Breaking News
तालाब में उतराता मिला मजदूर का शव:रात को खेत गया था, सुबह ग्रामीणों ने पानी में उतराती देखी बॉडी

कौशांबी में घर से शौच के लिए निकले 40 साल के मजदूर का शव बुधवार सुबह गांव के तालाब में उतराता मिला। रामराज मंगलवार रात करीब 10 बजे घर से खेत की ओर गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने तालाब में शव देखा तो परिवार को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला थाना क्षेत्र के बारी का बाग गांव का है। रातभर तलाश करते रहे परिजन बारी का बाग गांव निवासी रामराज (40), पुत्र स्वर्गीय रामनाथ, मंगलवार रात करीब 10 बजे शौच के लिए घर से खेत की ओर निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पत्नी शकुंतला देवी और परिवार के अन्य लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। रातभर गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने गांव के तालाब में उनका शव उतराता देखा। इसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर चलाते थे परिवार रामराज ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। इसी से वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी शकुंतला देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कौशांबी थाना प्रभारी ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *