Breaking News
10 अगस्त के जेल भरो आंदोलन की तैयारी तेज:माकपा ने गांवों में की बैठकें, आंदोलन की रणनीति पर हुई चर्चा

देवरिया में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 10 अगस्त को अखिल भारतीय किसान सभा के आह्वान पर प्रस्तावित देशव्यापी ‘जेल भरो’ आंदोलन की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क और बैठकें आयोजित कर रही है। शुक्रवार को विकास खंड बनकटा के कुटिया बौलिया और बतरौली ग्राम समितियों की बैठकें हुईं, जिनमें आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई। इन बैठकों में वक्ताओं ने बताया कि आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली का निजीकरण, किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान, नीलगायों से फसलों की सुरक्षा, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी दर्जा देना शामिल है। इसके अतिरिक्त, महंगाई, बेरोजगारी, सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार तथा दलितों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर कथित दमन के खिलाफ भी आवाज उठाई जाएगी। गांव-गांव जाकर लोगों को जागरुक किया जा रहा आंदोलन में पेपर लीक की घटनाओं में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को आर्थिक सहायता, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 26 हजार रुपये मासिक मानदेय, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करने जैसी मांगें भी प्रमुखता से उठाई जाएंगी। माकपा नेताओं ने बताया कि 10 अगस्त के आंदोलन में किसानों, नौजवानों और मेहनतकश जनता की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आंदोलन को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सफल बनाने का आह्वान किया। इन बैठकों को माकपा के जिला मंत्री जयप्रकाश यादव, पहवारी कुशवाहा, नथुनी कुशवाहा और मथुरापुरी सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच अभियान चला रही है और आगामी ‘जेल भरो’ आंदोलन इसी अभियान का एक हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *