आम के घेवर का भोग और रक्षासूत्र बांधकर मनाया रक्षाबंधन उत्सव

 


प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में पुरुषोत्तम मास के दौरान हुआ रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन
बाबा न्यूज
आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्रीमाधुराधीश जी मंदिर में रक्षाबंधन उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। ठाकुर जी को आम व मलाई के घेवर का भोग लगाकर रक्षासूत्र बांधा गया। इसके उपरान्त सभी श्रद्धालुओं को भी रक्षासूत्र बांधकर चंदन का तिलक लगाया गया। मंदिर परिसर में प्रात:काल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने ठाकुर श्री माधुराधीश जी के दर्शन कर विशेष पूजन-अर्चन किया तथा पुरुषोत्तम मास के महत्व को आत्मसात करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की।
उत्सव के अंतर्गत मंदिर को रंग-बिरंगे पुष्पों, आकर्षक बंदनवारों एवं पारंपरिक सजावट से भव्य रूप प्रदान किया गया। ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें उन्हें सुंदर रेशमी वस्त्र, स्वणार्भूषण और मनोहारी राखियों से अलंकृत किया गया। भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य भगवान को रक्षा सूत्र अर्पित कर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। रक्षाबंधन उत्सव के अवसर पर विशेष कीर्तन का आयोजन भी किया गया। भक्तों ने राधे-राधे, श्याम नाम की महिमा व श्रीकृष्ण के भजनों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए। आरती के समय मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोषों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में आए भक्तों ने ठाकुर जी के चरणों में रक्षा सूत्र अर्पित कर अपने परिवार की सुख-शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर मुख्य रूप से हितेश लवानिया, मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, ब्रज खंडेलवाल, जुगल श्रोत्रिय, दिनेश कुमार, हितेश कुमार, अभिजात लवानिया,रवि दीक्षित, धर्म पचौरी, सौरभ खंडेलवाल आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *