Breaking News
जलभराव से जुड़े काम 10 दिन में होंगे पूरे:बारिश में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम का एक्शन प्लान

आगरा में बरसात के मौसम में शहर को जलभराव से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने 10 दिनों का विशेष एक्शन प्लान तैयार किया है। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी जोनल अधिकारियों, सहायक अभियंताओं, जूनियर इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जलभराव से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं का भी तत्काल समाधान किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में ये लिया निर्णय
बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले 10 दिनों तक शहर में जलभराव से जुड़े छोटे निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसी क्षेत्र में मैनहोल का ढक्कन लगाना हो, जलभराव की समस्या दूर करनी हो, छोटी पुलिया या नाली का निर्माण कराना हो अथवा किसी नाली को सीवर लाइन से जोड़ना हो, तो सफाई एवं खाद्य निरीक्षक (एसएफआई) सीधे संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) को सूचना देंगे। सूचना प्राप्त होने के बाद संबंधित जेई को 24 घंटे के भीतर कार्य प्रारंभ कराना होगा तथा उसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करना होगा। एसएफआई को दिए निर्देश
इस दौरान एसएफआई को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी प्रमुख और छोटे नालों का पुनः निरीक्षण करें। नालों की टेल-एंड तक झाड़-झंखाड़, सिल्ट और कचरे की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि वर्षा के दौरान पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि निरीक्षण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए। व्यवस्था को और सख्त बनाते हुए अगले 10 दिनों तक प्रतिदिन शाम को निर्माण एवं सफाई कार्यों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन बैठकों में प्रत्येक जोन के कार्यों की दैनिक समीक्षा की जाएगी, लंबित मामलों पर जवाबदेही तय होगी तथा जिन क्षेत्रों में कार्यों की गति धीमी होगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। बैठक में रात्रिकालीन तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यदि रात में बारिश होती है तो जलभराव की स्थिति से तुरंत निपटने के लिए पंप संचालन हेतु अलग से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। संबंधित टीमें रात में ही पंप संचालित कर जल निकासी सुनिश्चित करें, जिससे सुबह लोगों को सड़कों पर जलभराव का सामना न करना पड़े और यातायात सामान्य बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *