दूध की कढ़ाई पर सांसद नवीन जैन ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां


बाबा न्यूज
आगरा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे जनकल्याण चौपाल कार्यक्रम के अंतर्गत राज्यसभा सांसद श्री नवीन जैन के नेतृत्व में बल्केश्वर स्थित सकारात्मक भवन, पार्वती घाट पर जनकल्याण चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। चौपाल के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक दिनों तक देश की सेवा करने के ऐतिहासिक अवसर, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक दिनों तक देश की सेवा करना भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह देशवासियों के विश्वास, प्रधानमंत्री जी की जनस्वीकार्यता तथा उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का प्रमाण है।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भर भारत एवं वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। यही कारण है कि देश की जनता ने लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व पर अपना विश्वास व्यक्त किया है।
चौपाल के दौरान सांसद नवीन जैन ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं विचारों को भी सुना। उन्होंने कहा कि जनता के साथ सीधा संवाद लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और भाजपा सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा सरकार की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। चौपाल का वातावरण पूरी तरह संवादात्मक रहा, जिसमें स्थानीय विकास, जनकल्याण, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, अमित ग्वाला, पार्षद पंकज अग्रवाल, चंद्रेश गर्ग, ब्रज क्षेत्र मीडिया प्रभारी भाजपा नवल तिवारी, रोहित अली चिश्ती, वंश अग्रवाल, शैलू गौतम, महानगर मंत्री नेहा गुप्ता, समाजसेवी मुरारी प्रसाद अग्रवाल, महंत विष्णु शास्त्री, विक्रांत तिवारी, पार्षद पूजा बंसल, पार्षद हरिओम गोयल, नंदी महाजन, कुमकुम उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष शिव शैलेन्द्र सिंह, ममता शर्मा, गिर्राज बंसल, सीमा सिंघल, अखिल जैन, शिवानी अग्रवाल सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

