महापौर ने सिंगापुर में प्रस्तुत किया आगरा का विकास मॉडल

शहरी विकास, नगर प्रबंधन, नवाचार एवं नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं अनुभवों को किया साझा
कई देशों के वैश्विक नेताओं ने शहरों के विकास पर की चर्चा

Baba news 

आगरा। आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने शनिवार को सिंगापुर में आयोजित प्रतिष्ठित ली कुआन यू वर्ल्ड सिटी प्राइज कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर सिंगापुर सरकार के शहरी विकास मंत्री के साथ-साथ विश्व के विभिन्न देशों और प्रमुख शहरों के महापौर एवं नगर प्रशासक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में हेलसिंकी (फिनलैंड) के महापौर, पेरिस (फ्रांस) की महापौर, दक्षिण अफ्रीका एवं युगांडा के शहरों के महापौरों सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने शहरों में शहरी विकास, नगर प्रबंधन, नवाचार एवं नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं अनुभवों को साझा किया।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने आगरा नगर निगम द्वारा स्वच्छता, डिजिटल प्रशासन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, विरासत संरक्षण तथा सतत् शहरी विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि विश्व के विभिन्न शहरों के साथ अनुभवों का आदान-प्रदान नगर प्रशासन को अधिक प्रभावी, एवं नागरिक-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हम आगरा को वैश्विक विकास के सतत लक्ष्यों की प्राप्ति करते हुए वैश्विक शहर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। आगरा व आगरा के नागरिक अपनी संस्कृति को सहेजते हुए भविष्य के शहरों में शुमार होने के लिए तैयार हैं।
इस अवसर पर जलवायु परिवर्तन, शहरी स्वच्छता, सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता तथा भविष्य के शहरों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
महापौर की यह सहभागिता आगरा को वैश्विक शहरी मंचों पर सशक्त प्रतिनिधित्व प्रदान करने तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं ज्ञान-विनिमय के नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *