एनसीसी एयर विंग, आगरा कॉलेज के पूर्व कैडेट विपुल प्रताप सिंह बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

बाबा न्यूज़
आगरा। एनसीसी एयर विंग, आगरा कॉलेज के पूर्व कैडेट विपुल प्रताप सिंह ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर आगरा कॉलेज में उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
एनसीसी एयर विंग, आगरा कॉलेज के फ्लाइंग ऑफिसर नितेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व कैडेट विपुल प्रताप सिंह ने अपनी मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं एनसीसी प्रशिक्षण के माध्यम से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर आगरा कॉलेज के प्राचार्य ने लेफ्टिनेंट विपुल प्रताप सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें उज्ज्वल एवं सफल सैन्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विपुल प्रताप सिंह की सफलता महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और उनकी उपलब्धि वर्तमान एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अन्य कैडेट्स भी उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कार्यक्रम में एनसीसी आर्मी विंग के अधिकारी कैप्टन अमित अग्रवाल एवं कैप्टन रीता निगम, शिक्षकगण डॉ. भोपाल सिंह एवं डॉ. आनंद प्रताप सिंह, प्रो गौरव कौशिक, डा भूपेंद्र चिंकारा, प्रो एस एस पांडेय, प्रो वीके सिंह सहित एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। उपस्थित सभी सदस्यों ने लेफ्टिनेंट विपुल प्रताप सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

