Breaking News
लखनऊ के माधव मंदिर में जगन्नाथ स्नान पूर्णिमा:भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलदेव का महाभिषेक किया गया

राजधानी लखनऊ के डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर में सोमवार को भगवान श्री जगन्नाथ की स्नान पूर्णिमा श्रद्धा और वैदिक परंपराओं के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा और बलदेव का विधि-विधान से महाभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। मंदिर के पुजारी लालता प्रसाद और योगेश ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का सुगंधित जल, पुष्प और पवित्र द्रव्यों से अभिषेक कराया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। 16 जुलाई को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जायेगी मंदिर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि स्नान पूर्णिमा का आयोजन हर वर्ष पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ किया जाता है। यह पर्व आगामी 16 जुलाई को निकलने वाली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा से 15 दिन पहले मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, स्नान पूर्णिमा के महाभिषेक के बाद भगवान श्री जगन्नाथ अस्वस्थ हो जाते हैं। इस अवधि में वे अगले 15 दिनों तक भक्तों को दर्शन नहीं देते। इस दौरान भगवान को औषधीय गुणों से युक्त काढ़ा और विशेष भोग अर्पित किया जाता है। स्वस्थ होने पर भगवान भव्य रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकलते हैं और अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष बिहारी लाल साहू, कंचन साहू, कविता, रवीना, ममता और अनुराग साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *