय पर गलत लोगों द्वारा व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए किया गया था। तत्काल संज्ञान लेते हुए एक टीम का गठन किया गया। चूंकि डीडीसी कोर्ट के आदेश से खातेदार दर्ज किए गए थे, इसलिए डीडीसी कोर्ट में पुनर्स्थापना (रिस्टोरेशन) याचिका दायर की गई। यह सुनिश्चित किया गया कि मामले की सुनवाई प्रतिदिन हो। डीएम के अनुसार सुनवाई रोकने के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कुछ लोगों द्वारा प्रयास भी किए गए। अंततः, डीडीसी कोर्ट ने राज्य सरकार के पक्ष में निर्णय सुनाया। इस क्रम में, खतौनी से उन खातेदारों के नाम तुरंत हटाकर राज्य सरकार और ग्राम सभा का नाम ‘नवीन परती’ के अंतर्गत दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि तत्कालीन ईओ, उस समय के नगर पालिका के मानचित्र बनाने वाले कर्मी, 2005 और 2008 के डीडीसी, बैनामा कराने वाले सभी संबंधित व्यक्तियों और मूल पट्टेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। विभागीय कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।

राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम : नवीन जैन

 

बाबा न्यूज 

आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने रविवार को कमला नगर स्थित अपने आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को सुना।

इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेरक संबोधन 140 करोड़ देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारत की बढ़ती रक्षा आत्मनिर्भरता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार, ईंधन बचत और जनभागीदारी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते उपयोग, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण एवं जैव विविधता संरक्षण तथा वैज्ञानिक सोच अपनाकर अंधविश्वास से दूर रहने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से देशवासियों का मार्गदर्शन किया।

नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वदेशी रक्षा उत्पादन को भारत की नई ताकत बताया और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, महिलाओं की भागीदारी, नवाचार और आधुनिक तकनीक को विकसित भारत की मजबूत नींव बताया।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी को मजबूत करने और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री के विचार विकसित भारत के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने वाले हैं।

भाविप संस्कार शाखा ने विद्यालय को भेंट किया वाटर कूलर

बाबा न्यूज
आगरा। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा की ओर से डॉ. सूरज प्रकाश की 106वीं जयंती पर नगला हवेली, दयालबाग स्थित केशवदास सरस्वती शिशु मंदिर में विद्यार्थियों के लिए वाटर कूलर स्थापित किया गया। मुख्य अतिथि प्रांतीय गतिविधि संयोजक (सेवा) टीटू गोयल ने फीता खोलकर वाटर कूलर का उद्घाटन किया। शाखा संरक्षक डॉ. केशव दत्त गुप्ता ने डॉ. सूरज प्रकाश के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, समाजोत्थान और मानवीय मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित किया। उनके आदर्श आज भी समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
शाखा अध्यक्ष मनोज अग्रवाल पोली भाई व सचिव प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि गर्मी के मौसम में विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों को ठंडे एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए शाखा द्वारा वाटर कूलर स्थापित किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य मुकेश कुमार गुप्ता ने संस्कार शाखा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह वाटर कूलर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इस अवसर पर शाखा कोषाध्यक्ष जितेन्द्र बंसल, जगदीश बंसल, जय किशन गुप्ता, विजय मोहन गुप्ता, राम प्रकाश गुप्ता, राधा गुप्ता आदि उपस्थित रहे।