Breaking News
26 कसौटियों पर परखी गई स्कूलों की व्यवस्था:APS पार्थ सारथी ने नामांकन, शिक्षक-छात्र उपस्थिति, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय और मिड-डे मील की स्थिति जांची

प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में चल रही शिक्षा और पोषण योजनाओं की रफ्तार अब 26 कसौटियों पर परखी जा रही है। गुरुवार को अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में समग्र शिक्षा, पीएम श्री, पीएम पोषण और निपुण भारत मिशन की प्रगति जांची। अधिकांश जिलों में योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप मिली, जबकि जहां कमियां सामने आईं, वहां अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए। समीक्षा में बच्चों के सीखने के स्तर, नामांकन, शिक्षक और छात्र उपस्थिति से लेकर स्कूलों में डिजिटल संसाधनों, पुस्तकालय, खेल सामग्री और पोषण व्यवस्था तक का आकलन किया गया। सभी जिलों को 26 बिंदुओं पर अपनी प्रगति का आकलन कर ठोस कार्ययोजना और अनुपालन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। निपुण लक्ष्य से लेकर डिजिटल पढ़ाई तक की जांच बैठक में निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों के सीखने का स्तर, निपुण लक्ष्य हासिल करने और निपुण तालिका के इस्तेमाल की समीक्षा हुई। इसके अलावा यू-डायस के आंकड़े अपडेट करने, होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड, बाल वाटिका और शुरुआती बाल शिक्षा की स्थिति भी जांची गई। स्कूलों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल उपकरणों के संचालन, पीएम कंपोजिट विद्यालयों की प्रगति और प्रेरणा मॉड्यूल के इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। मिड-डे मील, रसोइयों का मानदेय और डीबीटी भी जांचा पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, भोजन की लागत, कन्वर्जन कास्ट, रसोइयों के मानदेय और विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से होने वाले भुगतान की समीक्षा की गई। पूरक पोषण व्यवस्था को भी जांच के दायरे में रखा गया। इसके अलावा पुस्तकालयों के नियमित उपयोग, बच्चों को पुस्तकों के वितरण, खेल सामग्री और पढ़ने की आदत विकसित करने के प्रयासों का आकलन किया गया। आरटीई के तहत प्रतिपूर्ति और अभिभावकों को डीबीटी के जरिए मिलने वाली धनराशि की स्थिति भी देखी गई। केजीबीवी में नामांकन और छात्राओं की उपस्थिति पर जोर बैठक में शिक्षकों के प्रशिक्षण, कौशल विकास, शिक्षण में नवाचार और शिक्षक-छात्र उपस्थिति की समीक्षा की गई। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं के नामांकन, उपस्थिति, स्टाफ चयन और पढ़ाई की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। उत्कृष्ट केजीबीवी के संचालन की स्थिति भी जांची गई। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि स्कूलों में योजनाओं का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षिक माहौल और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं देना है। इसके लिए योजनाओं की नियमित समीक्षा और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करना जरूरी है। 30 नवंबर को फिर होगी समीक्षा महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी अधिकारियों को 30 नवंबर तक समीक्षा के सभी बिंदुओं पर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति, शिक्षण की गुणवत्ता और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल विभाग की प्राथमिकता है। 30 नवंबर को वह खुद दोबारा इन सभी बिंदुओं की समीक्षा करेंगी। बैठक में समग्र शिक्षा के एएसपीडी प्रेम रंजन सिंह, बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी, एससीईआरटी निदेशक गणेश कुमार, एपीडी राजेंद्र प्रसाद सहित मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *