बलिया में DM-SP ने सुनीं जनसमस्याएं:209 शिकायतें आईं, 22 का मौके पर निस्तारण
बलिया में डीएम मंगला प्रसाद सिंह और एसपी ओमवीर सिंह ने शनिवार को तहसील रसड़ा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 209 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। समाधान दिवस में जाति प्रमाण पत्र, खड़ंजा निर्माण, नाली पर अवैध कब्जा, वरासत, बैनामा और विद्युत आपूर्ति से संबंधित विभिन्न शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत पर सुनवाई की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम छितौनी में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल और कानूनगो को मौके पर जाकर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसी तरह, ग्राम चिंतामनपुर में दो भाइयों के बीच भूमि विवाद के मामले में संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) को तत्काल मौके पर पहुंचकर विवाद का निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम गाजियापुर में नवीन परती भूमि पर बसे लोगों को हटाने संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित लेखपाल को निर्देश दिया कि यदि वहां रह रहे व्यक्ति पात्र हों, तो नियमानुसार उनके नाम पट्टा कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सभी राजस्व और पुलिस अधिकारियों को भूमि विवाद से जुड़े मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने और शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में महिलाओं के लिए नवनिर्मित शौचालय का उद्घाटन किया और वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय कुमार राय, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

