Breaking News
सहारनपुर में भीम आर्मी ने कलेक्ट्रेट घेरा:बोले- बैकलॉग पद भरें, जातिगत जनगणना कराएं; 9 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा

सहारनपुर में भीम आर्मी जय भीम संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 3:30 बजे संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आदिवासी वर्गों से जुड़ी 9 प्रमुख मांगें रखी गईं। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार और लीगल सेल के जिलाध्यक्ष सुमित कुमार एडवोकेट ने किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वंचित वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में अधिकार और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। लोकतंत्र के चारों स्तंभों में आरक्षण की मांग ज्ञापन में विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और पत्रकारिता में दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आदिवासी वर्गों को उनकी संख्या के अनुपात में आरक्षण देने की मांग की गई। इसके साथ ही पदोन्नति में आरक्षण लागू करने और लंबे समय से खाली पड़े बैकलॉग पदों को भरने की भी मांग उठाई गई। संगठन ने कहा कि आजादी के बाद भी वंचित वर्गों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। ज्ञापन में जातिगत जनगणना कराने, आबादी के आधार पर हिस्सेदारी तय करने और भूमिहीन परिवारों को स्थायी पट्टे देने की मांग की गई। NEET, JEE और UPSC में आरक्षण लागू करने की मांग कार्यकर्ताओं ने एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में शिक्षा में आरक्षण देने की मांग की। साथ ही NEET, JEE और UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में भी आरक्षण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में संविधान की शिक्षा अनिवार्य करने की मांग भी रखी गई। सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग ज्ञापन में नगर निगम और नगर पंचायतों में कार्यरत संविदा सफाई कर्मचारियों को नियमित करने, ठेका प्रथा समाप्त करने और सफाई व्यवस्था में आधुनिक मशीनों के उपयोग की मांग की गई। इसके अलावा दलित, मुस्लिम, पिछड़े और आदिवासी समाज के लोगों पर होने वाली हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की भी मांग उठाई गई। किसानों-मजदूरों के मुद्दे भी उठाए संगठन ने भूमिहीन गरीबों को कृषि भूमि के पट्टे देने, न्यूनतम मजदूरी 1000 रुपए प्रतिदिन करने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार एमएसपी तय करने और 100 प्रतिशत फसल बीमा लागू करने की मांग की। जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था होने के बावजूद हजारों बैकलॉग पद खाली पड़े हैं। रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं, जिससे वंचित वर्गों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन देशभर में बड़ा आंदोलन करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *