Breaking News
बिना साक्ष्य और गवाह के आधार पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए

थाना प्रभारी से मिल कर मनोज अग्रवाल ने निष्पक्ष जांच की मांग की
फर्जी मुकदमों और हिस्ट्रीशीट खोलने पर उठाए सवाल
एलईडी प्रकरण में पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की जाए
बाबा न्यूज
आगरा। भारतीय हिंदू सेवा संस्था के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ थाना कमला नगर के नवनियुक्त थाना प्रभारी सौरभ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए पूरे प्रकरण की जानकारी बिंदुवार थाना प्रभारी के सामने रखी।
मनोज अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ बिना किसी ठोस साक्ष्य और गवाह के आधार पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन मामलों की निष्पक्षता और सत्यता के साथ जांच की जाए तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि पहले पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी और उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

मनोज अग्रवाल ने अपनी हिस्ट्रीशीट खोले जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज तक उनके खिलाफ लूट, डकैती, हत्या, दुष्कर्म या छिनैती जैसे गंभीर अपराधों का कोई मामला दर्ज नहीं है। ऐसे में किस आधार पर उनकी हिस्ट्रीशीट खोली गई, यह जांच का विषय है। उन्होंने आशंका जताई कि वह राजनीतिक साजिश और षड्यंत्र का शिकार हुए हैं।

इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में एलईडी चोरी के आरोपों से जुड़े विवाद को उठाते हुए एक पार्षद पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संबंधित पार्षद के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। आरोप है कि क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने और लोगों के बीच विवाद कराने की कोशिश की जाती है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने और नियमानुसार हिस्ट्रीशीट खोलने की मांग की।

मनोज अग्रवाल ने कहा कि उन्हें नवनियुक्त थाना प्रभारी से न्याय की पूरी उम्मीद है। निष्पक्ष जांच होने से सच्चाई सामने आएगी और क्षेत्र की सम्मानित जनता को न्याय मिल सकेगा।

इस दौरान हिंदूवादी नेता गोपाल सिंह चाहर, मुन्ना मिश्रा, सुनील कुमार एडवोकेट, दर्शना सिंह एडवोकेट, खुशबू सिंह, अनीश गुप्ता, प्रतीक जैन, सतीश भारद्वाज, प्रिया राय, गौरव पोद्दार एडवोकेट, कायम सिंह, विवेक पिप्पल और बॉबी यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *