Breaking News
बलरामपुर में 12 साल से फरार गैर-जमानती वारंटी गिरफ्तार:2014 के अपहरण मामले में पुलिस को मिली सफलता

बलरामपुर पुलिस ने 12 साल से फरार चल रहे एक गैर-जमानती वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वर्ष 2014 के अपहरण मामले में वांछित आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट और उद्घोषणा जारी थी। लंबे समय से फरार आरोपी को लगातार सुरागरसी के बाद पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली जरवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 12 वर्षों से फरार चल रहे गैर-जमानती वारंटी (एनबीडब्ल्यू) चन्दर पुत्र द्वारिका को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी चन्दर, थाना कोतवाली जरवा क्षेत्र के ग्राम रामपुर त्रिलोकपुर का निवासी है। उसके खिलाफ वर्ष 2014 में भारतीय दंड संहिता की धारा 363 और 366 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया गया था। इसके अलावा उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 82 के तहत उद्घोषणा भी जारी की गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली जरवा पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। लगातार सुरागरसी और अथक प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *