Breaking News
डीजीपी ने सुनी रिटायर्ड पुलिस अफसरों की फरियाद:ऑनलाइन मेडिकल रीइंबर्समेंट के लिए जिला स्तर पर हेल्प डेस्क की पहल

लखनऊ में बुधवार को पीपीएस (सेवानिवृत्त) ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन आयोजित हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण शामिल हुए। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को सुनते हुए कई अहम आश्वासन दिए। डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि लाइसेंस संबंधी मांग पर शासन स्तर पर बातचीत कर उचित निर्देश जारी कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ऑनलाइन मेडिकल रीइंबर्समेंट में पेंशनर्स को आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के लिए जिले स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित करने की पहल की बात कही। इससे सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को फॉर्म भरने और अन्य ऑनलाइन कामों में मदद मिलेगी। उन्होंने जिले स्तर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के साथ नियमित संवाद की व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया, ताकि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। 100 साल के सेवानिवृत्त न्यायाधीश भी पहुंचे कार्यक्रम में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश कमलेश्वर नाथ (100 वर्ष), पूर्व डीजीपी विलास मणि त्रिपाठी, ए.के. जैन, रामेश्वर दयाल, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन प्रशांत कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतेन्द्र पाल सिंह ने डीजीपी का आभार जताते हुए सदस्यों से सक्रिय जीवनशैली अपनाने और जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे, समाज और विभाग का सहयोग करने की अपील की। एसोसिएशन की ओर से मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। अधिवेशन पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल, महानगर में एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतेन्द्र पाल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुआ। महासचिव श्याम पाल सिंह ने बताया कि पिछले एक साल में एसोसिएशन के 46 सदस्यों का निधन हो गया। उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत साथियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रमोद तिवारी बोले- विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराएं:कांग्रेस नेता ने पीएम के तंज पर कहा- आपकी परेशानी, बेसब्री समझ रहा हूं

पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विधान परिषद (MLC) चुनावों के नतीजों को लेकर कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा है। इस पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी ने वीडियो जारी कर पीएम के तंज का जवाब दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना तिवारी मोना के पिता प्रमोद तिवारी ने कहा आप शायद पहले प्रधानमंत्री हैं, जो एमएलसी के सीमित चुनाव पर बोल रहे हैं। प्रमोद तिवारी ने कहा हम आपकी परेशानी, बेसब्री, बेकरारी समझ सकते हैं। यहां बैलेट पेपर से चुनाव हुआ न। आपका कहना है कि बैलेट पेपर से चुनाव हुआ, फिर भी कांग्रेस कुछ नहीं कर पाई। प्रमोद बोले हिम्मत तो बांधिये प्रमोद तिवारी ने कहा अब तो हिम्मत बांधिए, अब क्यों घबरा रहे हैं? आने वाले चुनाव उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब के बैलेट पेपर से करा डालिए। जो परिणाम आएं, उसी हिसाब से 2029 में करा लीजिएगा। प्रमोद तिवारी ने कहा आपको तकलीफ नहीं हो रही होगी, पर मैं देख रहा हूं। पहले आप अयोध्या हारे। फिर काशी हारे। इस बार काशी हारे, प्रयागराज हारे, मथुरा हारे।
तो सारे तीर्थ स्थलों से जो सीधा संदेश आ रहा है कि भाजपा चंदा चोर है वह यही है। प्रमोद तिवारी ने कहा कि चंदा चोरी कि सजा मिल रही है। कहा कि वैसे भी एमएलसी का चुनाव, जिसकी सरकार उसका एमएलसी, होता रहा है। फिर भी मैं इतना कहूंगा पीछे मत हटिएगा। लोकसभा के और इन प्रदेशों के चुनाव बैटल पेपर करा डालिये।

ओला इलेक्ट्रिक को उपभोक्ता आयोग का झटका:अलीगढ़ में स्कूटी में बार-बार खराबी पर ग्राहक को नई स्कूटी देने या 1.02 लाख लौटाने का आदेश

ओला इलेक्ट्रिक की स्कूटी में बार-बार तकनीकी खराबी आने के मामले में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने कंपनी को बड़ा झटका दिया है। आयोग ने ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को ग्राहक वैभव शर्मा को नई स्कूटी देने या उसकी कीमत 1,02,505 रुपये वापस करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही 10 प्रतिशत सालाना साधारण ब्याज, मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न के लिए 10 हजार रुपये और मुकदमे के खर्च के रूप में पांच हजार रुपये अलग से देने होंगे। यह फैसला आयोग के अध्यक्ष हसनैन कुरैशी और सदस्य पूर्णिमा सिंह राजपूत की संयुक्त पीठ ने सुनाया। आदेश का पालन 45 दिन के भीतर करना होगा।
एडवोकेट शिवम नायक ने बताया कि वैभव शर्मा ने 31 दिसंबर 2023 को ओला एस1 एक्स प्लस इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। खरीद के कुछ समय बाद ही स्कूटी में तकनीकी समस्याएं आने लगीं। पार्किंग लॉक नहीं खुलता था, पासवर्ड से स्कूटी अनलॉक करने में परेशानी होती थी और रिवर्स गियर भी काम नहीं करता था। सीट ठीक से लॉक नहीं होती थी और ओला ऐप से कनेक्टिविटी की समस्या भी बनी रहती थी। स्कूटी अचानक बंद हो जाती थी और कई बार दोबारा चालू नहीं होती थी।
सर्विस सेंटर के चक्कर काटे, फिर भी नहीं मिली राहत
वैभव शर्मा ने कंपनी के सर्विस सेंटर पर कई बार शिकायत की। ऑनलाइन टिकट दर्ज कराने और ईमेल के जरिए समस्या बताने के बावजूद उनका आरोप था कि खराबियों का स्थायी समाधान नहीं किया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, कई शिकायतें बिना संतोषजनक समाधान के बंद कर दी गईं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी उठानी पड़ी। इसके बाद उन्होंने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, अलीगढ़ में परिवाद दाखिल किया।
शिकायत में वैभव शर्मा ने दोषपूर्ण स्कूटी बदलने या उसे ठीक कराकर वारंटी के साथ वापस देने, दो लाख रुपये क्षतिपूर्ति और 10 हजार रुपये वाद खर्च दिलाने की मांग की थी।
कंपनी ने आरोपों को नकारा
ओला इलेक्ट्रिक की ओर से शिकायत के आरोपों को निराधार बताया गया। कंपनी का तर्क था कि स्कूटी में कोई बड़ा विनिर्माण दोष नहीं था और सर्विस टीम ने वारंटी की शर्तों के अनुसार शिकायतों पर कार्रवाई की थी। कंपनी ने जॉब कार्ड का हवाला देते हुए परिवाद खारिज करने की मांग की।
दोनों पक्षों के साक्ष्यों और दस्तावेजों पर विचार करने के बाद आयोग ने फैसला सुनाया। आदेश के मुताबिक, कंपनी को 45 दिन के भीतर नई स्कूटी देनी होगी या 1,02,505 रुपये लौटाने होंगे। इस राशि पर 10 प्रतिशत सालाना साधारण ब्याज भी देना होगा। इसके अतिरिक्त 10 हजार रुपये मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न के लिए और पांच हजार रुपये वाद व्यय के रूप में देने होंगे। आदेश का पालन नहीं करने पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 72 के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

