कार्यकारिणी समिति की बैठक में कार्यकाल पूरा करने वाले छह सदस्यों को दी भावभीनी विदाई

विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा

बाबा न्यूज 

आगरा। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के 18वें अधिवेशन की बैठक में नगर विकास, सफाई व्यवस्था और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान कार्यकाल पूरा करने वाले आधा दर्जन सदस्यों को माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने की।
बैठक में सदस्यों द्वारा कुल चार प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिनमें से दो प्रस्तावों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित समिति को भेज दिया गया, जबकि एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को सदन में पारित करते हुए तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए।एक अन्य प्रस्ताव में निर्माण विभाग को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
कार्यकारिणी सदस्य राकेश जैन द्वारा प्रत्येक वार्ड में दस-दस सफाई कर्मियों की तैनाती का प्रस्ताव रखा गया।यह प्रस्ताव सदन से पारित हो चुका था।इस पर महापौर ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को निर्देशित किया कि सभी वार्डों में अविलंब सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
बैठक में सदस्य गौरव शर्मा ने सेक्टर-14 से सेक्टर-15 की ओर जाने वाले नाले की ऊंचाई में अंतर के कारण सेक्टर-15 क्षेत्र में नाले के बैक मारने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि नाले का स्तर ऊंचा होने के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है और क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर महापौर ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त सूरसदन चौराहे पर लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने तथा लोहा मंडी जोनल कार्यालय की ओर से परशुराम चौक जाने वाले मार्ग पर महाराजा अग्रसेन प्रवेश द्वार निर्माण के प्रस्तावों को विचारार्थ समिति को भेज दिया गया।
बैठक के दौरान सदस्यों ने एमएनटी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी द्वारा डीजल पर्ची काटे जाने पर आपत्ति जताई तथा विभिन्न विभागों को भेजे जाने वाले प्रस्तावों का समयबद्ध अनुपालन न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई। इस पर अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी बृजेश सिंह, लेखाधिकारी विपिन कुमार यादव, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इन सदस्यों को दी गई विदाई

कार्यकाल पूर्ण होने पर उपसभापति अमित पटेल, आशिष सिंह, गौरव शर्मा, मीनाक्षी वर्मा, बंटी माहौर तथा मुरारीलाल अग्रवाल को विदाई दी गई। हालांकि मुरारीलाल अग्रवाल बैठक में उपस्थित नहीं थे। महापौर एवं अन्य सदस्यों ने सभी निवर्तमान सदस्यों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *