भव्य फूल बंगले में विराजे संकट मोचन हनुमान जी, भक्तों ने लगाए जयकारे
संगीतमय सुंदरकांड और भजन संध्या में उमड़े श्रद्धालु
स्वर्गीय सुरेंद्र भारद्वाज जी का जन्मदिन भी श्रद्धापूर्वक मनाया
बाबा न्यूज
आगरा। माल रोड स्थित श्री संकट मोचन दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ हनुमान जी का भव्य श्रृंगार एवं फूल बंगला सजाया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों से सजे बाबा के दरबार में विराजमान वीर बजरंगबली के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। श्रद्धालुओं ने वीर बजरंगबली के जयकारे लगाते हुए बाबा के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायक रजत श्मशाबादी एवं बलवीर सिंह ने अपनी मधुर वाणी से हनुमान जी के भजनों की ऐसी रसधारा प्रवाहित की कि पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का एक विशेष भावनात्मक पक्ष स्वर्गीय गुरुजी सुरेंद्र भारद्वाज जी की स्मृति से जुड़ा रहा। भक्तों ने उनका जन्मदिन श्रद्धापूर्वक मनाते हुए बाबा के चरणों में प्रार्थना की। अंत में आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर महंत योगेश भारद्वाज, समाजसेवी श्याम भोजवानी, अमित कपूर, माधव भारद्वाज, गोपाल शुक्ला, अजय सिसोदिया, पंकज भाई, टीकम सिंह, मनोज गुप्ता,दीपक अमुलानी, रंजीत सिसोदिया, संजय कोहली, भोला सहित समस्त बाबा के भक्त मौजूद रहे।

