Breaking News
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का  सांसद नवीन जैन के आवास पर किया भव्य स्वागत

 

 

बाबा न्यूज 

आगरा। आगरा प्रवास के दौरान एक कार्यक्रम में सहभागिता के उपरांत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला राज्यसभा सांसद नवीन जैन के कमला नगर स्थित आवास पहुंचे। इस अवसर पर उनके साथ महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो• श्रीराम शिंदे भी मौजूद रहे। उनके आगमन पर उत्साह एवं आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला एवं महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो• श्रीराम शिंदे का गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया।

आवास पहुंचने पर बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला एवं महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति श्री राम शिंदे का पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे परिसर का वातावरण स्वागत नारों से गूंज उठा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन के परिवारजनों से भी आत्मीय एवं शिष्टाचार भेंट की। उनका कुशलक्षेम जाना। पारिवारिक वातावरण में हुई इस मुलाकात के दौरान आत्मीयता एवं सौहार्द्र का विशेष माहौल देखने को मिला।

पूरे आयोजन के दौरान गरिमामय, आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो• श्रीराम शिंदे के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनियां, महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधायक जी एस धर्मेश, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, पार्षद पंकज अग्रवाल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पूर्व पार्षद अमित ग्वाला, वंश अग्रवाल, दीपिका मित्तल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

आवासीय भवन में व्यावसायिक उपयोग करने पर 9 को नोटिस:GDA ने की जांच; शमन मानचित्र दाखिल न करने पर किया जाएगा सील

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से लगातार दूसरे दिन भी आवासीय भवनों में व्यावसायिक उपयोग की जांच की गई। देवरिया बाईपास रोड के किनारे बुद्ध विहार कालोनी में बने भवनों में व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। मंगलवार को प्राधिकरण की टीम ने 9 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किया है। उनसे शमन मानचित्र पास कराकर भवन को व्यावसायिक उपयोग के लिए अनुमोदित कराने को कहा गया है। शमन न कराने पर भवन को सील कर दिया जाएगा। प्राधिकरण की टीम ने सोमवार को कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, हॉस्टल आदि में जांच के साथ ही बुद्ध विहार योजना में उन भवनों की जांच भी की थी, जहां आवासीय मानचित्र पर व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। सोमवार को 10 लोगों को नोटिस जारी किया गया था। दो दिन में 19 लोगों को नोटिस जारी किया जा चुका है। प्राधिकरण की ओर से ऐसे भवन एवं भू स्वामियों को चेतावनी दी गई है कि आवासीय भू उपयोग के विरुद्ध संचालित किए जा रहे शोरूम, व्यावसायिक दुकानों और होटलों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण का कहना है कि बिना वैध भू उपयोग परिवर्तन के आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को संचालित करने से स्थानीय बुनयादी ढांचे पर दबाव पड़ता है। यह विकास प्राधिकरण के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन भी है।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बातया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण, स्वीकृत मानचित्र के विपरीत उपयोग एवं भवन मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सहारनपुर में भीम आर्मी ने कलेक्ट्रेट घेरा:बोले- बैकलॉग पद भरें, जातिगत जनगणना कराएं; 9 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा

सहारनपुर में भीम आर्मी जय भीम संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 3:30 बजे संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आदिवासी वर्गों से जुड़ी 9 प्रमुख मांगें रखी गईं। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार और लीगल सेल के जिलाध्यक्ष सुमित कुमार एडवोकेट ने किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वंचित वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में अधिकार और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। लोकतंत्र के चारों स्तंभों में आरक्षण की मांग ज्ञापन में विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और पत्रकारिता में दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आदिवासी वर्गों को उनकी संख्या के अनुपात में आरक्षण देने की मांग की गई। इसके साथ ही पदोन्नति में आरक्षण लागू करने और लंबे समय से खाली पड़े बैकलॉग पदों को भरने की भी मांग उठाई गई। संगठन ने कहा कि आजादी के बाद भी वंचित वर्गों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। ज्ञापन में जातिगत जनगणना कराने, आबादी के आधार पर हिस्सेदारी तय करने और भूमिहीन परिवारों को स्थायी पट्टे देने की मांग की गई। NEET, JEE और UPSC में आरक्षण लागू करने की मांग कार्यकर्ताओं ने एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में शिक्षा में आरक्षण देने की मांग की। साथ ही NEET, JEE और UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में भी आरक्षण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में संविधान की शिक्षा अनिवार्य करने की मांग भी रखी गई। सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग ज्ञापन में नगर निगम और नगर पंचायतों में कार्यरत संविदा सफाई कर्मचारियों को नियमित करने, ठेका प्रथा समाप्त करने और सफाई व्यवस्था में आधुनिक मशीनों के उपयोग की मांग की गई। इसके अलावा दलित, मुस्लिम, पिछड़े और आदिवासी समाज के लोगों पर होने वाली हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की भी मांग उठाई गई। किसानों-मजदूरों के मुद्दे भी उठाए संगठन ने भूमिहीन गरीबों को कृषि भूमि के पट्टे देने, न्यूनतम मजदूरी 1000 रुपए प्रतिदिन करने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार एमएसपी तय करने और 100 प्रतिशत फसल बीमा लागू करने की मांग की। जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था होने के बावजूद हजारों बैकलॉग पद खाली पड़े हैं। रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं, जिससे वंचित वर्गों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन देशभर में बड़ा आंदोलन करेगा।

संभल शहर में 6 घंटे बिजली बंद रहेगी:चंदौसी चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए शिफ्ट होंगे खंभे और ट्रांसफार्मर

