इनर रिंग रोड के लिए अधिग्रहित जमीन पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स:कांग्रेसी और किसानों ने जताया विरोध, मुआवजा बढ़ाने की मांग
आगरा में मंगलवार को कांग्रेस नेता और किसानों ने ADA उपाध्यक्ष के साथ बैठक की। इस दौरान ग्राम पट्टी पचगईं खेड़ा में इनर रिंग रोड के लिए अधिग्रहित जमीन पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने को लेकर विरोध जताया। किसानों का आरोप है कि जिस उद्देश्य से जमीन ली गई थी, अब उस प्लान को बदलकर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू की जा रही हैं। ADA सभागार में हुई इस बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह ने की। किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष के सामने चार प्रमुख मांगें रखीं। प्लान बदलने पर किसानों में आक्रोश
किसानों ने कहा कि ADA ने इनर रिंग रोड बनाने के नाम पर उनकी जमीन का अधिग्रहण किया था। अब उसी जमीन पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। इससे किसानों में गहरा असंतोष है। वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अधिग्रहण के समय जो वादे किए गए थे, अब उससे उलट काम हो रहा है। कांग्रेस ने उठाई चार बड़ी मांग
बैठक में महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। पहली मांग- जमीन जिस इनर रिंग रोड प्लान के तहत ली गई थी, उसी पर काम हो। प्लान में बदलाव बंद किया जाए। दूसरी मांग- यदि जमीन पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स ही बनाना है तो किसानों को वर्तमान सर्किल रेट के हिसाब से नया मुआवजा दिया जाए। तीसरी मांग- जिस जनहित के उद्देश्य से जमीन ली गई थी, अगर वह उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा है तो नियम के अनुसार जमीन किसानों को वापस लौटाई जाए। चौथी मांग- किसानों की सहमति के बिना किसी भी तरह का निर्माण कार्य न किया जाए। इस दौरान पूर्व पार्षद अनुज शर्मा, याकूब शेख, ताहिर हुसैन, जितेंद्र शर्मा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। किसान प्रतिनिधिमंडल में बिट्टू शर्मा, रामू शर्मा, पप्पू कुशवाहा, धर्म सिंह कुशवाहा, हरि सिंह कुशवाहा, संतोष बघेल समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

