Breaking News
मां का अतिरिक्त दूध बचा सकता है किसी नवजात की जिंदगी

 

आगरा की एकमात्र मातृ दुग्ध बैंक को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, आईएपी के शिशु रोग विशेषज्ञ बोले— “हर बूंद अमृत, हर दुग्धदाता मां जीवनदाता”

बाबा न्यूज़ 

आगरा। कल्पना कीजिए, एक नवजात शिशु जन्म के बाद अपनी मां का दूध नहीं पी सकता। ऐसे में उसके लिए सबसे बड़ा सहारा बनता है मातृ दुग्ध बैंक, जहां किसी दूसरी मां द्वारा स्वेच्छा से दान किया गया दूध उसके जीवन की डोर थाम लेता है। इसी मानवीय संदेश को समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने तथा मातृ दुग्धदान को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से प्रताप नगर स्थित श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी) आगरा चैप्टर के सहयोग से मातृ दुग्ध बैंक की नीतिगत समीक्षा एवं संचालन पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी आयोजित की गई।
संगोष्ठी में देशभर में संचालित सफल मदर मिल्क बैंकों के अनुभवों पर चर्चा करते हुए विशेषज्ञों ने कहा कि मां का दूध नवजात के लिए पहली वैक्सीन, पहला पोषण और सबसे सुरक्षित उपचार है। यदि किसी कारणवश मां अपने शिशु को स्तनपान नहीं करा पाती, तो वैज्ञानिक प्रक्रिया से सुरक्षित रखा गया डोनर मदर मिल्क उसके जीवन की रक्षा करता है। वक्ताओं ने कहा कि यह केवल चिकित्सा सेवा नहीं बल्कि मानवता की सबसे संवेदनशील और पवित्र सेवा है।
आईएपी आगरा चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. संजीव अग्रवाल ने कहा कि जन्म के पहले घंटे में स्तनपान प्रारंभ करना तथा छह माह तक केवल मां का दूध देना प्रत्येक शिशु के स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि समय से पूर्व जन्मे, कम वजन वाले तथा गंभीर रूप से बीमार नवजातों के लिए डोनर मदर मिल्क किसी संजीवनी से कम नहीं है।
कोषाध्यक्ष डॉ. स्वाति द्विवेदी ने कहा कि मां का दूध संक्रमण से सुरक्षा, बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा शिशु के मानसिक एवं शारीरिक विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सुझाव दिया कि मातृ दुग्ध बैंक में एक प्रशिक्षित काउंसलर की नियुक्ति की जाए, ताकि प्रसूताओं को भावनात्मक परामर्श देकर यदि वे इच्छुक हों तो अपने अतिरिक्त दुग्ध का दान करने के लिए प्रेरित किया जा सके। इससे अनेक अन्य नवजातों का जीवन बचाया जा सकता है।
डॉ शुभिका गर्ग ने कहा कि समाज में अभी भी मदर मिल्क बैंक के प्रति पर्याप्त जागरूकता नहीं है। प्रत्येक अस्पताल, नर्सिंग होम और चिकित्सक का दायित्व है कि वे प्रसूताओं और उनके परिवारों को मातृ दुग्धदान के महत्व और इसकी वैज्ञानिक प्रक्रिया की जानकारी दें।
श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल (एडवोकेट) ने कहा कि मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक केवल एक स्वास्थ्य सेवा नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। ट्रस्ट का संकल्प है कि आगरा का कोई भी जरूरतमंद नवजात मातृ दुग्ध के अभाव में जीवन संकट का सामना न करे।
मदर मिल्क बैंक के कोऑर्डिनेटर राजकुमार गर्ग ने बताया कि बैंक में मातृ दुग्ध का संग्रह, परीक्षण, पाश्चुरीकरण और सुरक्षित भंडारण पूर्णतः वैज्ञानिक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाता है। चिकित्सकीय आवश्यकता होने पर यह दूध नवजातों को उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने सभी स्वस्थ माताओं से इस जीवनरक्षक अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
संगोष्ठी के दौरान विशेषज्ञों ने मुंबई और सूरत में सफलतापूर्वक संचालित मदर मिल्क बैंकों के मॉडल पर भी विस्तार से चर्चा की। सभी चिकित्सकों ने सुझाव दिया कि वहां लागू दिशा-निर्देशों एवं मानकों का पूर्ण अनुपालन आगरा में भी किया जाए, जिससे मातृ दुग्ध बैंक का संचालन और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित हो सके। विशेषज्ञों ने यह भी स्पष्ट किया कि चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप उपचार प्राप्त कर रही ट्यूबरकुलोसिस (टीबी) से ग्रसित माताएं भी निर्धारित चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों के अनुसार दुग्धदान कर सकती हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स एवं मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक संयुक्त रूप से शहर के अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, प्रसूति केंद्रों, सामाजिक संस्थाओं तथा जनसंचार माध्यमों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएंगे, ताकि प्रत्येक परिवार मातृ दुग्ध बैंक की उपयोगिता को समझे और अधिक से अधिक नवजात शिशुओं का जीवन सुरक्षित हो सके।
संगोष्ठी के उपरांत सभी चिकित्सकों ने केंद्र में संचालित कोल्ड चेन प्रणाली का निरीक्षण किया। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष रमेश चंद्र अग्रवाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 45 बच्चों को मातृ दुग्ध उपलब्ध करवाया जा चुका है । 175 माताओ का दुग्ध बैंक में जमा हो चुका है। केंद्र में आवश्यक सभी निर्धारित व्यवस्थाएं एवं मानक 15 अगस्त तक पूर्ण रूप से लागू कर दिए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन सचिन गोयल ने किया।

ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा बंसल, डॉ. अल्का सेन, डॉ. अनिल अग्रवाल, डॉ. अरुण जैन, डॉ. संजय सक्सेना, डॉ. पायल मित्तल, डॉ. अंशु अग्रवाल, मदर मिल्क बैंक के कोऑर्डिनेटर राजकुमार गर्ग, राकेश गर्ग, निधि अग्रवाल, हृदेश बंसल, कांता महेश्वरी, राजीव जैन आदि उपस्थित रहे।

जनकपुरी महोत्सव 2026 की तैयारियों को मिला नया उत्साह

पूर्व जनकपुरी कमेटी ने किया आयोजन समिति का भव्य स्वागत
केंद्रीय कार्यालय पर मुख्य अतिथि मधु बघेल ने की महाआरती
जनकपुरी महोत्सव को भव्य बनाने का लिया संकल्प
बाबा न्यूज
आगरा। जनकपुरी महोत्सव 2026 की तैयारियां अब पूरे उत्साह और जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ रही हैं। बुधवार सायं भावना एस्टेट स्थित जनकपुरी महोत्सव के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम एवं माता जानकी के जयघोष के बीच महाआरती से हुआ, जिसे मुख्य अतिथि मधु बघेल ने संपन्न कराया। महाआरती के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा और उपस्थित श्रद्धालुओं ने जनकपुरी महोत्सव की सफलता एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्य अतिथि मधु बघेल ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक एकता का विराट उत्सव है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है तथा समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है।
इससे पहले पूर्व जनकपुरी कमेटी कमला नगर-2025 द्वारा जनकपुरी आयोजन समिति का कमला नगर स्थित होटल सेलिब्रेशन में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पूर्व अध्यक्ष मुरारी लाल अग्रवाल, पार्षद पंकज अग्रवाल, गौरव परमार, केपी सिंह यादव, अनिल अग्रवाल, संतोष मित्तल, नितिन कोहली, प्रमोद यादव, राजीव यादव, दीपक गुप्ता तथा रंजू यादव ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों का माल्यार्पण एवं पटका पहनाकर सम्मान किया। सभी ने जनकपुरी महोत्सव को ऐतिहासिक, भव्य और जन-जन की सहभागिता वाला आयोजन बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
जनकपुरी आयोजन समिति की ओर से अध्यक्ष राजू यादव ने सभी अतिथियों एवं पूर्व जनकपुरी कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार जनकपुरी महोत्सव को पहले से अधिक भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित रूप दिया जाएगा। महामंत्री मनोज जादौन एवं महामंत्री हितेश लवानियां ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न समितियां अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं तथा जनसहयोग लगातार बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, नरेंद्र सिंह सेंगर आदि उपस्थित रहे।

 

101 श्रद्धालुओं ने किया भगवान भोलेनाथ का अभिषेक

 

बालक श्रीराम की मनोहारी लीलाओं ने भक्तों को किया भावविभोर
बाबा न्यूज
आगरा। यमुना तट स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर, बूढ़ी का नगला, दयालबाग में आयोजित नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ, महारुद्राभिषेक एवं श्रीराम कथा के चतुर्थ दिवस श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतिदिन की भांति कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य महारुद्राभिषेक से हुआ। 101 श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से अभिषेक कर परिवार, समाज एवं राष्ट्र के सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
महारुद्राभिषेक में स्वास्तिक हैंडराइटिंग वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष विनीता मित्तल, अंजलि अग्रवाल, शिखा गौतम, रुचि सिंघल, गीता सैनी, राधिका मित्तल, निधि गाबा, अनंत गर्ग, शालू खंडेलवाल, ज्योति मौर्य सहित अनेक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का पूजन एवं अभिषेक किया।
संध्या में आयोजित श्रीराम कथा के चतुर्थ दिवस चित्रकूट धाम से पधारे कथावाचक पंडित विमलेश त्रिवेदी महाराज ने भगवान श्रीराम की बाल लीलाओं एवं महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ रक्षा प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का बाल स्वरूप हमें सरलता, निष्कपटता, आज्ञाकारिता और संस्कारयुक्त जीवन का संदेश देता है। वहीं महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा का प्रसंग यह प्रेरणा देता है कि धर्म और सत्य की रक्षा के लिए सदैव सज्जनों का साथ देना चाहिए तथा अन्याय और अधर्म का साहसपूर्वक सामना करना चाहिए।
महंत आचार्य पंडित सुनील कुमार वशिष्ठ ने कहा कि भगवान शिव स्वयं करुणा, त्याग और कल्याण के प्रतीक हैं। श्रावण मास में श्रद्धापूर्वक किए गए महारुद्राभिषेक, रुद्र महायज्ञ और शिव पूजन से व्यक्ति के जीवन के समस्त कष्टों का शमन होता है तथा उसे आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि यमुना तट स्थित श्री महाकालेश्वर धाम में आयोजित यह महोत्सव केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को धर्म, संस्कार, सेवा और सद्भाव का संदेश देने का माध्यम भी है।
इस अवसर पर राजेश अग्रवाल, पुनीत बागला, मनीष जैन, राजीव जैन, राजेश अग्रवाल, राजीव गुप्ता, रुचि बागला, अशु मित्तल, पंडित रामचरण शर्मा उपस्थित रहे।

अच्छा नागरिक बनना ही राष्ट्र निर्माण की पहली सीढ़ी: मेजर जनरल गौरव गौतम

 

 

 

बाबा न्यूज
आगरा। उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम ने अपने तीन दिवसीय दौरे के तीसरे दिन की शुरूआत गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर, आगरा से की। यहां पहुंचने पर एडीजी का भव्य स्वागत किया गया । एनसीसी ग्रुप मुख्यालय आगरा के एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड आॅफ आॅनर प्रस्तुत किया गया। स्कूल बैंड ने उनका मधुर धुनों से अभिनंदन किया ।
उसके पश्चात जीआरएन आॅडिटोरियम में आगरा ग्रुप के लगभग 450 कैडेट्स एकत्रित हुए । एडीजी ने सभी कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए एनसीसी के फायदे गिनाते हुए जीवन में अच्छे कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया । उन्होने बताया कि एनसीसी न केवल अनुशासन और नेतृत्व का पाठ पढाती है बल्कि देश सेवा का अवसर भी प्रदान करती है ।
उन्होने कैडट्स को वृक्षारोपण, रक्तदान, टीबी मुक्त भारत अभियान और पोलियो ड्राइव जैसी सामाजिक सेवाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। एडीजी ने कहा कि एक अच्छा नागरिक बनना ही राष्ट्र निर्माण की पहली सीढी है। एनसीसी के माध्यम से चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास पर भी बल दिया गया।
एडीजी ने आईडीएससी शूटिंग प्रतियोगिता में आॅल इंडिया स्तर पर, यू.पी. निदेशालय के प्रथम आने पर सभी को बधाई दी । गोल्ड मेडल जीतने वाले कैडेट्स सहित कुल 20 कैडेट्स को सम्मानित किया गया। एनसीसी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आगरा एन.सी.सी. के अन्य कैडेट्स को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया ।
बाद में एडीजी ने प्रत्येक कैडेट से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया । इसके बाद उन्होने आगरा ग्रुप मुख्यालय के सभी एसोसिएट एनसीसी आॅफिसर्स, लेक्चरर्स, प्रोफेसर्स और शिक्षको से मुलाकात की। एनसीसी में प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत सभी पी आई स्टाफ से भी उन्होने चर्चा की और उनके समर्पण की सराहना की।
उन्होने कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए बताया कि एनसीसी द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो।
अन्त में एडीजी ने एक उत्तम कार्यक्रम के लिए सभी के प्रयासों की सराहना की।

 

पासपोर्ट सेवाओं में हुए बड़े बदलावों की जानकारी देगी सरकार 

सांसद नवीन जैन के सवाल पर विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने  दिया विस्तार से लिखित जवाब

बाबा न्यूज़ 

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने संसद में देशभर में पासपोर्ट सेवाओं के आधुनिकीकरण, ई-पासपोर्ट के क्रियान्वयन, पासपोर्ट सेवा केंद्रों के विस्तार तथा नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। सांसद के प्रश्न पर विदेश राज्य मंत्री  कीर्तिवर्धन सिंह ने राज्यसभा में विस्तृत लिखित जवाब दिया।

विदेश राज्य मंत्री श्री कीर्तिवर्धन सिंह ने अपने लिखित जवाब में बताया कि सरकार ने देशभर में पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रौद्योगिकी आधारित बनाने के उद्देश्य से अनेक सुधार किए हैं। उन्होंने बताया कि ई-पासपोर्ट सहित उन्नत पासपोर्ट कार्यक्रम संस्करण 2.0 (पीएसपी वी2.0) को देश के सभी 37 क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालयों तथा उनसे संबद्ध पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीएसके) और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीओपीएसके) में 26 मई, 2025 तक लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही विदेशों में भारतीय मिशनों एवं केंद्रों में भी वैश्विक पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम संस्करण 2.0 (जीपीएसपी वी2.0) को चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया है।

लिखित जवाब के अनुसार वर्तमान में देशभर में 37 क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालयों के अंतर्गत 93 पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके) तथा 456 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) संचालित हैं। इसके अलावा वर्ष 2018 से “भारत में कहीं भी आवेदन करें” सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से नागरिक देश के किसी भी पासपोर्ट सेवा केंद्र अथवा डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र में पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं।

विदेश राज्य मंत्री ने अपने लिखित जवाब में बताया कि दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने के लिए पासपोर्ट मोबाइल वैन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं पुलिस सत्यापन प्रक्रिया को अधिक तेज एवं पारदर्शी बनाने के लिए ‘पासपोर्ट सेवा पुलिस ऐप’ (पूर्व में एम पासपोर्ट पुलिस ऐप) का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हुई है।

उन्होंने बताया कि आवेदकों की सुविधा के लिए पासपोर्ट सेवा पोर्टल, पासपोर्ट सेवा मोबाइल ऐप*, ऑनलाइन आवेदन*, आवेदन की स्थिति को ट्रैक करने, एसएमएस अधिसूचनाएं*, 24×7 हेल्पलाइन तथा केंद्रीकृत कॉल सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आवेदन से लेकर पुलिस सत्यापन, पासपोर्ट जारी होने, मुद्रण, प्रेषण और डिलीवरी तक प्रत्येक चरण की जानकारी आवेदकों को उपलब्ध कराई जाती है, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनी है।

सांसद नवीन जैन ने कहा कि आज के डिजिटल युग में नागरिक सेवाओं का सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संसद में यह प्रश्न उठाने का उद्देश्य यह जानना था कि आम नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं और अधिक सुगम बनाने के लिए सरकार द्वारा क्या-क्या कदम उठाए गए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक तकनीक आधारित इन व्यवस्थाओं से देशभर के नागरिकों को तेज, पारदर्शी और बेहतर पासपोर्ट सेवाओं का लाभ मिलेगा।

गुरु ही कला की आत्मा, शिष्य उसकी अभिव्यक्ति

 

आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश ने “गुरु शिल्पी सम्मान–2026” में कला साधना के 23 गुरुओं का किया अभिनंदन

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर होटल क्लार्क शिराज में सजा सम्मान समारोह, कला, संस्कृति और गुरु-परंपरा को किया नमन

बाबा न्यूज़ 

आगरा। भारतीय संस्कृति में गुरु को साक्षात् ब्रह्म का स्वरूप माना गया है। गुरु ही वह शक्ति हैं जो साधारण प्रतिभा को असाधारण कला में परिवर्तित करती है। इसी सनातन गुरु-परंपरा को नमन करते हुए आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश (एफिलिएटेड: वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन उत्तर प्रदेश) द्वारा गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर “गुरु शिल्पी सम्मान–2026” का भव्य आयोजन होटल क्लार्क शिराज, ताज रोड में किया गया। समारोह में संगीत, नृत्य एवं वाद्य कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 23 गुरुजनों का सम्मान कर उनके प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राजकुमार गुप्ता (महानगर अध्यक्ष, भाजपा) थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मनीष अग्रवाल रावी (अध्यक्ष, वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन उत्तर प्रदेश), संदीप उपाध्याय (महासचिव) एवं अमूल्य कक्कड़ (अध्यक्ष, टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा) उपस्थित रहे। वरिष्ठ उद्यमी पूरन डावर ने भी समारोह की गरिमा बढ़ाई।
समारोह में संगीत एवं गायन के क्षेत्र से डॉ. रवि भटनागर, प्रतिभा तालेगांवकर, सुधीर नारायण, सदानंद, मुरली तिवारी, गौतम तिवारी, सुभाष सक्सेना, शोभी माथुर, रविंद्र तालेगांवकर, पंडित डॉ. देवाशीष गांगुली “संगीतेश”, अमान खान एवं गजेन्द्र चौहान, वाद्य यंत्र विधा से बिरेन्द्र भान गुप्ता, शुभाशीष गांगुली, डॉ. नीलू शर्मा, मनीष प्रभाकर, रमेश प्रभाकर, देवकी नंदन गुरु एवं फ्रांसिस मरिंडा, तथा नृत्य विधा से पुरुषोत्तम मयूरा, टोनी फास्टर, रोशनी गिडवानी एवं ज्योति खण्डेलवाल को “गुरु शिल्पी सम्मान–2026” से अलंकृत किया गया।
समारोह में “औद्योगिक गुरु सम्मान” से वरिष्ठ उद्योगपति पूरन डाबर को सम्मानित किया गया। उद्योग, उद्यमिता और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं का मार्गदर्शन करने तथा समाज में प्रेरणास्रोत बनने के लिए उन्हें यह विशेष सम्मान मनीष कुमार अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद पूरन डावर ने कहा कि “कला और उद्योग दोनों सृजन के माध्यम हैं। ऐसे सम्मान नई पीढ़ी को अपने गुरुजनों से सीखने और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा देते हैं।”
मुख्य अतिथि राजकुमार गुप्ता ने कहा कि “कला मनुष्य को अध्यात्म से जोड़ने का सबसे सुंदर माध्यम है। संगीत, नृत्य और भावों की अभिव्यक्ति में ईश्वर का अनुभव होता है। ऐसे गुरुजनों का सम्मान समाज का सौभाग्य है।”
अमूल्य कक्कड़ ने कहा कि “आगरा की सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को समृद्ध बनाने में कलाकारों और उनके गुरुजनों का अमूल्य योगदान है। जब गुरु सम्मानित होते हैं तो पूरी कला परंपरा गौरवान्वित होती है।”
मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि “भारतीय कला एवं संस्कृति की वैश्विक पहचान इन गुरुजनों की साधना का परिणाम है। गुरु ही वह प्रथम शक्ति हैं जो शिष्य की प्रतिभा को पहचानकर उसे दिशा, संस्कार और उत्कृष्टता प्रदान करते हैं।”
कार्यक्रम का संचालन नीरज त्रिपाठी ने किया।
समारोह में आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रिंकू प्रवीण वर्मा, महासचिव कमलप्रीत सिंह शैंकी, उपाध्यक्ष भीमसेन शिरोमणि, पंकज वर्मा, डॉ. मंजरी शुक्ला, देव कुमार, संरक्षक दलजीत सिंह, जसवंत सिंह, संजीव अरोड़ा एवं मनोज कोहली, सचिव रोहन सिंह, अनिल वर्मा, साहिल चौहान, निधि सोनी तथा कार्यकारिणी सदस्य ललित शर्मा, योगेश शर्मा, अनूप सिंह, मनु कौर, नीरज कपूर, अपूर्व, श्रीकांत सहित आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अनिल सविता एवं आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश की पूरी टीम ने किया।

भावनेश्वर नाथ मंदिर से निकलेगा माता सीता का भव्य डोला

 

जनकपुरी महोत्सव की तैयारियां तेज, 6 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, 7 अक्टूबर को वैदिक रीति से होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह

बाबा न्यूज़ 

आगरा। जनकपुरी महोत्सव 2026 के अंतर्गत 6 अक्टूबर को भावना एस्टेट स्थित श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर से माता सीता का भव्य डोला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाला जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों से लगातार जनसंपर्क कर उन्हें आयोजन से जोड़ा जा रहा है तथा कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
राजू यादव ने बताया कि माता सीता का डोला श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर भावना एस्टेट रोड, होली पब्लिक स्कूल रोड, गणपति आशियाना रोड, केके नगर, नीरव निकुंज रोड, शिवा कुंज, अमर विहार कॉलोनी रोड सहित विभिन्न मार्गों से होकर पुनः श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर पहुंचेगा। पूरे मार्ग में श्रद्धालु माता सीता का पुष्पवर्षा एवं आरती के साथ स्वागत करेंगे। भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियां और जयघोष से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
उन्होंने बताया कि डोला मार्ग एवं मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी, भव्य स्वागत द्वारों तथा मनमोहक पुष्प सज्जा से सजाया जाएगा। शोभायात्रा में सुंदर झांकियां, भक्ति संगीत एवं धार्मिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजन के दूसरे दिन 7 अक्टूबर को श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शालिग्राम एवं माता तुलसी का दिव्य विवाह वैदिक परंपरा एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी धार्मिक रस्में संपन्न होंगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी बनेंगे।
जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के नेतृत्व में मंगलवार को समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माता सीता के डोला मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया तथा क्षेत्रवासियों से जनसंपर्क कर उन्हें आयोजन में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान लोगों से सुझाव भी लिए गए और स्वागत द्वार, विद्युत सज्जा, सुरक्षा, पुष्पवर्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान समिति द्वारा पूरे डोला मार्ग का सूक्ष्मता से सर्वेक्षण भी किया गया। जिन-जिन मार्गों से डोला निकलेगा, वहां की सड़क व्यवस्था, आवागमन की स्थिति तथा श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संभावित व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। समिति ने यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया कि डोला यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु अथवा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मार्गों के आवश्यक पुनर्निर्माण, यातायात प्रबंधन, विद्युत साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण एवं जनसंपर्क अभियान में संजय गोयल, मनोज बंसल, मनोज जादौन, राणा सुशील सिंह, संतोष कटारा, अंकुश मित्तल, आकाश गोयल (ग्वाला), धर्मेश जैन, नरेंद्र सिंह सेंगर, निमित्त पोरवाल, कपिल पोरवाल, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, एकता बंसल, शीतल अग्रवाल, आरती शर्मा, प्रभाकर शर्मा, दिलीप गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

अनुशासन और देश भक्ति की भावना सिखाती हैं एनसीसी: मेजर जनरल गौरव गौतम

मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम एडीजी एनसीसी निदेशालय ने किया ग्रुप मुख्यालय आगरा का दौरा
बाबा न्यूज
आगरा। एनसीसी. निदेशालय उत्तर प्रदेश के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम ने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय आगरा का दौरा किया।
ग्रुप मुख्यालय पहुँचने पर एडीजी का गर्मजोशी से स्वागत एनसीसी ग्रुप आगरा के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एसपी यादव, वाईएसएम ने किया। इसके पश्चात एडीजी का परिचय ग्रुप मुख्यालय के सभी अधिकारियों से कराया गया ।
इस अवसर पर ग्रुप कमांडर द्वारा एडीजी को एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धियों प्रशिक्षण एवं विभिन्न पहलुओं सामजिक सामुदायिक सेवा आदि कार्यकमों तथा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय शिविरों एवं गतिविधियों में कैडेट्स के प्रदर्शन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई ।
ब्रीफिंग के बाद एडीजी ने ग्रुप मुख्यालय परिसर का भ्रमण किया तथा स्टॉफ के साथ बातचीत की । उन्होनें युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और देशभक्ति की भावना विकसित करने के लिए एनसीसी परिवार द्वारा दिखाये गये समर्पण और व्यवहारिकता की सराहना की। एडीजी ने चरित्र निर्माण सामुदायिक सेवा और राष्ट्रीय एकता में एनसीसी की भूमिका पर विशेष जोर दिया।
आज चार अगस्त को 3 यूपी बटालियन एनसीसी मैनपुरी में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का दौरा करेंगे एवं वहाँ वे 450 कैडेट्स से संवाद कर उन्हें संबोधित करेंगे ।
पांच अगस्त को गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर आगरा में एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करेंगे तथा एनसीसी अधिकारियों के साथ वातार्लाप करेंगे। तत्पश्चात एडीजी 1 यूपी एयर स्क्वार्डन एनसीसी का निरीक्षण करेंगे। जहाँ कमान अधिकारी कैडेट्स को दिये जा रहे डोन प्रशिक्षण के बारे में ए.डी.जी. को जानकारी देंगे। ए.डी.जी. वहाँ सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी चयनित कैडेट्स से मुलाकात करेंगे और कैडेट्स का उत्साहवर्धन करेंगे ।

इंडिया में आईबीएस बिज़नेस स्कूल प्लेसमेंट में सबसे आगे

 

79 हजार से भी ज्यादा विद्यार्थी इस वक़्त देश और विदेश के विभिन संस्थानों में कार्यरत

आई. बी. एस. बिज़नेस स्कूल ने हेड ऑफ़ डिपार्टमेंट एंड ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर्स मीट आयोजित की

बाबा न्यूज
आगरा। उत्तर प्रदेश, आई. बी. एस बिज़नेस स्कूल ने हेड ऑफ़ डिपार्टमेंट (HOD’s) एंड ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर्स (TPO’s) मीट आयोजित किया। आई. बी. एस भारत के उच्चतम बिज़नेस स्कूल में से एक है जिसने फैकल्टी नॉलेज शेयरिंग मीट होटल अतिथि में आयोजित किया।
इक्फ़ाई बिज़नेस स्कूल 1995 से स्थापित है, जिसके नौ कैंपस भारत के विभिन शहरों हैदराबाद, मुंबई गुरुग्राम, बैंगलौर, पुणे कोलकता, अहमदाबाद, देहरादून और जयपुर में है। यहाँ से अभी तक 79 हजार से भी ज्यादा विद्यार्थियों ने अपनी प्रबन्धन की पढाई की है जो इस वक़्त देश और विदेश के विभिन संस्थानों में कार्यरत हैं।
डॉ प्राप्ति पॉल डीन एकेडेमिक्स, आई. बी. एस गुडगाँव ने “रथिंकिंग स्टूडेंट डेवलपमेंटः स्ट्रेटेजी एंड न्यू परादिगं” विषय पर फैकल्टी नॉलेज शेयरिंग मीट आयोजित किया। डॉ श प्राप्ति पॉल ने आगरा के विभिन संस्थानों, कॉलेजों व विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, हेड ऑफ़ डिपार्टमेंट एंड ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर्स को उपरोक्त विषय पर जानकारी दी।
मि. प्रतीक अग्रवाल, सीनियर मैनेजर, आई. बी. एस बिज़नेस स्कूल ने वक्ता डॉ प्राप्ति पॉल व आगरा के विभिन 12 संस्थानों / विश्वविद्यालय के आये 30 प्रतिभागी प्रोफेसर एवं ट्रेनिंग प्लेसमेंट ऑफिसर्स सदस्यों का स्वागत व परिचय दिया।
डॉ प्राप्ति पॉल जो डॉक्ट्रेट की डिग्री से सम्मानित हैं इन्हे 15 से भी अधिक वर्षों का शैक्षणिक एवं रिसर्च का अनुभव हैं और इन्होने विभिन शीर्ष बिज़नेस कॉलेजो में रिसर्च एवं फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, ट्रेनिंग प्लेसमेंट ऑफिसर्स मीट को सफलतापूर्वक संपन्न किया है।
आई.बी. एस बिज़नेस स्कूल इनफार्मेशन ऑफिस आगरा ने डॉ प्राप्ति पॉल व सभी प्रतिभागी प्रोफेसरों का धन्यवाद दिया।

आगरा व्यापार मंडल के चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर को लेकर व्यापारी वर्ग में जबरदस्त उत्साह

16 अगस्त को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी में लगेगा शिविर, अब तक 1500 रक्तदाताओं ने कराया पंजीकरण

बाबा न्यूज 

आगरा। आगरा व्यापार मंडल द्वारा आगामी 16 अगस्त 2026 को आयोजित किए जा रहे चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को “राधा हॉल”, अतिथिवन, वाटर वर्क्स में आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार मंडल से संबद्ध सभी सदस्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा रक्तदान शिविर की तैयारियों एवं अब तक की कार्य प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान सदस्य संस्थाओं द्वारा रक्तदाताओं के भरे हुए पंजीकरण प्रपत्र भी जमा किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने सभी सदस्य संस्थाओं से इस पुण्य कार्य में पूर्ण सहयोग एवं समर्पण के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी व्यापारियों के सामूहिक प्रयासों से यह रक्तदान शिविर नया इतिहास रचेगा तथा आगरा व्यापार मंडल की एकजुटता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा।
रक्तदान शिविर के संयोजक राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि व्यापारी वर्ग में रक्तदान को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। अभी तक 1500 रक्तदाताओं का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि लगभग इतने ही अन्य पंजीकरण अंतिम चरण में हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिविर में रिकॉर्ड संख्या में व्यापारी, युवा एवं समाजसेवी रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस महाअभियान का हिस्सा बनेंगे।
बैठक में शिविर की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देते हुए विभिन्न पदाधिकारियों एवं संयोजकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
लोकहितम ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने आगरा व्यापार मंडल से आगामी समय में भी इस सेवा को जारी रखने का आग्रह किया।

आगरा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने समस्त व्यापारी समाज एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस सेवा यज्ञ में सहभागी बनने की अपील की।
चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन 16 अगस्त 2026 को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी, आगरा में किया जाएगा। आयोजन समिति ने उम्मीद जताई है कि इस वर्ष रक्तदान शिविर सहभागिता और सेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस अवसर पर आगरा व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक मंगवानी, संगठन मंत्री राकेश बंसल, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, शिविर संयोजक संदीप गुप्ता, राजेश अग्रवाल, बृजमोहन रेपुरिया, राजेश सिंघल योगेश रखवानी, सहसंयोजक महावीर मंगल, मनोज भाटिया, अनूप बंसल, नितिन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

सहयोगी संस्थाएं:
एक्मा, आगरा रेडीमेड गारमेंट संगठन, आगरा होजरी मैन्युफैक्चरर्स एंड ट्रेडर्स ऑर्गेनाइजेशन, लोहामंडी मार्केट व्यापारी समिति, सुभाष बाजार व्यापार समिति, पुरुषार्थ संघ, हॉस्पिटल रोड, आगरा सराफा एसोसिएशन, आगरा सराफा मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन, सर्राफा कमेटी चौबे जी का फाटक, किनारी बाजार सराफा एसोसिएशन, सराफा स्वर्णकार व्यावसायिक समिति, सराफा बाजार कमेटी, शाहगंज लुहार गली व्यापार समिति, सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन, कमला नगर व्यापार संगठन, किनारी बाजार व्यापार समिति, रावतपाड़ा बाजार समिति, वशिष्ट मशीनरी मार्केट एसोसिएशन, लोहामंडी व्यवसाय समिति, आगरा फार्मा एसोसिएशन, आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन, आयुर्वेदिक औषधि निर्माता एसोसिएशन, होम्योपैथिक स्टोर केमिस्ट एसोसिएशन, ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट संगठन, आगरा मशीनरी व्यापार समिति, आगरा इलेक्ट्रॉनिक ठेकेदार एवं मर्चेंट एसोसिएशन, आगरा लोहा व्यापारी एसोसिएशन, सराफा एवं स्वर्णकार बाजार कमेटी, बीमा मंडी शाहगंज व्यवसाय समिति, शिवाजी मार्केट रेडीमेड गारमेंट संगठन, शहीद भगत सिंह पेठा कुटीर एसोसिएशन, आगरा शू ट्रेडर्स एसोसिएशन, श्री राम कॉम्प्लेक्स कमला नगर, सिकंदरा-बोड़ला मार्बल एंड टाइल्स एसोसिएशन, बल्केश्वर व्यापार मंडल समिति, जोगीपाड़ा व्यापार संगठन तथा शिवाजी मार्केट फुटवियर संगठन।