Breaking News
मिनी कुंभ ककोड़ा मेले की तैयारियां परखने उतरे अफसर:कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने किया ककोड़ा मेले का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं के दिए कड़े निर्देश

रुहेलखंड के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) के भव्य और सुरक्षित आयोजन को लेकर प्रशासन व पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बुधवार को कमिश्नर बरेली मंडल शंभु कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र मुनिराज जी, जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने मेला स्थल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूरे मेला परिसर, गंगा घाटों, प्रमुख आवागमन मार्गों और पार्किंग स्थलों पर पहुंचकर जमीनी हकीकत परखी और अधीनस्थ अधिकारियों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश दिए। चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी निरीक्षण के दौरान डीआईजी मुनिराज जी ने सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील पॉइंट्स पर विशेष सतर्कता बरती जाए। पूरे मेले की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा, साथ ही नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा। गंगा घाटों पर किसी भी अनहोनी से बचने के लिए गोताखोरों की तैनाती, मजबूत बैरिकेडिंग और अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम रखने के आदेश दिए गए हैं। मूलभूत सुविधाओं और ट्रैफिक प्लान को समय से पूरा करने पर जोर अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाए रखने की बात कही, ताकि जाम की स्थिति न बने। इसके अलावा मेला परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर और संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा गया है। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद इस संयुक्त निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मानवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर साईं अश्रित शाखमुरी, क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पाण्डेय, मेला प्रभारी तथा संबंधित थाना प्रभारियों सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *