रिन्द नदी पर खूंटा पुल बनाने को मंजूरी:22 करोड़ 93 लाख 85 हजार रुपये स्वीकृत; बिंदकी विधायक ने दी जानकारी
फतेहपुर जिला के बिंदकी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खूंटा से गढ़ी संपर्क मार्ग पर रिन्द नदी पर पुल निर्माण को आखिरकार वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रदेश सरकार ने 22 करोड़ 93 लाख 85 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि मंजूर की है। इस फैसले के बाद से ही पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और स्थानीय निवासियों ने एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी जताई। इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा कराने में बिंदकी विधायक एवं पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह जैकी की केंद्रीय भूमिका रही। विधायक जैकी ने बताया कि खूंटा पुल का निर्माण हमेशा से उनकी प्राथमिकताओं में शीर्ष पर रहा। इसके लिए उन्होंने शासन स्तर पर लगातार पैरवी की और जनसमस्या को मजबूती से रखा, जिसके सुखद परिणाम आज सामने आए हैं। जयकुमार सिंह जैकी ने शुक्रवार के दिन शाम 5 बजे जानकारी देते हुए खुशी जताते हुए कहा कि यह पुल केवल ईंट,सीमेंट और लोहे का ढांचा भर नहीं है, बल्कि यह हजारों ग्रामीणों की उम्मीदों, बच्चों के सुरक्षित भविष्य, किसानों की बाजार तक सीधी पहुंच और पूरे क्षेत्र के समग्र विकास का नया मार्ग प्रशस्त करेगा। वर्षों से रिन्द नदी पार करने के लिए ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, खासकर मानसून के दिनों में आवागमन पूरी तरह ठप्प हो जाता था। उन्होंने आगे कहा कि जनप्रतिनिधि होने का वास्तविक अर्थ यही है कि जनता की तकलीफों को समझकर उन्हें शासन के पटल पर रखा जाए और धरातल पर समाधान लाया जाए। बिंदकी के सर्वांगीण विकास के लिए यह प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। पुल निर्माण से खूंटा, गढ़ी समेत आसपास के दर्जनों गांवों के निवासियों को तहसील और जिला मुख्यालय पहुंचने में समय और दूरी दोनों की भारी बचत होगी।

