Breaking News
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत:इटावा में रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा, कपड़े और छाते से हुई पहचान

इटावा में शनिवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसा नगला विशुन गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। दोपहर करीब 3 बजे परिजन मौके पर पहुंचे और कपड़ों व साथ मिले छाते के आधार पर शव की पहचान जगसौरा निवासी कमलेश कुमार पुत्र ब्रजवासी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला जसवंतनगर थाना क्षेत्र का है। सुबह घर से निकले थे कमलेश परिजनों के मुताबिक, कमलेश शनिवार सुबह करीब 8 बजे घर से निकले थे। इसके बाद वह नगला विशुन गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में जानकारी मिलने पर परिजन वहां पहुंचे। कपड़ों और साथ मिले छाते से उन्होंने कमलेश की पहचान की। कमलेश अविवाहित थे और मेहनत-मजदूरी करके परिवार के सहयोग में हाथ बंटाते थे। उनके भाई दिनेश ने बताया कि कुछ समय से कमलेश की तबीयत भी खराब चल रही थी। कमलेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनकी मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *