Breaking News
गोंडा में सड़क हादसे के बाद प्रदर्शन, 84 पर केस:थाने के गेट पर शव रखकर किया था हंगामा, रोड जाम की थी

गोंडा में परसपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक दीपक की मौत के बाद थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन करना परिजनों और अन्य लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस ने शुक्रवार शाम 6 बजे प्रदर्शन और सड़क जाम के मामले में 34 नामजद और 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। यह कार्रवाई शुक्रवार देर शाम उपनिरीक्षक आकाशदीप सिंह की तहरीर पर की गई। सरकारी कार्य में बाधा और सड़क जाम का आरोप पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189(2), 285, 126(2) और 221 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अमित कुमार गुप्ता को सौंपी गई है। हादसे के बाद थाने के गेट पर रखा था शव पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब नौ बजे हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय दीपक की मौत हो गई थी। इसके अगले दिन 27 जुलाई की शाम करीब छह बजे परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण परसपुर थाने पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पिकअप वाहन के बोनट पर शव रखकर थाने के गेट पर प्रदर्शन किया और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। 34 लोगों को किया नामजद उपनिरीक्षक आकाशदीप सिंह की तहरीर में अमरेश यादव, बबलू, गौतम, शुभम, रंजीत, राहुल, पृथ्वीराज, अजय, निरंकार, जय कश्यप उर्फ जगदीश कश्यप, गोलू कश्यप, रुद्र मिश्रा, रविंद्र कश्यप, अजय, सुनील कश्यप, शिवम राज कश्यप, अमर सैनी, ननके, भोजराज, अल्लू, रिंकू कश्यप, सोनू कश्यप, गोविंद कश्यप, बीके मिश्रा, उमेश, विनोद, मुन्नालाल, जय कश्यप, सुरजीत सेन, राकेश कश्यप, राहुल, विजय यादव, मनीष श्रीवास्तव और अन्नू कश्यप समेत 34 लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा 50 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का दावा- समझाने के बाद भी नहीं माने प्रदर्शनकारी तहरीर के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने परसपुर-बालपुर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस का आरोप है कि समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने और सरकारी कार्य में बाधा डालते रहे। ट्रैक्टर चालक पर पहले ही दर्ज हो चुका था मुकदमा परसपुर थाना प्रभारी कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि सड़क हादसे के मामले में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका था। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने शव रखकर सड़क जाम किया, जिसके चलते उनके खिलाफ अलग से विधिक कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *