Breaking News
तालाब में उतराता मिला मजदूर का शव:रात को खेत गया था, सुबह ग्रामीणों ने पानी में उतराती देखी बॉडी

कौशांबी में घर से शौच के लिए निकले 40 साल के मजदूर का शव बुधवार सुबह गांव के तालाब में उतराता मिला। रामराज मंगलवार रात करीब 10 बजे घर से खेत की ओर गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने तालाब में शव देखा तो परिवार को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला थाना क्षेत्र के बारी का बाग गांव का है। रातभर तलाश करते रहे परिजन बारी का बाग गांव निवासी रामराज (40), पुत्र स्वर्गीय रामनाथ, मंगलवार रात करीब 10 बजे शौच के लिए घर से खेत की ओर निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पत्नी शकुंतला देवी और परिवार के अन्य लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। रातभर गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने गांव के तालाब में उनका शव उतराता देखा। इसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर चलाते थे परिवार रामराज ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। इसी से वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी शकुंतला देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कौशांबी थाना प्रभारी ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

संजय निषाद ने आरक्षण की मांग पर हाईवे जाम किया:महराजगंज में कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे; कहा- मांगें पूरी होने तक सड़क से नहीं हटेंगे

महराजगंज। मछुआ समाज को अनुसूचित जाति (SC) का आरक्षण देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने बुधवार शाम पांच बजे गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। फरेंदा तहसील क्षेत्र के उदितपुर स्थित अभिनव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन और पदयात्रा के बाद संजय निषाद कार्यकर्ताओं के साथ हाईवे पर पहुंच गए। यहां उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग की दोनों लेन पर आवागमन रोककर धरना शुरू कर दिया। दरअसल, अभिनव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में निषाद पार्टी की ओर से संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया था। इसमें मछुआ समाज के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, सम्मानजनक प्रतिनिधित्व और अनुसूचित जाति का आरक्षण देने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और मछुआ समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद संजय निषाद अपने समर्थकों के साथ गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए। यहां उन्होंने दोनों लेन पर जाम लगाकर सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। अचानक हाईवे पर आवागमन बाधित होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। संजय निषाद का कहना है कि मछुआ समाज लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण की मांग कर रहा है। समाज को उसका अधिकार और सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करती, तब तक वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर धरने पर बैठे रहेंगे। कैबिनेट मंत्री के हाईवे पर धरने से प्रशासन के सामने भी स्थिति संभालने की चुनौती खड़ी हो गई है।

दहेज हत्या के दोषी को उम्रकैद की सजा:बुलंदशहर कोर्ट ने 20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया

बुलंदशहर में बुधवार शाम 5 बजे कोर्ट ने दहेज हत्या के मामले में दोषी पति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही उस पर 20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। अतिरिक्त दहेज के लिए करता था प्रताड़ित यह मामला वर्ष 2020 का है। हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर मौड़ी गांव निवासी शमीम पुत्र रहीम ने अपनी बेटी की शादी बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र के समकोला गांव निवासी फरमान पुत्र नजमुद्दीन से की थी। आरोप था कि शादी के कुछ समय बाद ही फरमान अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर पत्नी को प्रताड़ित करने लगा। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर विवाहिता की हत्या कर दी। 18 अगस्त 2020 को दर्ज हुआ था मुकदमा मृतका के पिता की शिकायत पर 18 अगस्त 2020 को गुलावठी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच पूरी कर 7 नवंबर 2020 को न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया था। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हुई प्रभावी पैरवी पुलिस महानिदेशक की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत इस मामले को चिह्नित किया गया था। बुलंदशहर पुलिस के मॉनीटरिंग सेल ने अभियोजन पक्ष के साथ मिलकर अदालत में साक्ष्य प्रस्तुत किए और प्रभावी पैरवी की। मामले की सुनवाई करते हुए बुधवार शाम 5 बजे अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे-08) आजाद सिंह की अदालत ने फरमान को दोषी करार दिया। अदालत ने उसे आजीवन कारावास और 20 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई। पुलिस और अभियोजन टीम की रही अहम भूमिका मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से अधिवक्ता केशव देव शर्मा ने पैरवी की। वहीं, मॉनीटरिंग सेल के प्रभारी निरीक्षक पंकज राय, पैरोकार हेड कांस्टेबल उमेश कुमार और कोर्ट मुहर्रिर हेड कांस्टेबल सत्यनारायण मिश्रा की भूमिका भी अहम रही। पुलिस ने इस फैसले को महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए कड़ा संदेश बताया है।

