Breaking News
अग्रवाल सेवा समिति अध्यक्ष पद पर राजेंद्र प्रसाद गोयल निर्वाचित

 

मनोज कुमार बंसल को 188 मतों से हराया, 494 मतदाताओं ने किया मतदान

 महावीर सिंह वर्मा/ बाबा न्यूज़ 

फतेहपुर सीकरी। अग्रवाल सेवा समिति के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को अग्रवाल धर्मशाला में मतदान हुआ। चुनाव में राजेंद्र प्रसाद गोयल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनोज कुमार बंसल को 188 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। मतदान के दौरान कुल 545 मतदाताओं में से 494 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतगणना के दौरान छह मत निरस्त पाए गए। परिणाम के अनुसार राजेंद्र प्रसाद गोयल को 338 मत मिले, जबकि मनोज कुमार बंसल के पक्ष में 150 मत पड़े। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने राजेंद्र प्रसाद गोयल को बधाई दी।

अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से अग्रवाल समाज में चर्चाओं और गहमागहमी का माहौल बना हुआ था। इससे पहले सेवा समिति की आमसभा की बैठक के दौरान हुए विवाद के संबंध में पुलिसकर्मियों के लाइन हाजिर किए जाने की कार्रवाई भी सामने आई थी। वहीं, शनिवार रात पुलिस की ओर से करीब 50 लोगों को नोटिस जारी किए जाने की जानकारी के बाद मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता रही।

हालांकि रविवार को मतदान और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई गई और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *