ऑटो में सवारी से पैसे छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार:पैसे बांट के कर दिए खर्च, ऑटो और मोबाइल बरामद, दूसरा आरोपी हुआ फरार
आगरा में सवारी बनकर ऑटो में बैठे कपड़ा व्यापारी से 47 हजार रुपये छीनने वाले शातिर को सिकंदरा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीने गए 2400 रुपये, घटना में प्रयुक्त ऑटो और मोबाइल फोन बरामद किया है। शॉर्टकट के बहाने सुनसान जगह ले जाकर की वारदात
ACP हरीपर्वत अमीषा ने बताया-30 जुलाई को कपड़ों की फेरी करने वाले एक व्यक्ति ने तहरीर दी थी। वादी ने बताया कि 25 जुलाई को वह फरह से ऑटो में बैठकर सिकंदरा आ रहा था। रास्ते में ऑटो चालक ने ऑटो को जऊपुरा रोड की तरफ मोड़ दिया। पूछने पर चालक ने शॉर्टकट का रास्ता बताकर जल्दी पहुंचाने की बात कही। कुछ दूर जाकर ऑटो चालक और पीछे बैठे उसके साथी ने वादी से 47 हजार रुपये छीन लिए और उसे सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए। इस तहरीर के आधार पर थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज किया गया। छीनैती की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 30-31 जुलाई की रात केशव फार्महाउस गोल चक्कर के पास से अभियुक्त आशीष को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से छीनैती के 2400 रुपये, वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो और छीने गए पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। पैसे बांटकर खर्च कर दिए
पूछताछ में आशीष ने बताया कि वह ऑटो किराए पर चलाता है। 25 जुलाई को वह अपने दोस्त सुमित के साथ फरह से सिकंदरा आ रहा था। तभी फरह में एक सवारी मिली जिसकी जेब उभरी हुई थी। दोनों को शक हुआ कि जेब में रुपये हैं। लालच में आकर दोनों उसे लेकर चल दिए। हीरालाल की प्याऊ से ऑटो को जऊपुरा वाले सुनसान रास्ते पर ले जाकर रोक दिया। इसके बाद पीछे बैठे सुमित और आशीष ने मिलकर व्यापारी से रुपये छीन लिए और फरार हो गए। आरोपियों को कुल 47 हजार रुपये मिले थे। दोनों ने बराबर-बराबर बांट लिए। सुमित अपना हिस्सा लेकर भाग गया। आशीष ने अपने हिस्से से 5 हजार रुपये देकर किस्तों पर मोबाइल खरीदा। कुछ रुपये खर्च कर दिए। बचे 2400 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।पुलिस ने बताया कि फरार साथी सुमित की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

