Breaking News
ट्यूशन पढ़कर लौट रहे छात्र को दबंगों ने पीटा

 

बीच-बचाव करने आए परिजनों पर भी हमला, दो गंभीर

बाबा न्यूज
फतेहाबाद। थाना डौकी के ग्राम गढ़ी परशुराम में सोमवार सुबह ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे छात्र को रास्ते में रोककर दबंगों ने बेरहमी से पीट दिया। शिकायत करने पर दबंगों ने पीड़ित परिवार पर लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना डौकी क्षेत्र के ग्राम गढ़ी परशुराम निवासी तेजसिंह पुत्र हेतसिंह ने थाने में तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि वह सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे ट्यूशन से लौट रहा था, तभी रास्ते में गांव के दबंगों ने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित छात्र की मां जब शिकायत करने आरोपियों के घर पहुंचीं, तो उन्होंने उनसे भी अभद्रता की। बीच-बचाव के लिए आए परिजन जितेंद्र व मलोदा देवी पर दबंगों ने कुल्हाड़ी व लाठियों से हमला बोल दिया। हमले में जितेंद्र व मलोदा के भी गंभीर चोट आई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

रक्तदान कर दिया समाज को जीवन बचाने का संदेश

 

भारत विकास परिषद संपर्क शाखा ने लगाया शिविर

बाबा न्यूज 

आगरा। भारत विकास परिषद संपर्क शाखा की ओर से रक्तदान शिविर व रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड बैंक पर किया गया। शुरुआत महापौर हेमलता दिवाकर, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय प्रकाश, नेशनल चेंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, प्रांतीय उपाध्यक्ष रवि शिवहरे और डॉ. केशव प्रसाद मौर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान करने से शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और खून बड़ी तेजी से ताजा बनता है। आमतौर पर लोग रक्तदान करने से कतराते हैं। कभी बीमारी का बहाना तो कभी हीमोग्लोबिन कम होने के चलते कदम पीछे खींच लेते हैं। जबकि आपातकाल के समय इससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है।

सचिव नितिन गुप्ता ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना ही शिविर का मुख्य उद्देश्य है। कुल 108 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर में नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर संयोजक रोहित सिंघल, अनुज जैन, आदित्य गोयल, अनुज अग्रवाल, विवेक गुप्ता, अभिषेक शर्मा, शेलेंद्र चौहान, आलोक गुप्ता, देविका गुप्ता, अम्बा प्रसाद गर्ग, मनोज रावत आदि मौजूद रहे।

चार्टर्ड अकाउंटेंटस का रक्तदान महाअभियान शुरू, पहले दिन 178 यूनिट रक्तदान

 

एक जुलाई तक है 500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य, नेत्रदान को भी किया जागरूक

बाबा न्यूज 

आगरा। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के 78वें दिवस पर आईसीएआई आगरा शाखा द्वारा दिल्ली गेट स्थित समर्पण ब्लड बैंक में विशाल रक्तदान शिविर एवं नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल, शाखा अध्यक्ष सीए सौरभ नारायण सक्सेना, सचिव सीए सचिन बूबना, समर्पण ब्लड बैंक के योगेश कंसल, बृज मोहन अग्रवाल और सीए विवेक अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचा सकता है। उन्होंने युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट से समाज सेवा के ऐसे कार्यों में निरंतर सहभागिता का आह्वान किया।

शाखा अध्यक्ष सीए सौरभ नारायण सक्सेना व सचिव सीए सचिन बूबना ने बताया कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना प्रत्येक चार्टर्ड अकाउंटेंट का दायित्व है और इस प्रकार के सेवा कार्य संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।इस वर्ष आयोजित रक्तदान शिविर का लक्ष्य लगभग 500 यूनिट रक्त संग्रह का है। रविवार को 178 यूनिट रक्त संग्रह किया और लक्ष्य प्राप्ति के लिए ये शिविर लगातार 1 जुलाई तक निरंतर चलता रहेगा। रक्तदान के अवसर पर सिकासा चेयरमैन अंकित मित्तल, गौरव सिंघल, साक्षी जैन, लोकेश गर्ग, अविरल अग्रवाल, अनुराग बंसल, सुमित जैन, रजत गोयल, नंदिनी जैन, प्रमित जैन, अजय जैन, शरद मंगल, हिमांशु गर्ग, शैलेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

लायंस क्लब आगरा प्रयास ने समाज सेवा को समर्पित की एंबुलेंस, समाजसेवियों का किया सम्मान

दो छात्राओं की वार्षिक फीस भी कराई जमा, सेवा कार्यों के लिए पदाधिकारियों को किया सम्मानित
बाबा न्यूज
आगरा। लायंस क्लब आगरा प्रयास ने अपने सेवा कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को दीनदयाल धाम, मथुरा स्थित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति को एक एंबुलेंस भेंट की। सेवा कार्यक्रम का आयोजन सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में किया गया।
मुख्य अतिथि लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान ने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के कोषाध्यक्ष शशिकांत गुप्ता को एंबुलेंस की चाबी सौंपते हुए कहा कि गौसेवा और मानव सेवा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
क्लब अध्यक्ष रितेश मांगलिक ने बताया कि वर्ष 2025-26 के कार्यकाल में क्लब द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, गरीब एवं जरूरतमंदों की सहायता, विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित अनेक जनहितकारी सेवा कार्य किए गए हैं। पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि एंबुलेंस सेवा के साथ-साथ क्लब ने दो स्कूली छात्राओं की वार्षिक फीस का भी वहन कर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े समाजसेवी सुनील विकल, हेल्प आगरा के मुकेश जैन तथा नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता का विशेष सम्मान किया गया। वहीं उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल, सचिव विनीत खेरा, पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल, वर्तमान अध्यक्ष रितेश मांगलिक, सचिव सुरभि पाटनी एवं कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत तनुजा मांगलिक ने किया। इस अवसर पर क्लब के पूर्व मंडलाध्यक्ष संजीव तोमर, डॉ. संदीप अग्रवाल, संदीप पाटनी, रीना गर्ग, इरा खेरा, संजीव सरीन, रेशमा मगन, डॉ. परिणीता बंसल, कपिल मगन, आनंद प्रकाश, रेखा बत्रा, हरीश बत्रा, संजीव चंद्र, अंशुमन बावरी, गीतिका अग्रवाल, आलोक अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।