चित्रकूट में दो बाइक की टक्कर में युवक की मौत:सीने पर पहिया चढ़ने से अमित ने तोड़ा दम; जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

चित्रकूट जिला मुख्यालय में बुधवार शाम करीब 5 बजे भैरोपागा रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। एक बाइक सवार युवक सड़क पर गिरा और मोटरसाइकिल का पहिया उसके सीने पर चढ़ गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अमित पुत्र जय नारायण, निवासी बिहारा ग्राम पंचायत, छिवलहा पुरवा, कर्वी के रूप में हुई है। अमित बुधवार शाम जिला मुख्यालय से घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी बाइक टकरा गई।
टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने अमित को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी मौत की सूचना मिलने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभयराज सिंह ने बताया कि पुलिस को भैरोपागा रोड पर दो मोटरसाइकिलों की टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की है। हादसे के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

शामली के बाजारों में महिलाओं की उमड़ी भीड़:करवाचौथ की हो रही खरीदारी, 25 हजार तक की बिक रहीं साड़ियां

शामली में करवाचौथ से एक दिन पहले बुधवार को शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी। बृहस्पतिवार को मनाए जाने वाले पर्व को लेकर महिलाओं ने साड़ी, चूड़ी और श्रृंगार के सामान की खरीदारी की। वहीं, मेहंदी लगवाने और मेकअप कराने के लिए भी महिलाओं को इंतजार करना पड़ा। बाजारों की रौनक से कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। कबाड़ी बाजार, नेहरू मार्केट, नया बाजार, बड़ा बाजार और हनुमान रोड पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई। महिलाओं ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार साड़ियां खरीदीं। दुकानों पर सूरत की साड़ियों के साथ कटक सिल्क, इचलकरी सिल्क, पचनिमा सिल्क, कांजीवरम, कलकत्ता और मैसूर की साड़ियां भी उपलब्ध रहीं। 5 हजार रुपए तक की साड़ियों की मांग ज्यादा दुकानदार अशोक और सोनू ने बताया कि बाजार में 500 से 25 हजार रुपए तक की साड़ियां उपलब्ध हैं। इनमें 5 हजार रुपए तक की साड़ियों की मांग सबसे ज्यादा है। उन्होंने करवाचौथ के चलते कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद जताई। दुकानदार मनोहर लाल और पंकज कुमार ने बताया कि ग्राहकों के लिए अलग-अलग कीमतों और डिजाइन की साड़ियां रखी गई हैं। मेहंदी के लिए भी लगी रही भीड़ नए बाजार के मुख्य मार्ग पर मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की भीड़ रही। महिलाएं पारंपरिक और आकर्षक डिजाइन बनवाती नजर आईं। इस बार श्रीडी डिलाइन मेहंदी की भी मांग रही, जिसकी कीमत करीब 2,500 रुपए बताई गई। एक हाथ पर कोहनी तक मेहंदी लगवाने के लिए 200 रुपए और दोनों हाथों पर मेहंदी लगवाने के लिए करीब 400 रुपए तक खर्च करने पड़े। मेकअप और हेयर स्टाइल के लिए पहुंचीं महिलाएं करवाचौथ पर सजने-संवरने के लिए ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की भीड़ रही। महिलाएं फेशियल, ब्लीच, थ्रेडिंग, अपर लिप्स, वैक्सिंग, हेयर कटिंग और आकर्षक हेयर स्टाइल कराने पहुंचीं। कई महिलाओं ने पर्व से पहले ही अपनी तैयारियां पूरी कर ली थीं। पार्लर संचालिका रश्मि ने बताया कि करवाचौथ के चलते इस बार काम अच्छा रहा। त्योहार को लेकर महिलाएं मेकअप और अन्य ब्यूटी सेवाओं में खास रुचि दिखा रही हैं। करवाचौथ से पहले शामली के बाजारों में खरीदारी और श्रृंगार को लेकर उत्साह देखने को मिला। साड़ी, चूड़ी और मेहंदी से लेकर मेकअप तक, महिलाएं पर्व की तैयारियों में जुटी रहीं। बाजारों की रौनक से कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।