Breaking News
संजय निषाद ने आरक्षण की मांग पर हाईवे जाम किया:महराजगंज में कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे; कहा- मांगें पूरी होने तक सड़क से नहीं हटेंगे

महराजगंज। मछुआ समाज को अनुसूचित जाति (SC) का आरक्षण देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने बुधवार शाम पांच बजे गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। फरेंदा तहसील क्षेत्र के उदितपुर स्थित अभिनव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन और पदयात्रा के बाद संजय निषाद कार्यकर्ताओं के साथ हाईवे पर पहुंच गए। यहां उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग की दोनों लेन पर आवागमन रोककर धरना शुरू कर दिया। दरअसल, अभिनव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में निषाद पार्टी की ओर से संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया था। इसमें मछुआ समाज के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, सम्मानजनक प्रतिनिधित्व और अनुसूचित जाति का आरक्षण देने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और मछुआ समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद संजय निषाद अपने समर्थकों के साथ गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए। यहां उन्होंने दोनों लेन पर जाम लगाकर सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। अचानक हाईवे पर आवागमन बाधित होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। संजय निषाद का कहना है कि मछुआ समाज लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण की मांग कर रहा है। समाज को उसका अधिकार और सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करती, तब तक वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर धरने पर बैठे रहेंगे। कैबिनेट मंत्री के हाईवे पर धरने से प्रशासन के सामने भी स्थिति संभालने की चुनौती खड़ी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *