जीवन में बड़े सपने देखने के लिए लक्ष्य निर्धारित करें



डीईआई में वित्तीय एवं पूंजी बाजार: युवाओं के लिए अवसर, चुनौतियां और सीख विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान
बाबा न्यूज
आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीम्ड विश्वविद्यालय), आगरा के वाणिज्य संकाय द्वारा आज वित्तीय एवं पूंजी बाजार: युवाओं के लिए अवसर, चुनौतियां और सीख विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अश्वनी भाटिया उपस्थित रहे, जो भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के पूर्व पूर्णकालिक सदस्य, भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक,बैंक के निदेशक तथा निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के चेयरपर्सन हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में वाणिज्य संकाय के डीन प्रो. प्रमोद कुमार ने मुख्य अतिथि अश्वनी भाटिया का स्वागत किया तथा उनके अनुभवों एवं उपलब्धियों का परिचय दिया।
अपने व्याख्यान में श्री भाटिया ने वित्तीय एवं पूंजी बाजार के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इक्विटी, म्यूचुअल फंड एवं डेरिवेटिव्स जैसे महत्वपूर्ण वित्तीय साधनों को वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय बाजारों की कार्यप्रणाली, निवेश के अवसरों तथा इन क्षेत्रों में उपलब्ध करियर संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े सपने देखने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि युवाओं को अपने ज्ञान, कौशल एवं व्यावहारिक समझ को विकसित करते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए।
कार्यक्रम को सफलता पूर्वक सम्पन्न करने मे प्रो.सी.पटवर्धन डायरेक्टर, डीईआई एवं प्रो.संजीव स्वामी, रजिस्ट्रार डीईआई का अभूतपूर्व सहयोग रहा कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. निधि शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य संकाय के सभी शिक्षकगण, शोधार्थी,विधार्थी एवं अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रो.स्वामी प्रसाद सक्सेना ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