सफाई कर्मचारियों ने कंपनियों पर सुविधाएं रोकने का आरोप लगाया:सहारनपुर में संघ ने DM के नाम ADM को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की

सहारनपुर नगर निगम में सफाई का ठेका लेने वाली दो निजी कंपनियों पर कर्मचारियों को तय सुविधाएं नहीं देने का आरोप लगा है। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय संयुक्त सफाई कर्मचारी संघ ने बुधवार दोपहर 2 बजे डीएम के नाम एडीएम ई लवी त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। संघ ने कर्मचारियों की समस्याएं दूर करने की मांग की। ज्ञापन के मुताबिक, 19 जून 2026 को नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक में प्रस्ताव संख्या 88 सर्वसम्मति से पास हुआ था। इसमें कर्मचारियों को महीने में चार दिन की छुट्टी और 5 लाख रुपये का जीवन बीमा देने की बात थी। संघ का आरोप है कि दोनों कंपनियां इन सुविधाओं का लाभ देने से इनकार कर रही हैं। संघ ने कहा कि सफाई का काम आकस्मिक सेवाओं में आता है। वीआईपी ड्यूटी और विशेष परिस्थितियों में कर्मचारियों को लगातार 12 से 14 घंटे काम करना पड़ता है। ऐसे में बायोमैट्रिक हाजिरी की अनिवार्यता पर पुनर्विचार करने की मांग की गई है। ज्ञापन में एक निजी कंपनी पर कर्मचारियों को हर महीने सिर्फ 7 हजार रुपये वेतन देने का आरोप भी लगाया गया है। संघ ने कहा कि शासनादेश से कम वेतन देना नियमों का उल्लंघन है। कर्मचारियों को तय न्यूनतम वेतन और अन्य देय सुविधाएं मिलनी चाहिए। ज्ञापन में मुख्यमंत्री की ओर से 2 सितंबर 2026 को आउटसोर्स सेवा निगम के गठन और लोकार्पण का भी जिक्र है। संघ का आरोप है कि इस व्यवस्था में भर्ती के दौरान विधवा और असहाय लोगों को प्राथमिकता देने का प्रावधान है, लेकिन सहारनपुर में भर्ती के समय इसका पालन नहीं हुआ। संघ ने डीएम से सभी बिंदुओं की जांच कराने, कर्मचारियों को उनका अधिकार दिलाने और निजी कंपनियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश महामंत्री नरेश ढिलौर, जिलाध्यक्ष अविनाश बिरला, जिला महामंत्री आशु बिरला सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश महामंत्री नरेश ढिलौर, जिलाध्यक्ष अविनाश बिरला, जिला महामंत्री आशु बिरला सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

मिनी कुंभ ककोड़ा मेले की तैयारियां परखने उतरे अफसर:कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने किया ककोड़ा मेले का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं के दिए कड़े निर्देश

रुहेलखंड के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) के भव्य और सुरक्षित आयोजन को लेकर प्रशासन व पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बुधवार को कमिश्नर बरेली मंडल शंभु कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र मुनिराज जी, जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने मेला स्थल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूरे मेला परिसर, गंगा घाटों, प्रमुख आवागमन मार्गों और पार्किंग स्थलों पर पहुंचकर जमीनी हकीकत परखी और अधीनस्थ अधिकारियों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश दिए। चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी निरीक्षण के दौरान डीआईजी मुनिराज जी ने सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील पॉइंट्स पर विशेष सतर्कता बरती जाए। पूरे मेले की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा, साथ ही नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा। गंगा घाटों पर किसी भी अनहोनी से बचने के लिए गोताखोरों की तैनाती, मजबूत बैरिकेडिंग और अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम रखने के आदेश दिए गए हैं। मूलभूत सुविधाओं और ट्रैफिक प्लान को समय से पूरा करने पर जोर अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाए रखने की बात कही, ताकि जाम की स्थिति न बने। इसके अलावा मेला परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर और संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा गया है। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद इस संयुक्त निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मानवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर साईं अश्रित शाखमुरी, क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पाण्डेय, मेला प्रभारी तथा संबंधित थाना प्रभारियों सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।