संभल शहर के चंदौसी चौराहे के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण के कार्य के कारण बुधवार को छह घंटे के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा हाईटेंशन लाइन और ट्रांसफार्मर शिफ्ट किए जाने हैं, जिससे शहर की लगभग डेढ़ लाख आबादी प्रभावित होगी। विद्युत विभाग संभल के अधिशासी अभियंता रघुनाथ तित्तल ने मंगलवार शाम 6 बजे इस संबंध में विद्युत उपभोक्ताओं के लिए एक पत्र जारी किया। पत्र के अनुसार, बुधवार सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बिजली बंद रहेगी। यह कटौती चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए दो ट्रांसफार्मर, 11,000 और 36,000 केवी की हाईटेंशन लाइन तथा खंभों को शिफ्ट करने के लिए की जा रही है। इस दौरान 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र संभल (टाउन) और 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र तहसील से जुड़े क्षेत्रों में आपूर्ति बंद रहेगी। प्रभावित होने वाले मुख्य मोहल्लों में हल्लू सराय, बरेली सराय, दुर्गा कॉलोनी, सरथल चौकी, जगत, कोर्ट गर्वी, कोट पूर्वी, मैन बाजार चमन सराय, मोहल्ला ठेर, सर्राफा बाजार, शेर खां सराय और चंदौसी रोड का पूरा क्षेत्र शामिल है। चंदौसी चौराहे के सौंदर्यीकरण का कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा किया जा रहा है, जो विद्युत लाइनों के शिफ्ट न होने के कारण प्रभावित हो रहा था। लगभग एक साल पहले इस चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए अभियान चलाकर दुकानों को तोड़ा गया था और पुलिस बूथ भी हटाया गया था। 15वें वित्त आयोग के तहत चंदौसी चौराहे पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापित की जानी है। चौराहे के संकरा होने के कारण यह कार्य रुका हुआ था। बिजली की लाइनों की शिफ्टिंग के बाद चौराहे का सौंदर्यीकरण पूरा होगा और प्रतिमा की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा।

नोएडा में दो ग्रुप हाउसिंग से 666 करोड़ का राजस्व:सेक्टर 151 में है दोनों भूखंड, ये पैसा विकास कार्य में किया जाएगा खर्च

नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-151 स्थित ग्रुप हाउसिंग के दो प्रमुख भूखंडों की ई-नीलामी सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। दोनों भूखंडों के आवंटन से प्राधिकरण को अगले 90 दिनों के भीतर करीब 666 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। प्राधिकरण द्वारा ग्रुप हाउसिंग भूखंड योजना 2025-26 (11) के तहत ग्रुप हाउसिंग भूखंड संख्या जीएच-3 और जीएच-4, दोनों का क्षेत्रफल 20,050 वर्गमीटर, ई-निविदा के माध्यम से आवंटन के लिए जारी किया गया था। दोनों भूखंडों के लिए आरक्षित मूल्य 245.74 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था। इन दोनों कंपनी ने लगाई बोली मंगलवार को एचडीएफसी बैंक के माध्यम से ई-निविदा प्रक्रिया पूरी की गई। इसमें जीएच-3, सेक्टर-151 के लिए वीआरसी कंस्ट्रक्शन (इंडिया) लिमिटेड ने 334.21 करोड़ रुपये की सर्वाधिक बोली लगाई। वहीं जीएच-4, सेक्टर-151 के लिए गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने 331.75 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाई।
90 दिन में करना होगा जमा प्राधिकरण के अनुसार, दोनों भूखंडों के आवंटन से कुल करीब 666 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा, जो आवंटन की तिथि से 90 दिनों के भीतर प्राधिकरण के खाते में जमा कराया जाएगा। यह राशि शहर के विकास कार्यों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में उपयोग की जाएगी।

मैनपुरी में 240 स्कूल वाहन अनफिट मिले:डीएम ने कहा- अनफिट वाहन चला तो स्कूल प्रबंधन पर होगी कार्रवाई

मैनपुरी प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना फिटनेस वाला कोई भी स्कूल वाहन सड़क पर नहीं चलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अनफिट वाहन से दुर्घटना होने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई होगी। बैठक में सामने आया कि जनपद के 252 विद्यालयों के नाम पर कुल 745 वाहन पंजीकृत हैं। इनमें से 240 वाहनों में फिटनेस, परमिट, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई है। जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से इन सभी कमियों को जल्द दूर किया जाए, ताकि वाहन नियमानुसार संचालित हो सकें। डीएम ने कहा कि यदि विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा स्कूल वाहन मालिकों का शोषण किया गया, तो दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी कीमत पर अनफिट वाहनों का उपयोग बच्चों के परिवहन के लिए न हो। विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को भी कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। सभी विद्यालयों में अग्निशमन यंत्रों की नियमित जांच कर उन्हें चालू हालत में रखने को कहा गया। साथ ही, इलेक्ट्रिक वायरिंग और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी की भी जांच कराने के निर्देश दिए गए, क्योंकि अधिकांश अग्निकांड बिजली संबंधी खामियों के कारण होते हैं। विद्यालयों में ऑटो-कट सिस्टम और फायर हाइड्रेंट जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं विकसित करने पर भी बल दिया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को आग लगने, भूकंप और अन्य आपदाओं के समय बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए। विद्यालयों में रोड सेफ्टी क्लब सक्रिय रखकर छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। इसके अतिरिक्त, स्कूल वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और चरित्र सत्यापन को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। उन्होंने परिवहन और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि ओवरस्पीड, बिना सीट बेल्ट और हेलमेट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं तथा मुख्य मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। सड़क किनारे गिट्टी और मोरम रखकर बिक्री करने वालों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे। बैठक का संचालन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सिद्धार्थ यादव ने किया।