Breaking News
21 हजार दीप प्रज्जवलित कर मनाई बैकुण्ड चतुर्दशी

 


लक्ष्मी-नरसिंह रूप में दिए भगवान जगन्नाथ ने दर्शन
हरे रामा, हरे कृष्णा संकीर्तन पर झूमें भक्तजन
बाबा न्यूज
आगरा। श्रद्धा और भक्ति का प्रकाश हर ओर जगमगा रहा थी। भगवान जगन्नाथ के जयकारों संग हर ओर झिलमिलाते दीपों की अलौकिक आभा बिखरी थी। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में आज उत्साह व उमंग के साथ देव दीपावली (बैकुण्ठ चतुर्दशी) मनाई गई। कहीं सतरंगी रंगों से रंगोली सजी थी तो कहीं गेरू और खड़िया से परम्परागत अल्पना सजी थी। मंदिर परिसर ही नहीं मंदिर के आस-पास का भी पूरा क्षेत्र दीपों की झिलमिल रोशनी से जगमगा रहा था।
इस्कॉन मंदिर, आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि आज के दिन ही गज-ग्राह लीला (हाथी और मगर की लीला) में श्रीहरि के परम भक्त गज (हाथी) का बैकुण्ड गमन हुआ था। इसलिए आज दीपदान का विशेष महत्व है। बताया कि श्रीजगन्नाथ जी वर्ष में एक बार ही आज के दिन लक्ष्मी नरसिंह रूप में दर्शन देते हैं। श्रीहरि का यह रूप भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करने वाला है। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व भाई बलराम संग अलौकिक छवि के दर्शन को हर भक्त उत्साहित था। हर (भगवान शिव) हरि (भगवान विष्णु) की रात्रि भी आज ही के दिन मानी जाती है। संध्या आरती के बाद हरे राम, हरे कृष्णा… का मृदंग और मंजीरों पर कीर्तन किया, जिसमें सैकड़ों भक्त श्रीहरि की भक्ति में झूमते रहे। इसके उपरान्त भक्तों द्वारा 21 हजार दीपदान किए गए। इस अवसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, आशू मित्तल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, देव केशव, राजेश गर्ग, सुनील मनचंदा, अदिति गौरांगी आदि उपस्थित थे।

अपने क्षेत्र में हम चौथ वसूली नहीं होने देंगे

हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने की समाज ने उठाई पुरजोर मांग
बाबा न्यूज
आगरा। अग्रसेन वाटिका, बल्केश्वर में आयोजित एकजुटता प्रदर्शन एवं प्रेस वार्ता में सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने मनोज अग्रवाल पर चौथ वसूली सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी और उनके खिलाफ दर्ज मामलों की जांच की मांग की।
सभी ने मुट्ठी बँधा हाथ हवा में लहरा कर एक स्वर में नारा लगाया हम सब एक हैं और कहा कि नहीं होने देंगे, नहीं होने देंगे, हम अपने क्षेत्र में चौथ वसूली नहीं होने देंगे। कार्यक्रम में पार्षद हरिओम गोयल बाबा, पूर्व पार्षद, व्यापारी नेता और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
पार्षद हरिओम गोयल बाबा ने कहा कि मनोज अग्रवाल के खिलाफ समाज में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनोज अग्रवाल पर कमला नगर थाने में हिस्ट्रीशीटर होने और कई संगीन मुकदमे दर्ज होने की बात कही जाती है।
उन्होंने कहा, यह व्यक्ति समाज को दूषित कर रहा है, लोगों को ब्लैकमेल कर रहा है और चौथ वसूली कर रहा है। ऐसे लोगों को जेल भिजवाने का काम होना चाहिए। मैं प्रशासन से निवेदन करता हूँ कि मनोज अग्रवाल की गिरफ्तारी की जाए और उसके सारे मुकदमों की जाँच कराई जाए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में एक टिकिया विक्रेता से 50 हजार रुपये की चौथ मांगने पर उसके द्वारा भी मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बल्केश्वर निवासी चाट विक्रेता राम खिलाड़ी ने बताया कि वे बल्केश्वर के मनोहरपुर में मकान बनवा रहे हैं। उनका आरोप है कि मनोज अग्रवाल ने उनसे फोन पर संपर्क किया, मिलने को कहा और एडीए का काम संभालने का दावा करते हुए 20,000 रुपये अपनी फीस और 50,000 रुपये एडीए वालों के लिए देने को कहा। राम खिलाड़ी का कहना है कि पैसों की व्यवस्था न होने पर मना करने पर उन्हें मकान तुड़वाने और सील लगवाने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने पार्षद हरिओम बाबा की सलाह पर थाना कमला नगर में एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि बाबा पर पैसे लेकर मकान बनवाने का आरोप सरासर गलत है, बाबा ने उनसे एक रुपया भी नहीं लिया।
पूर्व पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा, श्री अग्रबंधु समन्वय समिति के अध्यक्ष पूर्व पार्षद ताराचंद मित्तल तोती भाई, बल्केश्वर मेला कमेटी के अध्यक्ष महेश निषाद और कर्मयोगी एनक्लेव वेलफेयर सोसाइटी एवं अग्र मिलन समिति के अध्यक्ष पवन बंसल ने कहा कि हम क्षेत्र में किसी की भी गुंडागर्दी नहीं चलने देंगे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में प्रशासन से माँग की कि मनोज अग्रवाल के खिलाफ लगे आरोपों की निष्पक्ष जाँच कराकर सख्त कार्यवाही की जाए।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल ने मनोज अग्रवाल के समाजसेवक और महासभा के प्रदेश अध्यक्ष होने के दावे पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, वे कहते हैं – मेरा क्षेत्र है, मेरी जगह है। मैं पूछता हूँ, क्षेत्र तो वहाँ रहने वाले हर व्यक्ति का है, दुकानदार का है, फैक्ट्री मालिक का है। आप निर्णय करने वाले कौन होते हैं? जनप्रतिनिधि और शासन-प्रशासन है ही। बंसल ने कहा, जो अपने परिवार को साथ लेकर नहीं चल सका, जो अपने घर का नहीं हुआ, वह समाज का ठेकेदार कैसे बन सकता है? जमींदार होने के दावे पर उन्होंने कहा, आगरा में अग्रवाल समाज का ऐसा कौन है, जिसके दादा-परदादा जमींदार न रहे हों? इस दावे से कोई बड़ा नहीं हो जाता। अंत में उन्होंने कहा, _”समाज की ठेकेदारी और तुष्टिकरण करने वाला व्यक्ति कभी समाज का हितैषी नहीं हो सकता।
इस अवसर पर बबली सिंघल, ब्रह्मा गुप्ता, श्याम सुंदर अग्रवाल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल ‘बल्ले भाई’, सचिन अग्रवाल सीमेंट वाले, बिल्डर हरीश अग्रवाल जुगनू भाई, जोगिंदर शुक्ला, नीरज अग्रवाल, हनी मित्तल, कपिल अग्रवाल, अमर सिंह, विजय अरोड़ा, पंकज गुप्ता, राकेश त्यागी, महेंद्र शाक्य, अनुज गोयल, लक्ष्मी नारायण निषाद, महेश राठौर आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

उठ जाग सवेरे जी बना तेरे नाम जपण दा वेला आया

15 दिनों से निरंतर निकल रही प्रभात फेरी , निखिल गार्डन में हुआ भव्य स्वागत
बाबा न्यूज
आगरा। धन-धन गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा दशमेश दरबार, शहीद नगर-विभव नगर की गुरु रूप साध संगत की ओर से 15 दिनों से निरंतर अमृतवेले प्रभातफेरी निकाली जा रही हैं,गुरु महाराज की मेहर से क्षेत्र की गलियां गुरबाणी, शबद-कीर्तन और वाहेगुरु के जयकारों से गूंज रही हैं।
प्रभात फेरी का संदेश है कि जब संसार गहरी नींद में सो रहा होता है, तब गुरु के प्यारे अमृतवेले उठकर प्रभु का नाम जपते हुए घर-घर गुरु नानक देव जी का संदेश पहुंचाते हैं, पंथ के प्रतीक निशान साहिब की अगुवाई में निकल रही प्रभात फेरियों का जगह-जगह संगत द्वारा पुष्प वर्षा एवं भव्य स्वागत किया जा रहा है,
इसी क्रम में प्रभात फेरी शहीद नगर गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर पंचवटी कॉलोनी स्थित निखिल गार्डन पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हजूरी में गुरबाणी कीर्तन हुआ। संगत ने गुरु का अटूट लंगर छखा।
इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह लाडी, हरपाल सिंह, राजू सलूजा,श्याम भोजवानी,मलकीत सिंह, गुरेन्द्र सिंह ओबरोय,सुरेंद्र सिंह लवली,देवेंद्र सिंह जुल्का, इंद्रजीत सिंह संत जी, हरजिंदर सिंह, ज्ञानी मंशा सिंह,आज्ञा सिंह, कृपाल सिंह, सनी सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

गुरु नानक को जयंती और गुरु तेग बहादुर की शहादत पर किया याद

 

गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में हुआ विशेष कार्यक्रम
बाबा न्यूज
आगरा। गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में गुरु नानक देव जी की जयंती एवं गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुरु साहिबान के महान जीवन, आदर्शों, शिक्षाओं एवं मानवता के प्रति उनके योगदान से परिचित कराना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषणों के माध्यम से गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन, उनकी शिक्षाओं तथा मानवता, समानता, प्रेम, सद्भाव और सेवा के संदेश पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटिका में गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़े प्रसिद्ध सच्चा सौदा प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को सेवा, परोपकार एवं मानव कल्याण की प्रेरणा दी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने भक्तिमय शबद गायन एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर गुरु तेग बहादुर के महान बलिदान को स्मरण करते हुए उनके अद्वितीय साहस, धार्मिक स्वतंत्रता, मानव अधिकारों की रक्षा, धर्म एवं सत्य के प्रति अटूट निष्ठा तथा त्याग की भावना को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए निर्भीकता, सहिष्णुता और मानवता के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन शिक्षिका दीपिका महाजन एवं आशु महाजन के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया। विद्यार्थियों की सुंदर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी को गुरु साहिबान के आदर्शों पर चलने तथा सत्य, सेवा, प्रेम, समानता और त्याग की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन गुरु साहिबान के महान जीवन, उनके उपदेशों एवं मानवता के लिए किए गए योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धा एवं सम्मान के साथ हुआ।