धौलपुर आगरा कैंट सेक्शन गर्डर बदलने से 4 ट्रेनें निरस्त:झांसी दिल्ली ट्रेन तीन दिन आगरा कैंट पर ही रुकेगी,30 नवंबर से 02 दिसंबर तक रहेगा ब्लॉक
आगरा मंडल के धौलपुर-आगरा कैंट रेल सेक्शन में अगले सप्ताह यात्रियों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जाजऊ-भांडई स्टेशनों के बीच स्थित खारी नदी पुल (ब्रिज संख्या 1331/1) पर स्टील गर्डरों की री-गर्डरिंग का काम किया जाना है। इसके लिए रेलवे ने 30 नवंबर से 02 दिसंबर 2026 तक ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लेने का फैसला किया है। इस दौरान इस रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेल प्रशासन के मुताबिक, पुल पर गर्डर लॉन्चिंग का काम काफी महत्वपूर्ण है। पुराने गर्डरों को हटाकर नए स्टील गर्डर लगाए जाएंगे, ताकि पुल को और मजबूत किया जा सके और ट्रेनों की स्पीड व सुरक्षा बढ़ाई जा सके। काम के दौरान बिजली की आपूर्ति भी बंद रखी जाएगी, इसलिए इस सेक्शन में ट्रेनों को चलाना संभव नहीं होगा। ब्लॉक के चलते रेलवे ने 4 ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। इनमें गाड़ी संख्या 11901 (वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – आगरा कैंट) और गाड़ी संख्या 11902 (आगरा कैंट – वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी) 01 से 02 दिसंबर तक नहीं चलेंगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 11807 (वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – आगरा कैंट) और गाड़ी संख्या 11808 (आगरा कैंट – वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी) भी 01 से 02 दिसंबर तक निरस्त रहेंगी। इसके अलावा एक बड़ी ट्रेन का शॉर्ट टर्मिनेशन भी किया गया है। गाड़ी संख्या 12279/12280 (वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – नई दिल्ली) 30 नवंबर से 02 दिसंबर तक आगरा कैंट स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट और ऑरिजिनेट की जाएगी। यानी यह ट्रेन इन तीन दिनों में आगरा कैंट से आगे झांसी तक नहीं जाएगी और न ही झांसी से आएगी। दिल्ली जाने वाले यात्रियों को आगरा कैंट से ही ट्रेन पकड़नी होगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी एनटीईएस, रेलवे हेल्पलाइन या स्टेशन से जरूर ले लें, ताकि उन्हें स्टेशन पर आकर परेशानी का सामना न करना पड़े।

