कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार सफाई कर्मचारी की मौत:बिजनौर में ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे, दो घायल
बिजनौर में बुधवार दोपहर चांदपुर रोड पर तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार सफाई कर्मचारी पंकज कुमार (45) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे पंकज बुखारा बकली रोड निवासी पंकज कुमार, रामपाल सिंह के बेटे थे। उनकी तैनाती बवनपुर में थी। बुधवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे ई-रिक्शा कोतवाली शहर क्षेत्र में गुरुद्वारे के पास पहुंचा, तभी एक कार ने उसे टक्कर मार दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया टक्कर के बाद ई-रिक्शा सवार लोग सड़क पर गिर गए। पंकज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य लोगों को भी चोटें आईं। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पंकज कुमार को मृत घोषित कर दिया। पंकज कुमार के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिवार में शोक है।

