Breaking News
झांसी से पांच हजार कांग्रेसी जाएंगे दिल्ली, कई पहुंच चुके:प्रदेश सचिव बोले- नागरिकों के वोट चोरी करने वाले CEC के इस्तीफे तक चलेगा आंदोलन

झांसी में कांग्रेस के प्रदेश सचिव ने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि वोट चोरी के मामले में कांग्रेस 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन करेगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाले इस आंदोलन में उत्तर प्रदेश से 50 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया गया है। वहीं, झांसी से कितने कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे, इसकी संख्या और नाम कांग्रेस नेताओं ने सार्वजनिक नहीं किए। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने इसकी वजह भाजपा सरकार और पुलिस की कार्रवाई का डर बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस को जानकारी मिलने से पहले ही सैकड़ों कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को एक स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव जगदीश चंदर जांगिड़ ने कहा कि पूरा देश जान चुका है कि चुनाव आयोग किस तरह लोगों के वोट देने के अधिकार पर डाका डाल रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सरकार का संरक्षण प्राप्त होने का आरोप लगाया। कहा कि अब वोट चोरी की परतें खुलने लगी हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशभर में आंदोलन कर रही है। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया अलाइंस दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करेगा। इसमें देशभर से लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश से 50 हजार समर्थक दिल्ली पहुंचेंगे। वहीं, झांसी समेत पूरे बुंदेलखंड से पांच हजार समर्थकों के दिल्ली जाने का दावा किया गया है। पूर्व मंत्री बोले-पुलिस के डर से गोपनीय रखे नाम पत्रकार वार्ता में जब प्रदेश सचिव से पूछा गया कि झांसी से कितने और कौन-कौन से नेता व कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे तो पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि नाम इसलिए सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं, ताकि भाजपा पुलिस के जरिए समर्थकों को नजरबंद न करा सके। आरोप लगाया कि सरकार डरी हुई है, क्योंकि उसकी वोट चोरी पकड़ी जा चुकी है। ऐसे में वह हर आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस को जानकारी मिलने से पहले ही उनके सैकड़ों कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच चुके हैं। बोले-विरोध करने वाले भाजपा के सहयोगी दल दिल्ली में कारोबारियों की ओर से पत्र लिखकर कांग्रेस की रैली दीवाली के बाद आयोजित करने की मांग किए जाने के सवाल पर प्रदेश सचिव जगदीश चंदर जांगिड़ ने कहा कि जिन कारोबारियों के नाम पर रैली स्थगित करने की बात कही जा रही है, वे सामान्य कारोबारी नहीं हैं। उनके मुताबिक, ये भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सहयोगी व्यापारी संगठन हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी भी कांग्रेस के इस आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने देश के कारोबारियों को भी परेशान कर रखा है। दावा किया कि कांग्रेस को व्यापारियों का पूरा समर्थन मिल रहा है और व्यापारी भी इस आंदोलन में साथ खड़े हैं। कांग्रेस नेताओं ने भी रखी बात पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष देशराज रिछारिया, नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, राजेंद्र सिंह यादव, राहुल रिछारिया और वैभव बट्टा समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। नेताओं ने दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

रामपुर में कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर किया हमला:दो बच्चों को बनाया निशाना, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

रामपुर में मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर ताराजी नगर क्षेत्र के बागरौआ गांव में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे कुत्तों के झुंड ने पांच साल की बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में डॉक्टर इमरान ने भर्ती कर उपचार शुरू किया। घायल बच्ची की पहचान आयशा नूर (5) के रूप में हुई है। उसके पिता हाफिज सगीर ने बताया कि उनकी बेटी गांव की जनरल स्टोर की दुकान पर चॉकलेट लेने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में बच्ची घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। एक दिन पहले 10 वर्षीय बच्चे पर किया था हमला हाफिज सगीर के मुताबिक, गांव में कुत्तों के हमले की यह पहली घटना नहीं है। गुरुवार को भी गांव निवासी आरिफ के 10 वर्षीय बेटे असद पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर घायल कर दिया था। असद घर के सामने खड़ा था, तभी कुत्तों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। एक दिन के अंतराल में दो बच्चों पर हमले से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि कुत्तों के झुंड के कारण बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने में भी डर लगने लगा है। उन्हें आशंका है कि समय रहते कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हाफिज सगीर ने बताया कि पहले इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की गई थी, लेकिन अब वह जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत करेंगे। ग्रामीणों ने भी आवारा कुत्तों को पकड़ने और समस्या से निजात दिलाने के लिए कार्रवाई की मांग की है।

जालौन में जिम में चाकू मारकर युवक की हत्या:मुख्य आरोपी को उम्रकैद, 84 हजार रुपए जुर्माना; दो अन्य आरोपी दोषमुक्त

जालौन के उरई में जिम में हुए विवाद के बाद चाकू से हमला कर युवक की हत्या करने के करीब तीन साल पुराने मामले में शुक्रवार को न्यायालय ने फैसला सुनाया। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट सुरेश चंद्र गुप्ता ने मुख्य आरोपी योगेश तिवारी को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और 84 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं, पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर मुकदमे में नामजद दो अन्य आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। अपर शासकीय अधिवक्ता रणकेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि उरई कोतवाली क्षेत्र के राजेंद्र नगर मोहल्ला निवासी रमेश वाल्मीकि ने 22 अक्टूबर 2023 को पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि 21 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे उनका नाती हर्ष वाल्मीकि अपने साथी अनिकेत वाल्मीकि के साथ कृष्णा टॉकीज के पास स्थित देवा हेल्थ क्लब में जिम करने गया था। वहां ग्राम मऊ, थाना नदीगांव निवासी योगेश तिवारी अपने दो साथियों के साथ मौजूद था। आरोप था कि हर्ष को देखते ही योगेश ने गाली-गलौज करते हुए उसे जिम आने का समय बदलने के लिए कहा। हर्ष ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद योगेश और उसके साथियों ने हर्ष को पकड़कर जिम के बाहर ले जाकर मारपीट की। साथियों ने पकड़ा, योगेश ने चाकू से किया हमला आरोप के मुताबिक, योगेश के दोनों साथियों ने हर्ष को पकड़ लिया और योगेश ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान हर्ष का भाई आयुष और साथी अनिकेत समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल हर्ष को जिला अस्पताल उरई ले गए। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज और हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, कानपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना जिम में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थी। चाकू बरामदगी के बाद दाखिल हुआ आरोपपत्र मामले में उरई कोतवाली पुलिस ने योगेश तिवारी और उसके दो साथियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेश को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया था। विवेचना पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया गया। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर फैसला सुनवाई के दौरान वादी समेत अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। दोनों पक्षों की बहस और पेश किए गए साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद न्यायालय ने योगेश तिवारी पुत्र हरगोविन्द तिवारी निवासी ग्राम मऊ, थाना नदीगांव, हाल निवासी मोहल्ला इंद्रानगर, उरई को दोषी ठहराया। उसे आजीवन कारावास और 84 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई गई। वहीं, दो अन्य आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, यह फैसला ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत जालौन पुलिस की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप आया है। पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्यों और गवाहों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया था।

मेरठ में 2 नवंबर को होगी चुनावी तैयारियों की समीक्षा:UP के मुख्य निर्वाचन अधिकारी यूपी के 18 जिलों के अफसरों के साथ लेंगे अहम बैठक

मेरठ में आने वाले 2 नवंबर को उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग की तरफ से बड़ी बैठक होने जा रही है। बैठक में यूपी के 18 जिलों के अफसर पहुंचेंगे। उनके साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा होगी। उत्तर प्रदेश निवार्चन अधिकारी नवदीप सिंह रिणवा भी इस बैठक में मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। चार मंडल के कमिश्नर, जनपदों के डीएम, पुलिस आयुक्त, एसएसपी इसमें प्रजेंटेशन करेंगे।
चार मंडलों के कमिश्नर रहेंगे मौजूद
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तैयारी में भारत निर्वाचन आयोग अब पूरे जी जान से जुट गया है। पश्चिम के चार मंडल के 18 जनपदों की विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दो नवंबर को मेरठ में समीक्षा होगी। जिसमें चारों कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर, जनपदों के डीएम, एसएसपी अपनी चुनाव की तैयारियों का प्रजेंटेशन करेंगे। भारत निर्वाचन आयोग से उच्च अधिकारियों के साथ साथ प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी तैयारियों की समीक्षा करके उसमें सुधार के निर्देश देंगे। वेस्ट यूपी से चुनाव आयोग की शुरूआत
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू करते हुए सबसे पहले पश्चिम उत्तर प्रदेश की तैयारियों को परखने का निर्णय लिया है। इसके लिए 2 नवंबर को मेरठ में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडल के 18 जनपदों की तैयारियों की समीक्षा होगी। समीक्षा करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग से वरिष्ठ अधिकारी मेरठ आएंगे। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के साथ अपर और उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी रहेंगे।

रिन्द नदी पर खूंटा पुल बनाने को मंजूरी:22 करोड़ 93 लाख 85 हजार रुपये स्वीकृत; बिंदकी विधायक ने दी जानकारी

​फतेहपुर जिला के बिंदकी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खूंटा से गढ़ी संपर्क मार्ग पर रिन्द नदी पर पुल निर्माण को आखिरकार वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रदेश सरकार ने 22 करोड़ 93 लाख 85 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि मंजूर की है। इस फैसले के बाद से ही पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और स्थानीय निवासियों ने एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी जताई। ​इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा कराने में बिंदकी विधायक एवं पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह जैकी की केंद्रीय भूमिका रही। विधायक जैकी ने बताया कि खूंटा पुल का निर्माण हमेशा से उनकी प्राथमिकताओं में शीर्ष पर रहा। इसके लिए उन्होंने शासन स्तर पर लगातार पैरवी की और जनसमस्या को मजबूती से रखा, जिसके सुखद परिणाम आज सामने आए हैं। ​जयकुमार सिंह जैकी ने शुक्रवार के दिन शाम 5 बजे जानकारी देते हुए खुशी जताते हुए कहा कि यह पुल केवल ईंट,सीमेंट और लोहे का ढांचा भर नहीं है, बल्कि यह हजारों ग्रामीणों की उम्मीदों, बच्चों के सुरक्षित भविष्य, किसानों की बाजार तक सीधी पहुंच और पूरे क्षेत्र के समग्र विकास का नया मार्ग प्रशस्त करेगा। वर्षों से रिन्द नदी पार करने के लिए ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, खासकर मानसून के दिनों में आवागमन पूरी तरह ठप्प हो जाता था। ​उन्होंने आगे कहा कि जनप्रतिनिधि होने का वास्तविक अर्थ यही है कि जनता की तकलीफों को समझकर उन्हें शासन के पटल पर रखा जाए और धरातल पर समाधान लाया जाए। बिंदकी के सर्वांगीण विकास के लिए यह प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। पुल निर्माण से खूंटा, गढ़ी समेत आसपास के दर्जनों गांवों के निवासियों को तहसील और जिला मुख्यालय पहुंचने में समय और दूरी दोनों की भारी बचत होगी।