Breaking News
लखनऊ में नीट छात्रवृत्ति परीक्षा संपन्न:वफ़ा अब्बास की पहल, जरूरतमंद मेधावियों को मिलेगी मुफ्त कोचिंग

लखनऊ में नीट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अम्बर फाउंडेशन की ओर से संचालित छात्रवृत्ति योजना के तहत रविवार को दूसरे सत्र की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। फाउंडेशन के चेयरमैन वफ़ा अब्बास की पहल पर शुरू की गई इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को नीट की तैयारी के लिए छात्रवृत्ति देने की प्रक्रिया चल रही है। चयनित विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति के साथ कोचिंग, विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और मेंटरशिप उपलब्ध कराई जाएगी। चयन के लिए अभ्यर्थियों के परीक्षा प्रदर्शन के साथ उनकी शैक्षणिक क्षमता और आर्थिक स्थिति को भी आधार बनाया जा रहा है। परीक्षा के दूसरे सत्र के संपन्न होने के बाद अब अभ्यर्थियों को परिणाम और चयन प्रक्रिया का इंतजार है। चयनित विद्यार्थियों की आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फाउंडेशन के अनुसार योजना का उद्देश्य आर्थिक कारणों से नीट की तैयारी में कठिनाई का सामना कर रहे मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराना है।

बिजली फाल्ट पर केस्को MD का निरीक्षण:बारिश में गिरे पोल और ट्रांसफार्मर को तेजी से ठीक करने के निर्देश, बोलीं- टीम 24 घंटे एक्टिव रहे

कानपुर में गुरुवार से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक जारी रही। तेज हवाओं और बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में बिजली के फाल्ट हुए। जगह-जगह पोल और बिजली लाइनों को भी नुकसान पहुंचा। केस्को के मुताबिक, शनिवार तक बारिश और तेज हवा के कारण 8 बिजली के पोल गिर गए। इसके अलावा 20 से ज्यादा एचटी और एलटी पोल बदलवाए गए। रविवार को केस्को एमडी नेहा जैन ने खलासी लाइन स्थित ट्रांसफार्मर मरम्मत केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश के कारण हुए बिजली फाल्ट की स्थिति और मरम्मत कार्यों की जानकारी ली। 24 घंटे एक्टिव रहेगी टीम
एमडी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बारिश से हुए सभी फाल्ट को समय से ठीक कराया जाए। फाल्ट की सूचना मिलते ही कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचें और मरम्मत का काम तेजी से पूरा करें। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को बहाल करने के लिए टीमें 24 घंटे एक्टिव रहें। उपकरणों की कमी से नहीं रुकेगी सप्लाई
नेहा जैन ने कहा कि जहां भी पोल, लाइन या अन्य उपकरणों की जरूरत हो, वहां जल्द से जल्द व्यवस्था कर समस्या का समाधान कराया जाए। उन्होंने उपकरण भंडार का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि किसी भी उपकरण की कमी के कारण बिजली सप्लाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी
एमडी ने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली मरम्मत के दौरान सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता न किया जाए। निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए ही मरम्मत कार्य कराया जाए।

नाव से गिरा 40 वर्षीय व्यक्ति:गोमती में 30 घंटे बाद भी नहीं मिला शव; SDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

अयोध्या के बाबा बाजार थाना क्षेत्र के मीरमऊ घाट निवासी 40 वर्षीय शिव कैलाश निषाद शनिवार सुबह गोमती नदी में डूब गए। हादसे के करीब 30 घंटे बाद भी उनका शव नहीं मिल सका है। परिजनों के मुताबिक, शिव कैलाश को दौरे पड़ने की शिकायत थी। शनिवार 26 सितंबर की सुबह वे नाव पर बैठकर दातुन कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से नदी में गिर गए। सूचना मिलते ही एसडीएम रुदौली विनोद कुमार गुप्ता और सीओ अरविंद सोनकर मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों ने तलाश की, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद SDRF टीम को बुलाया गया। मीरमऊ घाट से सुल्तानपुर तक तलाश शनिवार दोपहर से SDRF और स्थानीय पुलिस लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। थानाध्यक्ष बाबा बाजार शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि मीरमऊ घाट से लेकर सुल्तानपुर के सीताकुंड तक नदी में तलाश की जा रही है। तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। पुलिस ने ग्रामीणों को संपर्क नंबर दिए हैं। नदी में शव या कोई संदिग्ध चीज दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई है। स्थानीय ग्रामीण भी नावों के जरिए अपने स्तर पर तलाश कर रहे हैं। घाट पर इंतजार कर रहा परिवार शिव कैलाश के नदी में डूबने के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन घाट पर बैठकर शव मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। SDRF का सर्च ऑपरेशन शव मिलने तक जारी रहेगा।

पानी भरे गड्ढे में डूबने से 2 बच्चों की मौत:फर्रुखाबाद में ईंट-भट्ठे के गड्ढे में नहाते समय हुआ हादसा, ग्रामीणों ने शव निकाला

फर्रुखाबाद में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। रविवार को दोनों अपने अन्य साथियों के साथ घूमने गए थे। यहां बारिश के कारण ईंट-भट्ठे के गड्ढों में काफी पानी भरा था। बच्चे पेड़ पर चढ़कर पानी में कूदकर नहा रहे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी की तरफ चले गए और डूबने लगे। डूबता देखकर साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीण आवाज सुनकर आसपास के मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पानी में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजन तत्काल CHC लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना कायमगंज थाना क्षेत्र की है। अब जानिए पूरा मामला रहमत खां गांव में विनोद सक्सेना और राजपाल यादव अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविवार को विनोद सक्सेना का 12 वर्षीय बेटा सूरज और राजपाल यादव का 10 वर्षीय बेटा मोनू अन्य बच्चों के साथ कलाखेल स्थित पचपुखरा के पास ईंट-भट्ठे के गड्ढों में भरे पानी में नहाने गए थे। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूरज और मोनू अपने अन्य साथियों के साथ पचपुखरा के पास पहुंचे थे। यहां बारिश के कारण ईंट-भट्ठे के गड्ढों में काफी पानी भरा था। बच्चे पेड़ पर चढ़कर पानी में कूदकर नहा रहे थे। इसी दौरान सूरज और मोनू गहरे पानी की तरफ चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देखकर उनके साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। अस्पताल में सूरज को मृत घोषित किया बच्चों के शोर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पानी में उतरकर सूरज को बाहर निकाल लिया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजन सूरज को तत्काल 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर विपिन कुमार ने जांच के बाद सूरज को मृत घोषित कर दिया। इधर, मोनू का कोई पता नहीं चल सका। काफी तलाश के बाद भी उसका शव नहीं मिलने पर प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक वर्मा, तहसीलदार अरविंद कुमार, सीओ अभय वर्मा और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में मोनू की तलाश के लिए शमशाबाद से गोताखोरों को बुलाया गया। कई घंटे तलाश के बाद दूसरा शव मिला गोताखोरों ने पानी से भरे गड्ढे में कई घंटे तक तलाश की। काफी प्रयास के बाद मोनू का शव पानी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मोनू तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। वहीं, सूरज की मौत की खबर से उसके परिवार में भी मातम छा गया। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के बाद ईंट-भट्ठे के गड्ढों में पानी भर गया था। बच्चे इसी पानी में नहाने के लिए पहुंचे थे। गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए। हादसे के बाद गांव में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत:इटावा में रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा, कपड़े और छाते से हुई पहचान

इटावा में शनिवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसा नगला विशुन गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। दोपहर करीब 3 बजे परिजन मौके पर पहुंचे और कपड़ों व साथ मिले छाते के आधार पर शव की पहचान जगसौरा निवासी कमलेश कुमार पुत्र ब्रजवासी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला जसवंतनगर थाना क्षेत्र का है। सुबह घर से निकले थे कमलेश परिजनों के मुताबिक, कमलेश शनिवार सुबह करीब 8 बजे घर से निकले थे। इसके बाद वह नगला विशुन गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में जानकारी मिलने पर परिजन वहां पहुंचे। कपड़ों और साथ मिले छाते से उन्होंने कमलेश की पहचान की। कमलेश अविवाहित थे और मेहनत-मजदूरी करके परिवार के सहयोग में हाथ बंटाते थे। उनके भाई दिनेश ने बताया कि कुछ समय से कमलेश की तबीयत भी खराब चल रही थी। कमलेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनकी मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

AIMIM नेता बोले- भाजपा को हराने गठबंधन को तैयार:सेक्युलर दलों से गठबंधन को करेंगे, यासर शाह पर साधा निशाना; बोले- मजहब से विश्वासघात

बहराइच में एआईएमआईएम नेता शौकत अली ने शनिवार शाम हजरत सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए उनकी पार्टी सभी सेक्युलर दलों से गठबंधन को तैयार है। अली ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में मुसलमानों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा है। इस दौरान उन्होंने सपा के पूर्व मंत्री यासर शाह पर भी निशाना साधा। अली ने कहा कि इस्लाम में दोहरी भूमिका नहीं होनी चाहिए। उनके मुताबिक, मुस्लिम का तिलक लगाकर मंदिर जाना या भंडारे में शामिल होना मजहब से विश्वासघात है। दरअसल, दो दिन पहले यासर शाह काजीपुरा के लालेश्वर नाथ मंदिर में गणेश प्रतिमा के दर्शन करने गए थे। उन्होंने गले में हनुमान जी का गमछा डाला और भंडारे में भी शामिल हुए थे।

गोरखपुर में ऑनलाइन डिलीवरी ठप्प:तेज बारिश से ब्लिंकिट, जोमैटो और जेप्टो ऐप पर दिखा ‘डिलिवरी अनअवैलेबल’

गोरखपुर में भारी बारिश की वजह से इंस्टैंट होम डिलीवरी पूरी तरह ठप हो गई है। जोमैटो, ब्लिंकिट और जेप्टो जैसे प्लेफॉर्म पर ‘डिलिवरी अनअवैलेबल’ शो कर रहा है। एप्स की ओर से यूजर्स को कुछ समय बाद खाना या सामान ऑर्डर करने के निर्देश आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान डिलीवरी नहीं हो सकती है कुछ समय बाद ऑर्डर करें। जिससे लोगों को काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि जैसे ही बारिश रुकेगी, फिर डिलीवरी शुरू हो जाएगी। सड़कों पर पानी भरने से कंपनियों ने रोकी सर्विस
लोगों का कहना है कि अचानक शुरू हुई मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई प्रमुख रास्तों और गलियों में पानी भर गया। सड़कों पर दृश्यता कम होने और जलभराव के बीच गाड़ियों का निकलना मुश्किल हो गया। इसी सुरक्षा वजह से डिलीवरी कंपनियों ने अस्थाई तौर पर अपने ऑपरेशन्स बंद कर दिए। 10 से 15 मिनट में घर सामान पहुंचाने का दावा करने वाले क्विक-कॉमर्स ऐप्स अचानक ठप्प पड़ गए। जो लोग बारिश के दौरान घर बैठे सामान मंगवाने की उम्मीद लगाए थे, उन्हें सबसे ज्यादा झटका लगा। ऑर्डर के लिए खोला एप, नहीं हुई डिलीवरी राजेंद्र नगर की रहने वाली अनीता ने बताया कि बारिश की वजह से बाहर नहीं जा सकती थी। इसलिए सोचा कि ब्लिंकिट कुछ जरुरी सब्जियां और सामान ऑर्डर कर लूं। लेकिन एप खोलते ही उसपर दिखा कि भारी बारिश की वजह से डिलीवरी पार्टनर मौजूद नहीं है, इसलिए डिलीवरी नहीं हो सकती। बाद में ट्राई करें। उन्होंने बताया कि उसके बाद जेप्टो से भी ऑर्डर करने का प्रयास किया गया लेकिन वहां भी यही स्थिति थी। रुस्तमपुर की रहने वाली सोनी ने बताया कि मैं रूम लेकर घर से बाहर अकेली रहती हूं। कई दिन से बहुत तेज बारिश हो रही है, इसलिए बाहर नहीं निकल प् रही। धीरे- धीरे अधिकतर सामान खत्म हो गया। आज सोची कि खाना बनाउंगी नहीं ऑर्डर ही कर लेती हूं। जिसके लिए मैंने जोमैटो खोला तो उसपर सीधे लिखा था कि बारिश की वजह से इस समय डिलीवरी नहीं हो पाएगी। बिलंदपुर में रहने वाली निधि ने बताया कि मैं ज्यादातर सामान ब्लिंकिट और जेप्टो से ही ऑर्डर करती हूं। इसलिए आज भी शाम को करने लगी। सबसे पहले जेप्टो खोला तो उसपर ऑर्डर शेड्यूल करने का ऑप्शन था। वहीं ब्लिंकिट पर सीधे लिखा था कि अभी डिलीवरी नहीं हो सकती है। गोरखनाथ के रहने वाले आशुतोष ने बताया कि शाम की क्रेविंग मिटाने के लिए मैंने जोमैटो से खाना ऑर्डर करना चाहा था। लेकिन उस पर डिलीवरी अनवैलेबल शो कर रहा था। मैंने दूसरे प्लेटफॉर्म्स भी ट्राई किए, वहां भी यही हाल था।

शामली में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा:कुपोषित बच्चों की पहचान में लापरवाही पर डीएम नाराज, बोले- स्वास्थ्य सेवाओं में कोताही बर्दाश्त नहीं

शामली में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी आलोक यादव ने शनिवार शाम जिला स्वास्थ्य समिति और संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम की बैठक की। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। डीएम ने टीकाकरण में लापरवाही और कुपोषित बच्चों की पहचान कम होने पर नाराजगी जताते हुए पात्र लाभार्थियों को समय से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया। यू-विन पोर्टल के आंकड़ों की समीक्षा में कुछ एएनएम द्वारा निर्धारित सेशन आयोजित नहीं किए जाने और बच्चों को तय समय पर टीके नहीं लगने की जानकारी सामने आई। डीएम ने कार्ययोजना बनाकर टीकाकरण की उपलब्धि शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। 1 अक्टूबर से संचारी रोग अभियान, सफाई पर जोर डीएम ने एक अक्टूबर से शुरू होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई, तालाबों और जलभराव वाले स्थानों की सफाई के साथ छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों को सफाई और संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी इंतजाम करने को कहा गया।
कैराना में 436 बच्चों की स्क्रीनिंग डीएम ने जिला अस्पताल के एनआरसी में अधिक से अधिक कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर भर्ती कराने और उनका उपचार व पोषण संबंधी देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। कैराना अर्बन क्षेत्र में 436 बच्चों की स्क्रीनिंग की जानकारी दी गई। ई-कवच पोर्टल की समीक्षा में बच्चों की लंबाई से जुड़ी प्रविष्टियों में विसंगतियां मिलने पर डाटा का दोबारा परीक्षण कर सुधार करने के निर्देश दिए गए। सीएचओ की ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा बैठक और वीडियो कॉल के जरिए उनकी उपस्थिति व कार्यों की निगरानी करने को कहा गया। जननी सुरक्षा का लंबित भुगतान जल्द कराने के निर्देश जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में डीएम ने लाभार्थियों को शत-प्रतिशत और समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। कैराना के बीपीएम को लंबित भुगतान तत्काल कराने के निर्देश दिए गए। सभी चिकित्सा इकाइयों में बैंक मित्र की व्यवस्था कराने और जिला कार्यक्रम प्रबंधक को एलडीएम से समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा गया। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में लंबित जांच भी जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए। इसके बाद हुई जिला पोषण समिति की बैठक में अति कुपोषित बच्चों की कम पहचान पर डीएम ने नाराजगी जताई और समय से चिन्हांकन, उपचार व पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

इंदिरा नगर से निकली गणपति विसर्जन यात्रा:गोमती घाट पर बप्पा को दी गई विदाई

लखनऊ में इंदिरा नगर के समर एन्क्लेव स्थित बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन क्लब के तत्वावधान में भव्य गणपति विसर्जन यात्रा निकाली गई। आदर्श व्यापारी एसोसिएशन (इंदिरा नगर) की महिला इकाई सचिव एवं हेल्थ कोच शशि गिरि के संयोजन में आयोजित यह यात्रा समर एन्क्लेव से प्रारंभ होकर गोमती तट स्थित खाटू श्याम धाम के निकट घाट पहुंची। तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। ढोल-नगाड़ों व भक्ति गीतों की धुन पर एक-दूसरे को गुलाल लगाते और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते हुए भक्त घाट पर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के बाद भावपूर्ण वातावरण में भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इंदिरा नगर अध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि घनघोर बारिश भी भक्तों की आस्था को डिगा नहीं सकी। इस अवसर पर इंदिरा नगर इकाई के संरक्षक एडवोकेट प्रीतम गुप्ता, सुगामऊ इकाई के संरक्षक डॉ. अमित कुमार, विशिष्ट सदस्य एवं हेल्थ कोच केतन गिरी और शशि गिरि सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

वाराणसी SAI NCOE के कमलजीत को एशियन गेम्स में स्वर्ण:10 मीटर एयर पिस्टल के मिश्रित डबल में मिली उपलब्धि, स्टेडियम में खुशी की लहर

हरियाणा के रहने वाले और वाराणसी में चार महीना पहले सिगरा स्टेडियम में शुरू हुए SAI NCOE सेंटर के शूटर कमलजीत ने 20 वें एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता है। कमलजीत की इस उपलब्धि के बाद से SAI सेंटर में जश्न का माहौल है। कमलजीत और उनकी सह खिलाड़ी सुरुचि इंदर सिंह ने 484.6 अंक पाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। 20वें एशियाई खेल 2026, आइची-नागोया, जापान में चल रहे हैं। जहां भारत के शूटरों ने भारत को दूसरी स्वर्णिम सफलता दिलाई है। 7 जुलाई को हुआ था वाराणसी के लिए चयन सिगरा SAI NCOE के डिप्टी डायरेक्टर शुभांशु द्विवेदी ने बताया – भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कमलजीत ने महिला शूटर सुरूची इंदर सिंह के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए 484.6 अंकों के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक प्राप्त किया। भारतीय टीम ने कोरिया गणराज्य और ईरान की टीमों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
कमलजीत 10 मीटर एयर पिस्टल सीनियर पुरुष वर्ग के खिलाड़ी हैं । और उन्हें 7 जुलाई 2026 को भारतीय खेल प्राधिकरण, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, (SAI NCOE) सिगरा में शामिल किया गया था। जूनियर प्रतिस्पर्धा में जीत चुके हैं पदक शुभांशु ने बताया – कमलजीत कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इनमें 2025 की अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ विश्व चैंपियनशिप भी है। जिसमें उन्होंने रजत पदक जीता। प्रथम अंतरराष्ट्रीय जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2023 तथा चीन के हांगझोऊ में 18 से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ विश्व कप में भी हिस्सा लिया था। अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे कमलजीत शुभांशु ने बताया – कमलजीत के वाराणसी लौटने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से अन्य खिलाड़ियों में भी जोश की लहर है और अन्य खिलाड़ी बॉक्सिंग, कुश्ती, फेंसिंग ये सभी अलग जोश में नजर आ रहे हैं। ये उपलब्धि वाराणसी SAI NCOE के लिए मील का पत्थर साबित होगी।