ई-रिक्शा में छूटा महिला का बैग पुलिस ने लौटाया:सोने-चांदी के जेवरात, 4,500 रुपए और घरेलू सामान था
इटावा रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा में घर जाते समय महिला का ट्रॉली बैग छूट गया। बैग में सोने-चांदी के जेवर, 4500 रुपए नकद और घर का अन्य सामान रखा था। महिला की शिकायत पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने तलाश शुरू की। करीब नौ दिन की कोशिश के बाद पुलिस ने मंगलवार शाम 5 बजे बैग बरामद कर महिला को सौंप दिया। 15 नवंबर को भूपस्टेट कॉलोनी निवासी रचना पत्नी गजेंद्र शाक्य ने फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में सूचना दी थी कि रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा में घर आते समय उनका ट्रॉली बैग उसमें छूट गया है। बैग में कीमती सामान होने के कारण महिला काफी परेशान थीं। पुलिस ने शुरू की तलाश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैग की तलाश शुरू की। पुलिस टीम लगातार जानकारी जुटाने और बैग खोजने में लगी रही। आखिरकार मंगलवार 24 नवंबर को पुलिस ने बैग को उसमें रखे पूरे सामान के साथ बरामद कर लिया। बरामद बैग में सोने की दो अंगूठियां, चांदी की एक कमरधनी, सोने का एक ओम, 4500 रुपए नकद और अन्य घरेलू सामान मिला। पुलिस ने महिला के परिजनों की मौजूदगी में पूरा सामान उन्हें सौंप दिया। खोया हुआ सामान वापस मिलने पर रचना और उनके परिजनों ने इटावा पुलिस का आभार जताया। इन पुलिसकर्मियों ने की कोशिश बैग बरामद करने वाली टीम में थाना प्रभारी गौरव कुमार, उपनिरीक्षक दयाशंकर वर्मा, कांस्टेबल विनीत कुमार और अमित कुमार शामिल रहे।

