मथुरा में कंस के पुतले को लाठियों से पीटा:साढ़े 18 हाथ ऊँचे पुतले को सड़कों पर घसीटा, भगवान कृष्ण बलराम की निकली सवारी
भगवान श्री कृष्ण की नगरी मथुरा में गुरुवार को कंस वध मेला का आयोजन किया गया। अन्याय पर न्याय के प्रतीक इस महोत्सव में कंस के साढ़े 18 फीट ऊंचे पुतले को लाठियों से पीटा और फिर सड़क पर घसीटा गया। कहा जाता है द्वापर में भगवान श्री कृष्ण और उनके भाई बलराम ने कंस का कार्तिक शुक्ल पक्ष दशमी को ही वध किया था। तभी से मथुरा में कंस वध मेला का आयोजन किया जाता है। चतुर्वेदी समाज के लोगों ने चलाई लाठी गुरुवार को चतुर्वेदी समाज के लोग रंगेश्वर क्षेत्र स्थित कंस टीला पर एकत्रित हुए। यहां टीला के पीछे जैसे ही भगवान कृष्ण और बलराम जी के स्वरूपों ने इशारा किया वैसे ही चतुर्वेदी समाज के लोगों ने लाठियों से पुतले को पीटना शुरू कर दिया। साढ़े 18 फीट ऊंचे पुतले पर बुजुर्ग,बच्चे सभी ने लाठियां चलाई। कहा जाता है भगवान श्री कृष्ण और उनके भाई बलराम जी ने जब कंस का वध किया था उस समय उनके साथ ब्रजवासी मौजूद थे। तभी से यह परंपरा चली आ रही है। कोई सर तो कोई धड़ लेकर दौड़ा कंस टीला पर पुतले पर बरसी लाठियों से पुतला छलनी हो गया। इसके बाद पुतले के बचे हिस्से को चतुर्वेदी समाज के युवाओं ने सड़क पर गिरा दिया। यहां उस पुतले को सड़क पर घसीटा गया। इस दौरान कोई पुतला का सर तो कोई पुतला का धड़ लेकर इधर से उधर दौड़ता रहा। पुतला पूरी तरह छलनी नहीं हो गया तब तक उसे घसीटा जाता रहा। निकाली गई शोभायात्रा कंस वध के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कंस किला से शुरू हुई शोभायात्रा में आधा दर्जन से ज्यादा एक से एक आकर्षक झांकियां शामिल हुई। वहीं अन्तपाडा मोहल्ले से भगवान श्री कृष्ण और बलराम के स्वरूप हाथी पर विराजमान होकर निकले। इस दौरान चतुर्वेदी समाज के लोगों ने परंपरागत गीतों का गायन किया। जिसमें सबसे प्रसिद्ध चौबे जी आये खाट का पाया लाये,मार मार लट्ठन झुर कर आए गाया गया।

